देश के जलाशयों में कम पानी का स्टोरेज चिंता को बढ़ाने वाला है. CWC के मुताबिक, देश के 166 जलाशयों में से 54 में स्टोरेज नॉर्मल स्थिति के 80 प्रतिशत से कम है. इसके पीछे की मुख्य वजह है, मानसून के सीजन में भी बारिश में कमी होना. पिछले एक हफ्ते यानि 16 से 22 जुलाई में पूरे देश में लगभग सामान्य बारिश हुई, जिसमें सिर्फ 1% की कमी देखी गई, यानि ठीक-ठाक बारिश हुई. लेकिन पूरे मानसून सीजन में यानि 1 जून से 25 जुलाई तक कुल मिलाकर 15% कम बारिश हुई है.
सेंट्रल वॉटर कमीशन की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, देश के 166 बड़े जलाशयों में अभी कुल पानी का स्टोरेज पिछले साल के मुकाबले 36% कम है. साथ ही, ये सामान्य स्तर से भी काफी नीचे है. इन जलाशयों में 70.43 BCM पानी है. ये इनकी पूरी क्षमता का सिर्फ 38.37% है. पिछले साल इसी समय 110.52 BCM पानी था.
54 जलाशय नॉर्मल से 80% से कम
CWC के मुताबिक, 166 जलाशयों में से 54 में स्टोरेज नॉर्मल के 80 प्रतिशत से कम पानी है. इनमें से 22 जलाशयों में नॉर्मल से आधा या उससे भी कम पानी बचा है. इनमें श्रीशैलम, नागार्जुन सागर, तुंगभद्रा, कृष्णराज सागर, पेरियार, तवा, वा जैसे जरूरी वॉटर बॉडीज शामिल हैं.
दक्षिण भारत में सबसे ज्यादा संकट
दक्षिण भारत में जलाशयों की स्थिति सबसे खराब है. वहां के 47 बड़े जलाशयों में अभी सिर्फ 30% पानी भरा हुआ है. पिछले साल इसी समय 69% पानी था. सामान्य स्तर 44% होना चाहिए. यानी दक्षिण भारत के जलाशय इस समय बहुत कम पानी से भरे हुए हैं. कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु और तेलंगाना में हालत खराब है. तेलंगाना में तो सबसे बुरी स्थिति है. वहां जलाशयों में पानी नॉर्मल से 57% कम है.
मुंबई के जलाशयों में पानी का भंडार 86.18% पहुंचा
मुंबई को पानी की आपूर्ति करने वाले सातों जलाशयों के जलग्रहण क्षेत्रों में लगातार हो रही भारी बारिश का असर अब साफ दिखाई देने लगा है. मुंबई को राहत देते हुए सातों जलाशयों में कुल उपयोगी जल भंडार बढ़कर 86.18 प्रतिशत तक पहुंच गया है. सबसे अहम बात ये है कि शहर की पानी की जरूरत का सबसे बड़ा हिस्सा पूरा करने वाला भातसा जलाशय भी 85 प्रतिशत से अधिक भर चुका है.
बृहन्मुंबई महानगरपालिका के जल अभियंता विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, सातों जलाशयों में कुल 12 लाख 47 हजार 291 मिलियन लीटर उपयोगी जल भंडार उपलब्ध है.
जलाशयों की स्थिति इस प्रकार है—
- अपर वैतरणा 72.34%
- मोडक सागर 100%
- तानसा 98.85%
- मध्य वैतरणा 85.24%
- भातसा 85.07%
- विहार 100%
- तुलसी 100%
जून के अंत तक मानसून की धीमी शुरुआत के कारण जलाशयों में पानी का स्तर काफी कम था. लेकिन पिछले कुछ दिनों से जलग्रहण क्षेत्रों में हो रही जोरदार बारिश के चलते जलाशयों में तेजी से पानी बढ़ा है और कुल जल भंडार अब 86 प्रतिशत के पार पहुंच गया है.
मुंबई की कुल जलापूर्ति का आधे से अधिक हिस्सा देने वाला भातसा जलाशय फिलहाल 6 लाख 9 हजार 983 मिलियन लीटर पानी के साथ 85.07 प्रतिशत भर चुका है. मौसम विभाग के अनुसार, जलग्रहण क्षेत्रों में बारिश का सिलसिला जारी रहने से बाकी जलाशयों के भी जल्द पूरी तरह भरने की संभावना है.
जय प्रकाश के इनपुट के साथ
TV9 Bharatvarsh
टीवी9 भारतवर्ष डिजिटल TV9 नेटवर्क का प्रमुख हिंदी न्यूज़ प्लेटफॉर्म है. इस वेबसाइट पर देश-विदेश की ताज़ा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़, विश्लेषण और ग्राउंड रिपोर्टिंग से पाठकों को रूबरू कराया जाता है. टीवी9 की वेबसाइट tv9hindi.com प्रमुख हिंदी वेबसाइटों में अपना स्थान रखती है. टीवी9 हिंदी का अपना मोबाइल ऐप भी है, जहां टेक्स्ट और वीडियो दोनों माध्यम से खबरें पढ़ीं और देखी जा सकती हैं. टीवी9 वेबसाइट पर राजनीति, अर्थव्यवस्था, खेल, मनोरंजन, स्वास्थ्य, टेक और अंतरराष्ट्रीय मामलों जैसी विविध श्रेणियों में खबरें कवर की जाती हैं. यहां एक्सप्लेनर्स, एक्सक्लूसिव स्टोरीज, वीडियो रिपोर्ट्स और लाइव अपडेट्स मिलते हैं. TV9 नेटवर्क का डिजिटल सेगमेंट तेजी से बढ़ा है और मिलियंस की संख्या में यूनिक यूजर्स तक पहुंचता है.
Read More