August 30, 2026

MP BJP Working Committee: बीजेपी  का युवा-महिला, किसान और गरीब पर फोकस, खंडेलवाल बोले-सरकार के काम की समीक्षा और आगे का रोडमैप बनाएंगे

MP BJP Working Committee Meeting: मध्यप्रदेश बीजेपी कार्यसमिति की दो दिवसीय बैठक निवाड़ी जिले की धार्मिक नगरी ओरछा में रविवार को शुरू हुई। इसमें राष्ट्रीय और राज्य स्तर के नेताओं के साथ करीब 350 प्रतिनिधि शामिल हो रहे हैं। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और शिवराज सिंह चौहान भी बैठक में शिरकत कर रहे हैं।

रामराजा की नगरी ओरछा में बीजेपी प्रदेश कार्यसमिति की बैठक 14 बरस बाद एक बार फिर हो रही है।

'हर कार्यकर्ता संकल्प लेकर जाएगा'

बैठक को लेकर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल  ने कहा कि यहां से हर कार्यकर्ता यह संकल्प लेकर जाएगा कि भाजपा ने जो काम किए हैं, वे आम जनता तक पहुंचे। हर बूथ मजबूत हो।
उन्होंने कहा कि जहां तक चुनौतियों का सवाल है तो हम यहां यह मंथन करेंगे कि युवाओं, महिलाओं और किसानों के लिए अब तक सरकारों (मोदी और मोहन सकार) ने क्या काम किए हैं और आगे क्या काम करना हैं।

रामराज्य की स्थापना बीजेपी का लक्ष्य- शिवराज

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, रामराजा सरकार के चरणों में आने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा, भगवान श्रीराम यहां भगवान के साथ राजा भी हैं और रामराज्य की स्थापना बीजेपी का लक्ष्य है।
शिवराज सिंह ने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का काम जोरों पर चल रहा है। मध्यप्रदेश में भी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में रामराज्य की स्थापना के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

शिवराज ने किसानों की योजनाओं पर की चर्चा

बैठक के पहले सत्र में किसानों पर चर्चा हुई। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने केंद्र सरकार की किसानों के लिए योजनाओं की जानकारी दी। साथ कार्यकर्ताओं से अपील की कि किसानों के मन जो भ्रांतियों हैं उन्हें गांव-गांव जाकर दूर करें।

पोलिंग बूथ मजबूत करने पर जोर

बैठक में पोलिंग बूथ मजबूत करने पर भी जोर दिया गया।  पूरे मध्यप्रदेश में 65 हजार पोलिंग बूथ हैं। आगामी नगरीय निकाय चुनाव को देखते हुए बीजेपी इस पर ज्यादा जोर दे रही है। पार्टी के प्रदेश संगठन मंत्री गजेंद्र सिंह पटेल ने भी अनौपचारिक चर्चा में पोलिंग बूथ मजबूत करने  की ओर इशारा किया है।

सिंधिया क्या बोले ?

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि कार्यसमिति के लिए रामराजा सरकार की नगरी में आना उनका सौभाग्य है। सिधिया ने कहा कि आने वाले समय के लिए नीतिगत फैसलों और कार्यशैली को बेहतर बनाने की दिशा में कार्यसमिति में मंथन से परिणाम निकलेंगे।

युवा, महिला, किसान और गरीब पर फोकस- देवड़ा

डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा ने कहा, प्रभु श्रीराम की हमेशा कृपा रही है। प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के नेतृत्व में पहली बैठक हो रही है। इसलिए सबके मन में अपार उत्साह है और कार्यकर्ता, जितने भी यहां अपेक्षित हैं, वे बड़े खुश हैं। नए लोगों के पार्टी से जुड़ने को लेकर देवड़ा ने कहा कि बीजेपी की रीति-नीति हमेशा अच्छी और जनता के हित की रही है। उसी के अनुरूप सभी क्षेत्रों-शिक्षा, कृषि, स्वास्थ्य पर काम हो रहा है। पार्टी के आधार युवा, महिला, किसान और गरीब पर फोकस होगा। युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर पूरा मिलेगा।

सीनियर का क्या होगा, पीड़ी बदलने के साथ आप खुद को कहां देख रहे हैं? जवाब में देवड़ा ने कहा कि ये निरंतर प्रक्रियाएं हैं। काम करते-करते बहुत सीनियर हो जाते हैं, तो नया युवा आता है। युवाओं को काम मिलना चाहिए और पार्टी उस दिशा में पूरी चिंता कर रही है।
राहुल गांधी की इंदौर में 'गूंज' के सवाल पर डिप्टी सीएम देवड़ा ने कहा कि आएं सबका स्वागत है। अपना-अपना काम सब कर रहे हैं।
उन्होने कहा, कौन अच्छा काम कर रहा है, किसकी विकास की नीतियां अच्छी हैं। ये सब जनता देखती है।

बैठक ओरछा के होटल राजमहल में चल रही है। इसमें प्रदेश कार्यसमिति के 106 सदस्य शामिल हो रहे हैं। सीएम डॉ. मोहन यादव बैठक में शामिल होने के लिए चित्रकूट से ओरछा पहुंचे हैं।

‘मन की बात’ सुनकर शुरुआत

कार्यसमिति की बैठक पहले दिन ध्वजारोहण और प्रदर्शनी के उद्घाटन के साथ साथ शुरू हुई। सुबह 11 बजे कार्यसमिति बैठक में शामिल होने पहुंचे सदस्यों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का सामूहिक श्रवण किया।

रात को रामराजा सरकार के सामूहिक दर्शन

आज के शेड्यूल में शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। रात में सीनियर नेता और अतिथि रामराजा सरकार के दर्शन करेंगे।

बैठक में  31 अगस्त के कार्यक्रम

31 अगस्त को ‘सेवा संकल्प अभियान’ कार्यशाला होगी। इसमें सेवा, सुशासन और संगठन विस्तार को लेकर आगे की रणनीति पर चर्चा होगी। राजनीतिक प्रस्ताव पर चर्चा होगी, साथ ही संगठनात्मक कार्यक्रमों का रोडमैप तैयार किया जाएगा।

ये खबर भी पढ़ें:Bhopal Manit: भोपाल मैनिट का असिस्टेंट प्रोफेसर छेड़छाड़ के आरोप में गिरफ्तार, बंदूक दिखाकर धमकाने का भी केस