
अलीराजपुर में मुख्यमंत्री मोहन यादव
‘चाहे कुछ भी हो जाए, हम अलीराजपुर जाएंगे और अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि देंगे. हम अपने आदिवासी भाई-बहनों से मिलेंगे और उनसे संवाद करेंगे. कोई विपरीत परिस्थिति हमें रोक नहीं सकती…’. यह भाव मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मन में उस वक्त थे, जिस वक्त उनके हेलीकॉप्टर के पायलट ने यह कहकर उड़ान से मना कर दिया था कि मौसम खराब है. उस वक्त सीएम डॉ. यादव को इंदौर से अलीराजपुर जाना था. पायलट की बात सुनने के बाद सीएम डॉ. मोहन ने कहा कि मौसम जैसा भी हो, जितना भी समय लगे, हम अलीराजपुर जाएंगे. और, वे करीब तीन घंटे का सफर तय कर बाय रोड अलीराजपुर पहुंचे.
सीएम मोहन यादव ने यहां 303.34 करोड़ के विकास कार्यों का भूमि-पूजन और 53.55 करोड़ की लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण किया. इस प्रकार यहां कुल 356.89 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात मिली. उन्होंने स्वसहायता समूह की महिलाओं को 2.10 करोड़ रुपए की राशि का ऋण वितरित किया. उन्होंने जैविक कृषकों, मेधावी विद्यार्थियों और सोशल मीडिया एन्फ्लूएंसर्स को सम्मानित किया. इसके साथ ही सीएम डॉ. यादव ने विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किया. इस मौके पर उन्होंने कई घोषणाएं भी की.
पीएम मोदी के नेतृत्व में नजर आ रहा बदलाव
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश के अलीराजपुर सहित पूरे जनजातीय क्षेत्र में बदलाव नजर आ रहा है. राज्य सरकार के लिए झाबुआ, अलीराजपुर, मंडला, डिंडोरी, बालाघाट सहित संपूर्ण जनजातीय अंचल एक तीर्थ के समान है. मौसम की विपरीत परिस्थितियों के बावजूद आज भाभरा आकर अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की जयंती पर उन्हें नमन किया.
उन्होंने कहा कि भाभरा की पुण्य धरा से निकले एक नायक ने आजादी के आंदोलन में अंग्रेजों के खिलाफ लड़ते हुए अपने जन्म को सिद्ध किया. उन्होंने कहा कि अलीराजपुर के वीर योद्धा जीतू किराड़, राजा आलिया भील, क्रांति सूर्य टंट्या मामा जैसे अनेक जनजातीय क्रांतिकारियों ने भी स्वतंत्रता आंदोलन में अपना अतुलनीय योगदान दिया. राज्य सरकार सभी शहीदों के बलिदान को आदरांजलि अर्पित करती है.

युवा कल्याण के लिए संकल्पित सरकार
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इंदौर, धार, झाबुआ और बड़वानी के बाद अलीराजपुर में बलराम कृषि महोत्सव हो रहा है. यहां किसानों को हितलाभ देने के साथ ही उन्हें सम्मानित भी किया गया. अलीराजपुर के किसानों ने इस बार कम वर्षा के बाद भी हौंसला दिखाया है. आज जिले के 10 हजार से अधिक लोगों को स्वामित्व योजना के अंतर्गत अपने भूखंड मिले हैं.
प्रधानमंत्री मोदी के संकल्प के बलबूते अलीराजपुर में अब तक 90 हजार से अधिक गरीब और जरूरतमंदों को पीएम आवास योजना के अंतर्गत पक्के मकान मिले हैं. साथ ही, 5 लाख 70 हजार से अधिक लोगों को नि:शुल्क आनाज मिल रहा है. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार लाड़ली बहनों और युवाओं के कल्याण के लिए संकल्पित है. लाड़ली बहनों को हर माह 15 तारीख से पहले 1500 रुपए की सौगात मिलती है.
