July 30, 2026

NEET-JEE 2027 का शेड्यूल कब आएगा, NTA एग्जाम कैलेंडर इस साल भी नहीं होगा जारी?

NEET विवाद के बाद धर्मेंद्र प्रधान को केंद्रीय शिक्षा मंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा है. तो वहीं सरकार ने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) के सभी 47 अधिकारियों को पद से हटा दिया है. इसके साथ ही एंट्रेंस एग्जाम सिस्टम में बदलाव के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 6 सदस्यीय टॉस्क फोर्स का गठन किया है. कुल जमा इन बदलावों को अहम माना जा रहा है. हालांकि इन बदलावों की वजह से कुछ परेशानियां भी खड़े करते हुए दिख रहे हैं. माना जा रहा है कि इन बदलावों की वजह से NTA एग्जाम कैलेंडर 2027 पर संकट आ गया है. मसलन, इस साल भी NTA एग्जाम कैलेंडर जारी करने से चूक सकता है या संभावित तौर पर बहुत देरी हो सकती है.

आइए, पूरा मामला विस्तार से जानते हैं. जानते हैं कि NTA एग्जाम कैलेंडर कब जारी होता है. इसके मायने क्या हैं? जानते हैं कि NTA एग्जाम कैलेंडर 2027 को क्यों अहम माना जा रहा था.

3 साल बाद एग्जाम कैलेंडर जारी करने की थी तैयारी

NTA देश में एडमिशन के लिए होने वाली कई एंट्रेंस एग्जाम का आयोजन करता है. इसमें JEE मेन, CUET UG, CUET PG, NEET UG, UGC NET समेत कुल 19 एंट्रेंस एग्जाम शामिल हैं. मसलन, NTA की तरफ से प्रत्येक साल आयोजित होने वाले एंट्रेंस एग्जाम में लगभग 2 करोड़ स्टूडेंट्स शामिल होते हैं. NTA के गठन के बाद से प्रत्येक एकेडमिक सेशन के लिए प्रस्तावित एंट्रेंस एग्जाम कैलेंडर सितंबर में जारी करता था. NTA की तरफ से आखिरी एग्जाम कैलेंडर साल 2023 में जारी किया गया था. साल 2023 में एंट्रेंस एग्जाम 2024 का शेड्यूल जारी किया था, लेकिन उसके बाद से NTA की तरफ से कैलेंडर जारी नहीं किया. हालांकि 2026 में NTA की तरफ से एग्जाम कैलेंडर 2027 जारी करने की कवायद थी. असल में जुलाई 2026 में NTA का एग्जाम सेशन खत्म हो रहा है. इसके बाद अगले सेशन में होने वाले एग्जाम के लिए कैलेंडर जारी करने के लिए अगस्त में बैठक प्रस्तावित थी.

NTA में अधिकारी ही नहीं… कैसे जारी होगा कैलेंडर

NEET विवाद के NTA में बदलाव की कवायद शुरू हुई है, जिसके तहत सभी 47 अधिकारियों को पद से हटा दिया गया है. हालांकि NTA चैयरमैन अभी पद पर बने हुए हैं. तो वहीं कई पदों पर भर्ती प्रक्रिया प्रस्तावित है. इन भर्तियों को करने में समय लगना तय है.ऐसे चिंता ये ही है कि जब NTA में अधिकारी ही नहीं हैं तो कौन बैठक करेगा और कैसे NTA एग्जाम कैलेंडर 2027 जारी होगा.

क्यों अहम माना जा रहा था NTA एग्जाम कैलेंडर 2027

NTA एग्जाम कैलेंडर 2027 को अहम माना जा रहा था. माना जा रहा था कि समय से नीट यूजी, जेईई मेन का शेड्यूल जारी होने से कैंडिडेट्स को राहत मिलेगी. तो वहीं दूसरी बड़ी वजह नीट यूजी 2027 का CBT मोड में होना है. असल में शिक्षा मंत्रालय पूर्व में नीट यूजी 2027 का आयोजन CBT मोड में कराने की घोषणा कर चुका है, जिसके तहत 5 से 6 दिन तक नीट यूजी का आयोजन प्रस्तावित है. वहीं जेईई मेन और सीयूईटी यूजी का आयोजन भी इसी तरह कई दिनों तक होता है. ऐसे में समय पर शेड्यूल जारी होने से कैंडिडेट्स को तैयारी की रणनीति बनाने का मौका मिलता.

मनोज भट्ट

मनोज भट्ट

पत्रकारिता में एक दशक से अध‍िक समय से सक्रिय. नवोदय टाइम्स, दैनिक जागरण, हिंदुस्तान में लंबे समय तक फील्ड रिपोर्टिंग. कई मुद्दों व खबरों को लीड किया, जो चर्चा में रही. अभी तक पंचायत, कृषि, प्राथमिक से लेकर उच्च शिक्षा, राजनीति, पर्यावरण, स्वास्थ्य, चुनाव, बिजनेस से जुड़े विषयों पर काम किया है और इनमें लेखन की दिलचस्पी है.

Read More

google button