
दिल्ली-NCR में मंगलवार को लगातार दूसरे दिन तेज बारिश का दौर जारी है। राजधानी दिल्ली के कई प्रमुख इलाकों में भारी जलभराव के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। AIIMS फ्लाईओवर, कनॉट प्लेस, ITO और आरके पुरम समेत कई क्षेत्रों में तीन से चार फीट तक पानी भर गया। सड़कों पर पानी जमा होने से वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई और कई जगह लंबा ट्रैफिक जाम देखने को मिला।दिल्ली और गुरुग्राम को जोड़ने वाले NH-48 पर महिपालपुर के पास भी भारी जाम की स्थिति बनी हुई है। बारिश और जलभराव के कारण वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दिल्ली एयरपोर्ट की ओर जाने वाले यात्रियों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए उन्हें यात्रा से पहले अपनी फ्लाइट की स्थिति जांचने और अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलने की सलाह दी है।
सोमवार को खराब मौसम और बारिश का असर हवाई यातायात पर भी पड़ा था। करीब 390 फ्लाइट्स देरी से संचालित हुईं, जबकि 15 उड़ानों को दूसरे एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट करना पड़ा। इसके अलावा 26 फ्लाइट्स कैंसिल की गईं। मंगलवार को भी मौसम की स्थिति को देखते हुए यात्रियों को एयरपोर्ट पहुंचने से पहले उड़ान की जानकारी लेने की सलाह दी गई है।गुरुग्राम में भी बारिश के कारण हालात गंभीर बने हुए हैं। शहर के कई इलाकों में करीब तीन फीट तक पानी भर गया। सोमवार को कई स्कूल बसें जलभराव में फंस गई थीं। स्थिति को देखते हुए मंगलवार को सरकारी दफ्तरों और स्कूलों में वर्क फ्रॉम होम लागू किया गया। जलभराव वाले क्षेत्रों में प्रशासन की ओर से राहत और निकासी के प्रयास किए जा रहे हैं।
उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में भी बारिश का दौर जारी है। अयोध्या समेत करीब 15 शहरों में तेज बारिश हो रही है। वाराणसी में सोमवार रात आठ बजे से बारिश लगातार जारी है। भारी बारिश को देखते हुए स्कूलों को बंद कर दिया गया है। प्रदेश में बारिश से जुड़ी अलग-अलग घटनाओं में चार लोगों की मौत की सूचना है। मथुरा में भी सड़कें और कई रिहायशी इलाके पानी में डूब गए हैं, जिससे लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।मध्य प्रदेश में भी कई जिलों में तेज बारिश हुई है। राजधानी भोपाल में बारिश के कारण यातायात प्रभावित हुआ, जबकि विदिशा के बाजार में पानी भर गया। राज्य में अब तक करीब 28.75 इंच बारिश दर्ज की जा चुकी है। कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है।
मौसम विभाग ने 27 अगस्त तक देश के 15 राज्यों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड, उत्तराखंड और केरल समेत कई राज्यों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों से जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।