प्रदेश में नई योजनाओं पर काम जारी
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमारे लिए सीमा पर जवान और खेतों में किसान दोनों का परिश्रम बराबर है. कृषक कल्याण वर्ष 2026 में किसानों की बेहतरी के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं. प्रधानमंत्री मोदी ने देशभर के किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि की सौगात दी है. अलीराजपुर के 47 हजार 852 किसानों को अब तक फसल बीमा का लाभ मिल चुका है. खेती के लिए पर्याप्त जल उपलब्ध कराने के लिए नई परियोजनाओं पर काम जारी है.
अलीराजपुर में 1100 करोड़ रुपए की लागत से दही नर्मदा पाइप लाइन परियोजना का काम लगभग पूरा हो गया है. इसी साल दीवाली के बाद इस परियोजना को लोकार्पित किया जाएगा. उन्होंने कहा कि किसानों की समृद्धि और उनकी आय बढ़ाने के लिए पशुपालन और दूध उत्पादन को प्रोत्साहित किया जा रहा है.
जिस प्रकार अमूल के माध्यम से गुजरात में दूध उत्पादन हो रहा है, उसी दिशा में आगे बढ़ते हुए मध्यप्रदेश सरकार ने गोपालन को बढ़ावा देने के लिए नई योजना की शुरुआत की है, जिसमें उन्नत नस्ल की 25 गोमाताओं के साथ डेयरी शुरू करने पर 10 लाख रुपए तक के अनुदान का प्रावधान किया है. मध्यप्रदेश किसान भाइयों की सभी प्रकार से चिंता करने वाला अग्रणी राज्य है. उन्होंने कहा कि प्रदेश के किसानों को अब सिंचाई के लिए दिन में भी बिजली उपलब्ध कराई जाएगी. किसान भाई प्राकृतिक खेती अपनाएं.
लोकार्पण, भूमि-पूजन और प्रमुख घोषणाएं
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि अलीराजपुर को 356.89 करोड़ रुपए लागत के 271 विकास कार्यों की सौगात मिली है. इसमें भाभरा विकासखंड में 130 करोड़ लागत की 64 सड़कें और कड़वानिया में 22 करोड़ के सांदीपनि विद्यालय शामिल है. कोंडवा सिंचाई परियोजना से 70 हजार किसानों को सिंचाई सुविधा मिलेगी. दीवाली के बाद दही नर्मदा पाइप लाइन सिंचाई परियोजना का लोकार्पण किया जाएगा.
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भाभरा में अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद को समर्पित विशाल पार्क बनेगा. रानी काजल माता लोक बनाया जाएगा. कन्या छात्रावासों में आवास सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी. मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) विधेयक पारित कराया है. हमारे लिए सभी धर्मों के नागरिक समान हैं. जनजातीय परंपराओं का सम्मान करते हुए जनजातीय वर्ग को यूसीसी के दायरे से बाहर रखा गया है.

संजीव श्रीवास्तव
संजीव श्रीवास्तव का पैतृक गांव-घर बिहार के सीतामढ़ी में है लेकिन पिछले करीब ढाई दशक से दिल्ली से लेकर मुंबई तक मीडिया की मुख्यधारा में सक्रिय हैं. ब्रेकिंग न्यूज़ से लेकर क्रिएटिव राइटिंग तक का हुनर रखते हैं, देश-विदेश की राजनीति, फिल्म, लिटरेचर, क्राइम जैसे विषयों पर बेबाकी से लिखते हैं. आसानी से समझ आने वाली और सोचने-विचारने वाली भाषा लिखना पसंद है. सिनेमा प्रिय विषय है- लिहाजा फिल्मों पर अब तक तीन किताबें, दो उपन्यास और कुछ पटकथा-संवाद भी लिख चुके हैं. कुछेक प्रिंट मीडिया में सब एडिटरी के बाद साल 2000 से टीवी न्यूज़ की दुनिया में प्रवेश. सबसे पहले जैन टीवी फिर सहारा समय में करीब 14 साल गुजारा, जहां प्राइम टाइम स्पेशल शोज/प्रोग्राम बनाने से लेकर मुंबई की एंटरटेंमेंट फील्ड में रिपोर्टिंग तक की. उसके बाद सूर्या समाचार, एबीपी न्यूज़ और न्यूज़ इंडिया के आउटपुट होते हुए अब डिजिटल मीडिया में TV9 से सम्बद्ध.
Read More