October 27, 2026

बिहार की वादियों में ‘MTV Roadies’ की शूटिंग, नेहा धूपिया से अभिषेक मल्हान तक ने की तारीफ!*

एमटीवी रोडिज़ सासाराम, रोहतास, बिहार में फ़िल्माया जा रहा है, जिसने इस क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता और ऐतिहासिक स्थलों की ओर ध्यान आकर्षित किया है। यह परियोजना राज्य के फ़िल्म प्रोत्साहन को रेखांकित करती है, जिसमें स्थानीय उत्साह और उद्योग के पेशेवर बिहार में दीर्घकालिक उत्पादन वृद्धि के अवसरों को देख रहे हैं।

By Oneindia Staff

Time Published: Tuesday, October 27, 2026, 17:01 [IST]

बिहार की ऐतिहासिक धरोहरें, खूबसूरत पहाड़ियां, झरने और प्राकृतिक वादियां अब फिल्म निर्माताओं को आकर्षित कर रही हैं। इसी कड़ी में रोहतास जिले का सासाराम इन दिनों लोकप्रिय रियलिटी शो ‘MTV Roadies’ की शूटिंग को लेकर चर्चा में है। शो के 21वें सीजन की शूटिंग के लिए नेहा धूपिया, प्रिंस नरूला और निखिल चिनापा समेत कई चर्चित हस्तियां सासाराम पहुंची हैं। इस शूटिंग से करीब 500 लोगों की टीम जुड़ी हुई है।

MTV Roadies in Sasaram Highlights Bihar Shoot

शूटिंग के लिए सासाराम के सिकरिया डैम, करमचट डैम और कैमूर की खूबसूरत पहाड़ियों को चुना गया है। इनमें सिकरिया डैम पर शूटिंग पूरी हो चुकी है। बड़े स्तर पर हो रही इस शूटिंग को लेकर स्थानीय लोगों में खासा उत्साह है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने अपने जीवन में पहली बार इस इलाके में इतने बड़े स्तर पर शूटिंग होते देखी है।

‘MTV Roadies’ की शूटिंग के दौरान फिल्म प्रोड्यूसर आशुतोष सिंह ने बिहार में फिल्म निर्माण की संभावनाओं और अपने अनुभवों को साझा किया। उन्होंने बताया कि शो की शूटिंग के लिए यहां 30 कंटेस्टेंट और 7 जज आए थे। इनमें रणविजय सिंह और नेहा धूपिया जैसे चर्चित नाम शामिल थे। यहां की खूबसूरती देखकर सभी काफी प्रभावित हुए।

आशुतोष सिंह ने कहा, "हमने सासाराम और रोहतास जिले में जीटी रोड पार किया है। इसके दक्षिण की ओर खूबसूरत पहाड़ियां हैं। ‘रोडीज’ शो के माध्यम से यहां की सुंदरता देश और दुनिया के लोगों तक पहुंचेगी। बिहार में इतनी खूबसूरत जगहें हैं, जिनकी आप कल्पना भी नहीं कर सकते। हमारी सरकार ने फिल्म प्रोत्साहन नीति बनाई है, जिसके तहत लगभग 4 करोड़ रुपये से अधिक की सब्सिडी भी मिलती है। सरकार फिल्म निर्माण को काफी प्रोत्साहित कर रही है। आज बिहार बदल चुका है। यह सम्राट चौधरी का बिहार है।"

सोशल मीडिया के जरिए देश-dunia तक पहुंच रही बिहार की खूबसूरती*

लोकप्रिय यूट्यूबर अभिषेक मल्हान भी ‘MTV Roadies’ की शूटिंग के दौरान रोहतास की प्राकृतिक सुंदरता से प्रभावित हुए। उन्होंने बिहार में शूटिंग के अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि उन्हें पहले जानकारी नहीं थी कि बिहार में इतनी खूबसूरत पहाड़ियां और ऐसे इलाके भी हैं।

अभिषेक मल्हान ने बताया, "मुझे पहले पता नहीं था कि बिहार में इतनी खूबसूरत पहाड़ियां और ऐसे इलाके भी हैं। यहां आने के बाद बहुत अच्छा लगा। यहां के लोग भी बहुत अच्छे हैं। सभी से मिलकर अच्छा लगता है। मुख्यमंत्री की ओर से भी बहुत अच्छा सहयोग मिला। पुलिस की सुरक्षा भी हर जगह अच्छी थी। जब हमने यहां की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर डाले, तो लोग पूछने लगे कि यह कौन-सी पहाड़ी है और हम कहां घूम रहे हैं। हमने बताया कि हम बिहार में घूम रहे हैं। यहां आकर बहुत अच्छा लगा। और जाहिर है, एक बिहारी सब पर भारी।" उनके अनुभव से यह भी सामने आया कि सोशल मीडिया के माध्यम से बिहार की खूबसूरत जगहों को देश-दुनिया के लोगों तक पहुंचाने में मदद मिल रही है।"

नेहा धूपिया ने की सुविधाओं और व्यवस्था की सराहना*

बॉलीवुड अभिनेत्री नेहा धूपिया ने भी शूटिंग के दौरान उपलब्ध कराई गई सुविधाओं और व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने शूटिंग के लिए सहयोग और अनुकूल माहौल उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का आभार व्यक्त किया।

नेहा धूपिया ने कहा, "यहां हमारा स्वागत किया गया, इसके लिए बहुत-बहुत धन्यवाद! किसी बेहतरीन शो के माध्यम से देश की ऐसी कई जगहों को देखने और एक्सप्लोर करने का मौका मिलता है, जिनके बारे में पहले शायद हमें पता नहीं होता। सासाराम की सुंदरता और बोधगया की खूबसूरती व खासियत देखकर मन भर गया। बोधगया एक बहुत ही आध्यात्मिक शहर है। यहां आकर इन जगहों को देखना बहुत अच्छा लगा।"

फिल्म निर्माण को बढ़ावा देने की पहल*

बिहार की ऐतिहासिक धरोहरें और प्राकृतिक सुंदरता फिल्म निर्माण के लिए नई संभावनाएं पेश कर रही हैं। रोहतास जिले में ‘MTV Roadies’ की शूटिंग से राज्य की खूबसूरत लोकेशन को व्यापक पहचान मिलने की उम्मीद है। साथ ही, स्थानीय स्तर पर इतने बड़े आयोजन से लोगों में भी उत्साह है।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार फिल्म प्रोत्साहन नीति के तहत राज्य में फिल्म निर्माण को बढ़ावा देने के प्रयास किए जा रहे हैं। फिल्म प्रोत्साहन नीति के माध्यम से निर्माताओं को प्रोत्साहित करने की पहल की जा रही है। ऐसे प्रयासों से बिहार में फिल्म शूटिंग के लिए बेहतर माहौल तैयार करने और राज्य की प्राकृतिक सुंदरता तथा ऐतिहासिक स्थलों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की संभावनाएं बढ़ रही हैं।

Kundan Singh Deputy Editor -Oneindia

Read more about: