Updated: Thursday, September 17, 2026, 14:47 [IST]
Hardoi Nagma Murder Case: उत्तर प्रदेश के हरदोई में एक पति पर अपनी पत्नी की सोते समय हत्या करने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने चाकू से पत्नी का गला काट दिया। वारदात के बाद उसने अपनी बहन को फोन कर घटना की जानकारी दी और फिर पुलिस के पहुंचने तक कमरे में बैठा रहा। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया है।
घटना बुधवार (16 सितंबर) तड़के करीब 3 बजे शहर कोतवाली क्षेत्र के इस्लामनगर टिलिया मोहल्ले की है। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो आरोपी कमरे में मौजूद था। उसके पास ही पत्नी का शव पड़ा था। पुलिस के अनुसार, महिला का सिर धड़ से अलग था और कमरे में खून फैला हुआ था। आइए विस्तार से जानते हैं कि 12 साल की लव मैरिज का क्यों हुआ खौफनाक अंत...

12 साल पहले रिश्ते में भतीजी से की थी शादी
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान परवेज (34) के रूप में हुई है। उसने करीब 12 साल पहले रिश्ते में अपनी भतीजी नगमा (30) से प्रेम विवाह किया था। दोनों के कोई संतान नहीं थी। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि परवेज को पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति से संबंध होने का शक था। बताया जा रहा है कि वह बाइक मैकेनिक नाजिम के साथ नगमा के संबंध होने की आशंका जताता था। इसी बात को लेकर पिछले करीब 8 महीने से दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।
पुश्तैनी मकान छोड़कर किराए के घर में रहने लगा था
परवेज पहले अपने पुश्तैनी मकान में रहता था। इस मकान में उसकी मां शहनाज, दिवंगत भाई रजी की पत्नी अल्लू और परवेज का हिस्सा था। निकाह के बाद परिवार में रहने को लेकर परेशानी होने लगी तो परवेज ने अपना हिस्सा अपनी बहन रूबिना को करीब डेढ़ लाख रुपये में बेच दिया था। इसके बाद वह पत्नी नगमा के साथ किराए के मकान में रहने लगा। उसके बगल वाले कमरे में उसकी बहन जुबीना अपने पति गुलफाम के साथ रहती है।

रात में सो रही थी नगमा, तभी कर दी हत्या
मंगलवार(15 सितंबर) रात नगमा कमरे में तख्त पर सो रही थी। पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान परवेज ने चाकू से उसका गला काट दिया। कमरे का दरवाजा बंद था। अंदर फर्राटा पंखा चल रहा था, इसलिए आसपास रहने वाले लोगों को तत्काल वारदात की जानकारी नहीं हो सकी। बुधवार (16 सितंबर) तड़के करीब साढ़े 3 बजे परवेज ने अपनी बहन जुबीना को फोन किया और पत्नी की हत्या करने की बात बताई। इसके बाद जुबीना ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस पहुंची तो कमरे में बैठा था आरोपी
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के मुताबिक, परवेज कमरे में ही बैठा मिला। पुलिस को देखते ही उसने कथित तौर पर कहा- 'सलाम साहब।' कमरे की स्थिति देखकर पुलिस ने फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हत्या में इस्तेमाल हथियार समेत अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
बहन का दावा- 'एक हफ्ते से पत्नी को पीट रहा था'
मृतका की बहन शब्बो ने बताया कि नगमा का पति पिछले करीब एक सप्ताह से उसके साथ मारपीट कर रहा था। उसने यह भी दावा किया कि परवेज नगमा को गला काटने की धमकी देता था। शब्बो के मुताबिक, आज उसने गला काटकर मार ही दिया। यह हत्या क्यों हुई, इसकी मुझे जानकारी नहीं है, क्योंकि हम लोग दूर से आए हैं। उसके बहन-बहनोई पड़ोस वाले कमरे में रहते हैं, उन्हें घटना के बारे में पता होगा।' पुलिस फिलहाल पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चल रहे विवाद, आरोपी के शक और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।