September 21, 2026

‘अब तो ख्वाबों में आना छोड़ो...तेरे बाद भी बर्बाद हैं’: गोपालगंज NEET छात्रा की 3-4 डायरियां मिलीं, लिखा-मां-बाप को छोड़कर किसी पर भरोसा मत करना - Gopalganj News

‘मां-बाप को छोड़कर किसी पर भरोसा नहीं करना है। दुनिया बहुत जालिम होती है, कोई अपना नहीं होता है। भगवान मुझे शक्ति देना, मैं इस जालिम दुनिया के बीच न फंसूं।’

.

छात्रा ने एक अन्य जगह लिखा- ‘किसी को अपने से ज्यादा इंपॉर्टेंट मत समझो... किसी को वैल्यू मत दो, अपनी वैल्यू खुद किया करो।’

गोपालगंज में NEET छात्रा उजाला की मौत के बाद उसके कमरे से 3-4 डायरियां मिली हैं, जिसमें ये बातें लिखीं गईं हैं। इनमें से 2-3 में मानसिक परेशानी, अकेलेपन, रिश्तों और परिवार को लेकर छात्रा ने अपनी फीलिंग्स शेयर की हैं।

दरअसल, गोपालगंज में NEET की तैयारी कर रही एक छात्रा की लाश रविवार की रात उसके कमरे में मिली है। वो किराए के कमरे में रहकर पढ़ाई कर रही थी। लाश बेड पर पड़ी थी और फर्श पर खून बिखरा था। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में बताया गया है कि लड़की पीरियड्स में थी, फर्श पर बिखरा खून उसी का है।

वहीं, आस-पड़ोस के लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, उजाला के दो बॉयफ्रेंड थे। दोनों अक्सर उसके कमरे में आया करते थे।

अफेयर में सुसाइड का शक है, हालांकि पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। छात्रा के मोबाइल का सीडीआर (कॉल डिटेल रिकॉर्ड) निकलवाया जा रहा है। साथ ही घटना से पहले उसके संपर्क में रहे लोगों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।

घटना नगर थाना क्षेत्र स्थित श्याम सिनेमा रोड इलाके की है। फिलहाल, पुलिस उन लड़कों की भी तलाश कर रही है जिसके बारे में पड़ोसियों ने बताया है।

पहली डायरी- मॉर्निंग डायरी में खुद को करती है मोटिवेट

बरामद डायरियों में एक जगह छात्रा ने अपने दिन की शुरुआत के लिए खुद को समझाने की कोशिश की है। उसने लिखा- ‘मॉर्निंग डायरी... पूरा दिन जो भी करूंगी अच्छा करूंगी और अपनी पढ़ाई के बारे में सोचूंगी। मेरा सारा टाइम मेरे खुद के लिए होगा।’

इसके आगे वह खुद को किसी व्यक्ति को जरूरत से ज्यादा महत्व नहीं देने की बात समझाती है। डायरी में लिखा है- ‘मत समझो किसी को अपने से ज्यादा इंपॉर्टेंट।’

इसी हिस्से में छात्रा ने रिश्तों को लेकर अपनी सोच और अनुभव भी लिखे हैं। उसने समय के साथ लोगों और परिस्थितियों के बदलने की बात कही है। डायरी में परिवार से दूर रहने और उस दौरान खुद के अंदर चल रही भावनाओं का भी जिक्र है।

‘आई लव यू मां... मां को हमेशा खुश रखना’

डायरी के एक हिस्से में छात्रा ने अपनी मां के लिए भी इमोश्नल बातें लिखी हैं। इसमें ‘आई लव यू मां’ लिखने के साथ मां को हमेशा खुश रखने की बात कही गई है।

इसी क्रम में वह लिखती है कि उसे यह महसूस हुआ कि मां-बाप को छोड़कर किसी पर भरोसा नहीं करना चाहिए। डायरी में लिखा है- ‘दुनिया बहुत जालिम होती है, कोई अपना नहीं होता है।’

आगे वह भगवान से खुद को इस स्थिति से बचाने की प्रार्थना करती है। इन बातों से छात्रा के मन में चल रहे तनाव और भावनात्मक उथल-पुथल का संकेत मिलता है। हालांकि, पुलिस के लिए यह अभी जांच का विषय है कि डायरी में लिखी बातें किन परिस्थितियों और किन लोगों से जुड़ी थीं।

दूसरी डायरी में रिश्ते से जुड़ी भावनाएं- ‘अब कौन से हम साथ हैं...’

