October 17, 2026

विकास के लिए संवाद जरूरी,विवाद से काम रुकता है:राजेश वर्मा: सांसद ने NDA प्रत्याशी डॉ.एनके यादव के पक्ष में की प्रेसवार्ता - Khagaria News

खगड़िया के सांसद राजेश वर्मा ने कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से एनडीए प्रत्याशी डॉ. एनके यादव के समर्थन में शनिवार को एक निजी होटल में प्रेसवार्ता की। उन्होंने स्नातक मतदाताओं से एनडीए प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने की अपील की।

.

सांसद ने कहा कि क्षेत्र का विकास चाहते हैं तो ऐसे व्यक्ति को चुनना चाहिए, जो लोगों से संवाद करे। विवाद की राजनीति से विकास के काम बाधित होते हैं।

राजेश वर्मा ने कहा कि केंद्र और बिहार, दोनों जगह एनडीए की सरकार है। ऐसे में एनडीए प्रत्याशी के विधान परिषद पहुंचने से क्षेत्र की समस्याओं के समाधान और विकास कार्यों को गति देने में सहूलियत होगी। उन्होंने विपक्ष पर विरोध की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए मतदाताओं से विकास के मुद्दे पर निर्णय लेने की अपील की।

14 जिलों में विकास के लिए बनेगा संगठनात्मक ढांचा

सांसद ने कहा कि कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का विस्तार 14 जिलों तक है। विधान परिषद सदस्य के पास विकास के लिए सीमित निधि होती है, लेकिन लोगों से नियमित संपर्क और संवाद बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने कहा कि सभी 14 जिलों में संगठनात्मक ढांचा तैयार कर सामूहिक रूप से विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।

राजेश वर्मा ने कहा कि डॉ. एनके यादव लंबे समय से इस क्षेत्र से जुड़े रहे हैं। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में बिहार में हो रहे विकास कार्यों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि एनडीए प्रत्याशी की जीत से जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा और जनसमस्याओं के समाधान का रास्ता मजबूत होगा।

उन्होंने कहा कि पहले क्षेत्र के छह विधायकों में से पांच विपक्ष के थे, जिससे एनडीए के जनप्रतिनिधियों के बीच समन्वय बनाने में कठिनाइयां आती थीं। अब सभी छह विधायक और सांसद एनडीए से हैं।

ऐसे में सभी जनप्रतिनिधि मिलकर अगले छह वर्षों में क्षेत्र की विकास संबंधी कमियों को दूर करने का प्रयास करेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र के विकास में वह खुद भी सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

विद्यालयों में बेंच-डेस्क की कमी दूर करने का आश्वासन

प्रेसवार्ता के दौरान सांसद ने विद्यालयों में बेंच-डेस्क की कमी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि कई विद्यालयों में विद्यार्थियों की संख्या पर्याप्त है, लेकिन बैठने के लिए जरूरी सुविधाओं का अभाव है। इस समस्या को दूर करने के लिए निजी प्रयासों और कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के माध्यम से विद्यालयों को बेंच-डेस्क उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि बेंच-डेस्क की कमी के कारण विद्यार्थियों को परेशानी नहीं होनी चाहिए। शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सरकार के साथ जनप्रतिनिधियों को भी सामूहिक प्रयास करना चाहिए।

प्रेसवार्ता में एनडीए के कई नेता रहे मौजूद

इस दौरान विधायक बबलू मंडल, विधायक बाबूलाल, भाजपा जिलाध्यक्ष शत्रुघ्न भगत, लोजपा (रामविलास) के जिलाध्यक्ष मनीष कुमार, जदयू जिलाध्यक्ष अनुराधा कुमारी और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) के जिलाध्यक्ष एवं सांसद प्रतिनिधि डॉ. पवन जायसवाल सहित एनडीए के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

सभी ने स्नातक मतदाताओं से एनडीए प्रत्याशी डॉ. एनके यादव के पक्ष में मतदान करने की अपील की।