July 26, 2026

MP News: निवाड़ी को CM मोहन यादव की 193 करोड़ की बड़ी सौगात, 59 विकास कार्यों का शुभारंभ

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 26 जुलाई को निवाड़ी में 193 करोड़ रुपए की 59 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमि-पूजन करेंगे। स्वास्थ्य, शिक्षा और अधोसंरचना को मिलेगी बड़ी मजबूती।

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 26 जुलाई को निवाड़ी जिले के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे जिले को अधोसंरचना, स्वास्थ्य, शिक्षा, कौशल विकास और ग्रामीण विकास से जुड़ी कई अहम परियोजनाओं की सौगात देंगे। मुख्यमंत्री करीब 193 करोड़ रुपए की लागत से तैयार और प्रस्तावित कुल 59 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन करेंगे। इन परियोजनाओं से जिले के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।

संयुक्त कलेक्ट्रेट भवन सहित कई प्रमुख निर्माण कार्यों का होगा लोकार्पण

मुख्यमंत्री डॉ. यादव निवाड़ी में नवनिर्मित संयुक्त कार्यालय कलेक्ट्रेट भवन का लोकार्पण करेंगे। इसके अलावा राजस्व विभाग के कर्मचारियों के लिए बनाए गए निवाड़ी में 46 और पृथ्वीपुर में 29 राजस्व स्टाफ आवासों का भी उद्घाटन करेंगे। इन भवनों के शुरू होने से प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक मजबूती मिलेगी।

स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा बड़ा विस्तार

स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री कई स्वास्थ्य परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। इनमें जिला चिकित्सालय निवाड़ी के 100 बिस्तरीय भवन का उन्नयन, ग्राम जेवरा (ब्लॉक पृथ्वीपुर) में नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन, ब्लॉक पृथ्वीपुर में नया प्राथमिक स्वास्थ्य भवन, ग्राम सेंंदरी (ब्लॉक निवाड़ी) में नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और संजीवनी क्लिनिक शामिल हैं। इन परियोजनाओं से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं और मजबूत होंगी।

कई विभागों की विकास योजनाएं होंगी जनता को समर्पित

मुख्यमंत्री लोक निर्माण विभाग, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, आयुष विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा स्कूल शिक्षा विभाग से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों का भी लोकार्पण करेंगे। इन योजनाओं का उद्देश्य जिले में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार करना और लोगों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना है।

नई परियोजनाओं का भूमि-पूजन भी करेंगे मुख्यमंत्री मोहन यादव

लोकार्पण के साथ-साथ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कई नई परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे। वे लोक निर्माण, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, आयुष, उच्च शिक्षा, कौशल विकास, स्कूल शिक्षा और महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत बनने वाले विभिन्न विकास कार्यों का भूमि-पूजन करेंगे। इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद जिले में विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।