दूसरी डायरी में छात्रा ने रिश्तों और अपनों से दूर होने के एहसास को लेकर कई बातें लिखी हैं। इसमें उसने बदलते वक्त के साथ रिश्तों में आए बदलाव का जिक्र किया है। एक जगह लिखा है- “वक्त कब बदलता है, पता ही नहीं चलता।”

आगे उसने लिखा कि पहले उसे लगता था कि घरवालों से दूर रहना ज्यादा अच्छा लगता है, लेकिन जब वह उनसे दूर रहने लगी तो उसे अपनी भावनाओं और परिवार की अहमियत का एहसास हुआ। डायरी में उसने लिखा- “कहने के लिए तो अपने होते हैं, टाइम के साथ सब बदल जाते हैं।”

इसी डायरी के दूसरे हिस्से में किसी व्यक्ति या रिश्ते से जुड़ी भावनात्मक बातें लिखी गई हैं। छात्रा ने लिखा- “अब तो ख्वाबों में आना छोड़ दो... अब कौन से हम साथ हैं। तेरे साथ भी दर्दनाक थे, तेरे बाद भी बर्बाद हैं।”

हालांकि डायरी में इस व्यक्ति का नाम या इन पंक्तियों को लिखने की परिस्थितियां अभी स्पष्ट नहीं हैं।

घटना से जुड़ी तस्वीरें...

नीट की तैयारी कर रही छात्रा की लाश बेड पर पड़ी थी।

नीट की तैयारी कर रही छात्रा की लाश बेड पर पड़ी थी।

मौके पर पहुंच पुलिस की टीम ने जांच की और सबूत इकट्ठा किए।

मौके पर पहुंच पुलिस की टीम ने जांच की और सबूत इकट्ठा किए।

अब सिलसिलेवार तरीके से जानिए पूरी कहानी…

जमीन पर गिरा था खून, कमरा बिखरा पड़ा

दैनिक भास्कर की टीम घटना के जिला मुख्यालय से 30KM दूर घटनास्थल पर पहुंची। इस दौरान हमारी टीम सबसे पहले सीढ़ियों से चढ़ते हुए छात्रा के कमरे में पहुंची, जहां उसका शव बरामद किया गया था।

दरवाजा से अंदर घुसते ही सबसे पहले उसका बेड दिखा। वहीं पर छात्रा की बॉडी पड़ी थी। उजाला का कमरा बहुत छोटा था, शुरू होते ही खत्म हो जा रहा था। बिस्तर के बगल में एक टेबर रखा था, जिसपर 3-4 डायरियां मिली हैं। उसमें वो अपने फीलिंग्स को लिखती थी।

कमरे की हालत बहुत ही खराब थी। छात्रा का सारा सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था। वहीं पंखे से एक दुपट्टा लटक रहा था। वहीं, जमीन पर बहुत ही ज्यादा खून गिरा पड़ा था। दैनिक भास्कर ने इस मामले को लेकर FSL टीम से ऑफ द कैमरा में बात की, जहां उन्होंने कहा कमरे में मिला खून छात्रा का ही है।

जांच के दौरान शरीर पर बाहरी चोट या संघर्ष के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। शरीर से ब्लिडिंग को लेकर भी मेडिकल जांच कराई जा रही है। हालांकि, ये खून पीरियड्स का है। पुलिस ने मौके से मिले सभी साक्ष्यों को जांच में शामिल किया है।

बेटी की मौत से दुखी मां का रो-रोकर बुरा हाल।

बेटी की मौत से दुखी मां का रो-रोकर बुरा हाल।

मेरी बेटी कमरे से कभी नहीं निकलती थी, कुछ लड़के कर रहे थे परेशान

इसके बाद टीम ने उजाला की मां से बातचीत की। मां ने बताया, “हमारी बेटी करीब डेढ़ साल से यहां रहकर पढ़ाई कर रही थी। वह नीट की तैयारी कर रही थी। उसका सपना डॉक्टर बनने का था। हम महीने में दो-चार बार यहां आते थे और उसके लिए जरूरत का सामान देकर जाते थे। बेटी कमरे से बहुत कम निकलती थी। वह मार्केट भी खुद नहीं जाती थी।

सुबह करीब 7 बजे हमने बेटी को फोन किया था। उसने फोन उठाया और बताया कि वह पढ़कर अभी उठी है। इसके बाद हमने दिन में खाना खाने को लेकर फोन किया था। बाद में करीब 8 बजे मकान मालिक ने हमें फोन कर बताया कि हमारी बेटी ने सुसाइड कर लिया है, लेकिन हमें यह बात बिल्कुल समझ में नहीं आ रही है। जब सुबह उससे बात हुई थी तो वो परेशान तो नहीं लग रही थी फिर वो क्यों ऐसा करेगी?

