October 3, 2026

MP NEWS: बिजली कंपनी के DGM, महिला का बाथरूम वीडियो बनाने के मामले में FIR

भोपाल, 3 अक्टूबर 2026: बिजली कंपनी वाले अपने कानून का हवाला देते हुए कहते हैं कि उनको किसी के भी घर में, किसी भी समय घुस जाने का अधिकार है, लेकिन विचार करने की जरूरत है कि क्या, बिजली कंपनी के अधिकारी और कर्मचारी, घर में अकेली महिलाओं के प्रति सम्मान का भाव रखते हैं? सवाल इसलिए उपस्थित हुआ है क्योंकि भिंड में बिजली कंपनी के डिप्टी जनरल मैनेजर के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज हुआ है। उनके ऊपर एक महिला का बाथरूम वीडियो बनाने का आरोप है। 

बाथरूम में मोबाइल छुपाकर किराएदार महिला का वीडियो बनाया

पुलिस थाने में दर्ज FIR के अनुसार, पीड़ित महिला स्वास्थ्य विभाग में नर्सिंग ऑफिसर है और मुरैना जिले की रहने वाली है। भिंड में, वह अटेर रोड स्थित एक कॉलोनी में बिजली कंपनी में पदस्थ अधिकारी DGM नितिन डोंगरे के मकान में किराए से रहती है। महिला मकान के निचले तल पर रहती है। महिला ने पुलिस को बताया कि उसके हिस्से के बाथरूम में पानी नहीं आ रहा था। इस पर मकान मालिक ने उसे ऊपर बने बाथरूम का इस्तेमाल करने के लिए कहा। इसके बाद वह ऊपर के तल पर नहाने गई थी।

महिला का आरोप है कि उसके बाथरूम में जाने से पहले मोबाइल का कैमरा चालू कर उसे छिपाया गया था। नहाते समय इसी मोबाइल से उसकी रिकॉर्डिंग की गई। महिला के मुताबिक, नहाने के बाद जब वह बाथरूम से बाहर निकली तो उसने DGM नितिन डोंगरे को मोबाइल उठाने के लिए आते देखा। उसे मोबाइल में रिकॉर्डिंग किए जाने का संदेह हुआ।

VIDEO सहित मोबाइल फोन जप्त

महिला ने मोबाइल अपने कब्जे में लिया तो उसमें नहाते समय का VIDEO रिकॉर्ड मिला। इसके बाद महिला ने आपत्ति जताते हुए कोतवाली थाने में शिकायत की। पुलिस ने नितिन डोंगरे के खिलाफ छेड़छाड़ और अश्लील वीडियो बनाए जाने से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस ने मोबाइल को जांच के लिए कब्जे में लिया है। VIDEO रिकॉर्डिंग समेत अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है।

DGM हिरासत में, हो रही पूछताछ

कोतवाली थाना प्रभारी मुकेश शाक्य ने बताया कि बिजली कंपनी के उपमहाप्रबंधक नितिन डोंगरे के खिलाफ महिला की शिकायत पर प्रकरण दर्ज किया गया है। अधिकारी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

CSP ने कहा- FIR के बाद होगी विवेचना

CSP निरंजन राजपूत ने बताया कि एक महिला फरियादी ने कोतवाली में लिखित आवेदन दिया है। इसमें उसने भिंड जिले के ऊर्जा विभाग में पदस्थ एक व्यक्ति पर तांक-झांक करने और VIDEO बनाने का आरोप लगाया है। महिला के आवेदन के आधार पर कोतवाली में FIR की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। रिपोर्ट: सत्येंद्र सरल।