Mrunal Thakur New Post: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का गलत इस्तेमाल दुनियाभर में चिंता का विषय बनता जा रहा है. खासकर सेलिब्रिटीज लगातार डीपफेक फोटो, मॉर्फ्ड वीडियो और उनकी पहचान के गलत इस्तेमाल का शिकार हो रहे हैं. ऐसे मामलों में कई स्टार्स कोर्ट का रुख भी कर चुके हैं. अब इस लिस्ट में एक्ट्रेस मृणाल ठाकुर का नाम भी जुड़ गया है. उन्होंने सोशल मीडिया पर डीपफेक कंटेंट बनाने और शेयर करने वालों को सख्त चेतावनी दी है.
मृणाल ठाकुर ने मंगलवार को अपने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर AI से तैयार किए जा रहे डीपफेक कंटेंट पर नाराजगी जताई. उन्होंने कहा कि इस तरह किसी की पहचान का बिना इजाजत इस्तेमाल करना गैरकानूनी और पूरी तरह अस्वीकार्य है. साथ ही, एक्ट्रेस ने लीगल एक्शन लेने की बात भी कही.
मृणाल ठाकुर को आया गुस्सा
मृणाल ठाकुर ने साफ शब्दों में कहा कि वो इस तरह की हरकत बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेंगी. उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, “मेरी पहचान का इस्तेमाल कर डीपफेक कंटेंट बनाना या शेयर करना गैरकानूनी और अस्वीकार्य है. इसे मेरी फॉर्मल चेतावनी समझें और तुरंत बंद करें. अगर आगे भी मेरी पहचान का गलत इस्तेमाल किया गया तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी.”

पहले भी उठा चुके हैं आवाज
मृणाल ठाकुर उन कई भारतीय सितारों में शामिल हैं जिन्होंने डीपफेक और AI के गलत इस्तेमाल पर आवाज उठाई है. हाल के समय में अक्षय कुमार, वरुण धवन, अनिल कपूर, शिल्पा शेट्टी, प्रीति जिंटा, कार्तिक आर्यन और सुनील शेट्टी समेत कई सितारे अपनी तस्वीरों, आवाज और पहचान के बिना इजाजत इस्तेमाल किए जाने के खिलाफ कोर्ट का रुख कर चुके हैं. AI के जरिए पहचान की चोरी को लेकर लगातार चिंताएं बढ़ रही हैं.
भारत में डीपफेक को लेकर सबसे बड़ी बहस तब छिड़ी थी, जब रश्मिका मंदाना का एक मॉर्फ्ड वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. उस समय एक्ट्रेस ने इसे बेहद डराने वाला एक्सपीरियंस बताया था. उन्होंने लोगों और संबंधित अधिकारियों से इस मुद्दे को गंभीरता से लेने और इसके खिलाफ सख्त कदम उठाने की अपील भी की थी.

सना चौधरी
सना यूपी के गाजियाबाद की रहने वाली हैं. सना ने हाईटेक इंस्टीट्यूट से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है. पढ़ाई के साथ-साथ कंटेंट ऑप्टिमाईजेशन और वीडियो एडिटिंग भी सीखा है. जिसके बाद सना ने अलग-अलग जगहों पर डिजिटल कॉन्टेंट राइटर और वीडियो एडिटर के तौर पर काम किया. इससे पहले सना Zee मीडिया में बतौर वीडियो और कंटेंट एडिटर काम कर चुकी हैं. उन्होंने जी न्यूज में सोशल मीडिया पेज मैनेज किया है. Zee के बाद सना ने टीवी9 भारतवर्ष की वेबसाइट TV9hindi.com में बतौर ट्रेनी ज्वाइन किया. सना को न्यूज़ एंकरिंग का भी शौक है.
Read More