विदिशा दौरे पर पहुंचे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह 'राहुल भैया' ने पार्टी में बढ़ती गुटबाजी पर खुलकर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को सबसे ज्यादा नुकसान अपने ही नेताओं के भीतरघात से हो रहा है।
राहुल भैया का अपनी ही पार्टी पर बड़ा हमला
- Published: 20 Jul 2026, 09:10 AM IST
- Last Updated: 20 Jul 2026, 09:10 AM IST
विदिशा: मध्य प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह 'राहुल भैया' ने पार्टी के भीतर बढ़ती गुटबाजी पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोला है। संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से प्रदेश भ्रमण पर निकले अजय सिंह ने विदिशा में कार्यकर्ताओं और नेताओं को साफ शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि कांग्रेस को सबसे ज्यादा नुकसान भाजपा से नहीं, बल्कि अपने ही नेताओं की आपसी खींचतान और भीतरघात से हो रहा है।
आत्ममंथन करने का समय आ गया
विदिशा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अजय सिंह ने कहा कि अगर यही स्थिति बनी रही तो साल 2028 तक मध्य प्रदेश में कांग्रेस को सत्ता से बाहर हुए पूरे 25 साल हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी ने प्रदेश में कांग्रेस की सरकार देखी तक नहीं है। यह स्थिति पार्टी के लिए चिंता का विषय है और अब आत्ममंथन करने का समय आ गया है।
उन्होंने मंच से कहा कि कांग्रेस में सिर्फ एक ही गुट होना चाहिए और वह कांग्रेस का गुट होना चाहिए। अजय सिंह ने नेताओं को नाम लेकर संदेश देते हुए कहा कि अजय सिंह गुट, जीतू पटवारी गुट, दिग्विजय सिंह गुट या कमलनाथ गुट जैसी राजनीति से पार्टी को बाहर निकालना होगा। यदि हर नेता अपना अलग गुट बनाकर काम करेगा तो संगठन कभी मजबूत नहीं हो पाएगा।
पार्टी की कार्यशैली पर सवाल उठाए।
पूर्व नेता प्रतिपक्ष ने टिकट वितरण को लेकर भी पार्टी की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में जैसे ही किसी एक कार्यकर्ता को टिकट मिलता है, बाकी पांच-छह दावेदार उसे चुनाव हराने की रणनीति बनाने लगते हैं। यह प्रवृत्ति पार्टी के लिए सबसे बड़ा नुकसान साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि टिकट किसी एक को ही मिलेगा, इसलिए जिसे जिम्मेदारी मिले, बाकी सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को उसके समर्थन में पूरी ताकत से जुट जाना चाहिए।
अजय सिंह ने कहा कि कांग्रेस के नेता भाजपा की राजनीतिक चुनौती का सामना कर लेते हैं, लेकिन अपने ही लोगों के भीतरघात के कारण चुनाव हार जाते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा और गुटबाजी छोड़कर संगठन को मजबूत करने के लिए घरों से निकलें और एकजुट होकर काम करें।
उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस अब भी नहीं संभली तो आने वाले चुनावों में पार्टी को और बड़ा नुकसान उठाना पड़ सकता है। उनका यह बयान ऐसे समय आया है जब मध्य प्रदेश कांग्रेस लगातार संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने की कोशिश में जुटी हुई है। राजनीतिक जानकार अजय सिंह के इस बयान को कांग्रेस के भीतर संगठनात्मक स्थिति पर खुली नाराजगी और नेतृत्व के लिए एक स्पष्ट संदेश के रूप में देख रहे हैं।