मध्यप्रदेश में मानसून फिर सक्रिय हो गया है। रविवार को धार और बड़वानी में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जहां अति भारी बारिश के साथ तेज हवाएं और वज्रपात की चेतावनी है। इंदौर, अलीराजपुर, झाबुआ समेत 7 जिलों में भी भारी बारिश की संभावना है।
आज बारिश से बचकर! धार-बड़वानी में ऑरेंज अलर्ट
- Published: 13 Sep 2026, 09:06 AM IST
- Last Updated: 13 Sep 2026, 09:06 AM IST
भोपाल: मध्यप्रदेश में एक बार फिर मानसून सक्रिय हो गया है। शनिवार को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश के बाद आज रविवार (13 सितंबर) को भी कई जिलों में तेज बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने धार और बड़वानी में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन दोनों जिलों में अति भारी बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है।
भोपाल स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, धार और बड़वानी में 115.6 से 204.4 मिमी तक बारिश हो सकती है। इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने का अनुमान है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।
इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने इंदौर, अलीराजपुर, आगर-मालवा, झाबुआ, खंडवा, देवास और बुरहानपुर में भारी बारिश की संभावना जताई है। इन जिलों में कहीं-कहीं तेज बारिश हो सकती है।
वहीं भोपाल, उज्जैन, मंदसौर, रतलाम, नीमच, राजगढ़, शाजापुर, विदिशा, सीहोर, रायसेन, नरसिंहपुर, बैतूल, नर्मदापुरम, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है।
प्रदेश में बारिश के साथ तेज हवाएं भी चल सकती हैं। मौसम विभाग ने लोगों को खुले स्थानों, टिन शेड और हल्की या नुकीली वस्तुओं के आसपास खड़े नहीं होने की सलाह दी है।
भोपाल में कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी भोपाल में आज बादल छाए रहने के साथ बारिश होने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
पिछले 24 घंटे में प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस रतलाम में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस खरगोन में रिकॉर्ड हुआ।
क्यों बदला मौसम का मिजाज?
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण छत्तीसगढ़ और आसपास के क्षेत्र में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। यह साइक्लोनिक सर्कुलेशन के साथ पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके अलावा मानसून ट्रफ मध्यप्रदेश के बीच से गुजर रही है। इन मौसमी सिस्टम के असर से प्रदेश में बारिश का दौर बना हुआ है।
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, सितंबर के अंत तक मानसून की विदाई हो सकती है। इससे पहले प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश के कुछ और दौर देखने को मिल सकते हैं।