हमारी बेटी ऐसी नहीं थी। हम उसे अच्छी तरह जानते हैं। हमने हमेशा उससे कहा था कि बेटी, कमरा छोड़कर कहीं मत जाना। अगर कोई तुमसे जलता है तो तुम अपने कमरे में रहकर पढ़ाई करो। हमें लगता था कि उसकी पढ़ाई देखकर आस-पड़ोस के लोग उससे जलते थे।

हमारे बड़े बेटे को आसपास रहने वाली लड़कियों से कुछ बातें पता चलीं थीं। एक बार किसी लड़की ने हमारे बेटे को फोन करके कहा- आपकी बहन के कमरे में एक लड़का आया है। हमारे बेटे ने इस बारे में जो जानकारी जुटाई है, उससे पता चला कि उजाला को कुछ लड़के परेशान करते हैं।

नितेश नाम का एक लड़का भी हमारी बेटी को बार-बार फोन करता था। बेटी ने उसका नंबर ब्लैकलिस्ट में डाल दिया था। हमें इस बात की भी जानकारी है। करीब 15 दिन पहले भी उससे जुड़ी कुछ बातें सामने आई थीं।

उजाला तीन भाइयों की इकलौती बहन थी। घर वालों का कहना है कि वो बचपन से डॉक्टर बनना चाहती थी। उजाला पिछले करीब एक साल से श्याम सिनेमा रोड स्थित कौशल किशोर श्रीवास्तव के मकान में किराए पर रहकर ऑनलाइन नीट की तैयारी कर रही थी।

रविवार की रात उजाला के कमरे के आस-पास के रहने वाली लड़कियों ने देखा कि उसके कमरे का दरवाजा बंद नहीं है। लड़कियों ने कमरे के अंदर झांककर देखा तो सन्न रह गईं।

उजाला कमरे में पंखे फंदे पर लटकी हुई थी। इसकी जानकारी तुरंत मकान मालिक को दी गई। मकान मालिक ने पुलिस के साथ ही उजाला के घर वालों को फोन किया था।

घटना की सूचना पर पहुंचे अधिकारी।

घटना की सूचना पर पहुंचे अधिकारी।

भाई ने शव फंदे से उतरा

कुछ देर बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कमरे में जाने से सबको मना कर दिया। इस बीच उजाला के घर वाले भी वहां पहुंच गए।

बताया जाता है कि पुलिस लोगों को समझा रही थी, इसी बीच उजाला के भाई का कमरे में गया और उसने अपनी बहन की लाश को पंखे से उतारकर बेड पर रख दिया।

मामले में मृतका के भाई ने आरोप लगाया है कि दो लड़के उसकी बहन को लगातार परेशान करते थे। पुलिस इस आरोप की भी जांच कर रही है।

वहीं, सदर एसडीपीओ कृपालचंद्र जायसवाल के अनुसार, पहली नजर में मामला आत्महत्या का लग रहा है। उन्होंने कहा कि पोस्टमॉर्टम और एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के बारे में पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

आसपास रहने वालों से पूछताछ, आखिरी बार कौन मिला था इसकी जांच

पुलिस ने छात्रा के आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ की है। जांच में यह भी देखा जा रहा है कि घटना से पहले कमरे में किसी व्यक्ति के आने-जाने की जानकारी किसी को थी या नहीं।

छात्रा पिछले करीब एक साल से किराए के कमरे में रहकर ऑनलाइन NEET की तैयारी कर रही थी। ऐसे में पुलिस उसके पढ़ाई से जुड़े संपर्कों और परिचितों से जुड़े पहलुओं को भी जांच में शामिल कर रही है।

आखिरी बार कमरे में कौन आया, इसकी जांच

घटना से पहले छात्रा से मिलने या उसके कमरे में आने वाला आखिरी व्यक्ति कौन था, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है।

आसपास के लोगों से पूछताछ की गई है। छात्रा कमरे में रहकर ही ऑनलाइन क्लास करती थी, इसलिए उसके साथ पढ़ने वाले छात्रों से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

सदर एसडीपीओ कृपालचंद्र जायसवाल ने बताया कि नगर थाना क्षेत्र के श्याम सिनेमा रोड स्थित किराए के मकान में रहकर नीट की तैयारी कर रही छात्रा का शव बरामद किया गया है। शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया है।

उन्होंने कहा, पहली नजर में मामला आत्महत्या का लग रहा है। पोस्टमॉर्टम और एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के बारे में पूरी जानकारी मिल पाएगी।