हरियाणा में कांग्रेस के गढ़ कहे जाने वाले नूंह क्षेत्र में BJP सेंध लगाने की कोशिश कर रही है। शनिवार को नूंह के पुन्हाना हलके में रैली रखी गई है। इसी रैली में मंच पर पुन्हाना से कांग्रेस MLA मोहम्मद इलियास के बेटे जावेद खान भाजपा में शामिल होंगे।
.
दैनिक भास्कर से बातचीत में जावेद खान ने इसकी पुष्टि की। राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिग के बाद से ही मोहम्मद इलियास भाजपा के साथ नजर आ रहे हैं। वह मनोहरलाल खट्टर व सीएम नायब सैनी से मुलाकात कर चुके हैं। कांग्रेस उन्हें सस्पेंड कर चुकी है। हालांकि अपनी सस्पेंशन पर इलियास ने कहा था-जब पकी पकाई खीर मिल रही है तो इस्तीफे की क्या जरूरत?
विधायक इलियास की भाजपा से नजदीकियों के PHOTOS…

16 मार्च 2026 को राज्यसभा चुनाव में वोटिंग के लिए मोहम्मद इलियास यूं व्हीलचेयर पर पहुंचे थे।

ये तस्वीर राज्यसभा चुनाव की वोटिंग के कुछ दिन बाद की है। तब इलियास अपने पैरों पर खड़े नजर आए और सीएम नायब सैनी से मुलाकात की।

कांग्रेस विधायक मोहम्मद इलियास दिल्ली में मनोहर लाल खट्टर से भी मुलाकात कर चुके हैं। उनकी यह तस्वीर वायरल हुई थी।
अब जानिये…सीएम का क्या शेड्यूल रहेगा, जिसमें होगी जॉइनिंग
2 दिन के गुरुग्राम दौरे पर सीएम
सीएम नायब सैनी शुक्रवार व शनिवार को दो दिन के गुरुग्राम-नूंह दौरे पर हैं। शनिवार को जहां सीएम गुरुग्राम पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में लोगों से मिलेंगे, वहीं ग्रीवेंस कमेटी की बैठक भी लेंगे। उसके बाद नूंह के पुन्हाना में पहुंचेंगे। इस दौरान पुन्हाना-मेवात में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास करेंगे। दोपहर 12ः30 बजे पुन्हाना में रैली होगी। सीएम गोसेवा आयोग के अध्यक्ष रहे भानी राम मंगला से भी मिलने जाएंगे।
कांग्रेस विधायक के भी पहुंचने की उम्मीद
पुन्हाना में सीएम की रैली में कांग्रेस के विधायक मोहम्मद इलियास भी नजर आ सकते हैं। उनके करीबियों ने बताया कि अगर विधायक की तबीयत ठीक रहेगी तो वह जरूर आएंगे। वहीं, उनके बेटे जावेद खान ने कहा कि मेरा भाजपा में शामिल होने में कोई दो राय नहीं है। जावेद खान खुद सीएम के कार्यक्रम के लिए लोगों को न्योता देते घूम रहे हैं।
जजपा ने पार्टी विरोधी गितिविधियों का हवाला देते हुए जावेद खान को नूंह जिलाध्यक्ष पद और पार्टी से निष्कासित कर दिया था।
कई बार दल बदल चुके जावेद, जजपा ने पार्टी से निकाला
जावेद खान पेशे से एडवोकेट हैं। पहले वो कांग्रेस के साथ रहे। फिर भाजपा-जजपा गठबंधन की सरकार में अप्रैल 2022 में जजपा का दामन थाम लिया। दुष्यंत चौटाला के साथ नजर आए। उन्हें जजपा का नूंह जिलाध्यक्ष बनाया गया। जब हरियाणा में कांग्रेस की हवा बनती दिखी तो कांग्रेस की रैली में पहुंच गए। जिसके बाद जनवरी 2024 में जजपा ने उन्हें पार्टी से निकाल दिया। उसके बाद वो फिर कांग्रेस के आसपास दिखे। अब भाजपा में जाने की तैयारी है।
जानिये भाजपा नूंह में सेंधमारी की कोशिश क्यों कर रही
कांग्रेस का मजबूत गढ़
नूंह जिले में तीन विधानसभा सीटें हैं। इनमें पुन्हाना, फिरोजपुर झीरका और नूंह सीट शामिल हैं। तीनों में ही कांग्रेस के विधायक हैं। यह इलाका मुस्लिम वोटर बाहुल्य है। यही नहीं इसके आसपास की सीटों हथीन और सोहना में भी मेव वोटरों प्रभावी हैं। नूंह जिला गुरुग्राम लोकसभा सीट के अधीन आता है। ऐसे में लोकसभा सीट पर भी भाजपा के लिए फाइट टफ हो जाती है। इस बार तो राव इंद्रजीत को राजबब्बर से टफ फाइट मिली।
भाजपा की रणनीति क्या
पार्टी से जुड़े सूत्रों के मुताबिक भाजपा नूंह में कमल खिलाने की रणनीति पर लंबे समय से काम कर रही है। इसी क्रम में पार्टी हिंदू वोटरों के ध्रुवीकरण के साथ ही मुस्लिम वोट बैंक में सेंध लगाने की कोशिश में है। पार्टी विकास का संदेश देना चाहती है। इसी वजह से सीएम कई परियोजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास करने आ रहे हैं। नूंह के 3 में से 2 कांग्रेसी विधायकों (मोहम्मद इलियास व मोहम्मद इजराइल) के नाम राज्यसभा क्रॉस वोटिंग में आए। अब ये भाजपा सरकार की तारीफ करते नजर आ रहे हैं।

क्रॉस वोटिंग करने वाले विधायकों की भाजपा से नजदीकियां
राज्य सभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग में पांच कांग्रेस विधायकों शैली चौधरी (नारायणगढ़), रेनू बाला (साढ़ौरा), मोहम्मद इलियास (पुन्हाना), मोहम्मद इजराइल (हथीन) और जरनैल सिंह (रतिया) के नाम आए थे। कांग्रेस ने पांचों विधायकों को पार्टी से सस्पेंड कर दिया। उसके बाद से ही ये पांचों विधायक भाजपा सरकार के कार्यक्रमों में नजर आ रहे हैं। उन्हें सरकारी कार्यक्रमों में मेहमान भी बनाया जा रहा है।

5 जून 2026 को साढौरा से कांग्रेस विधायक रेनु बाला के पति ऋषिपाल ने भी भाजपा जॉइन की थी। सीएम नायब सैनी ने उन्हें भाजपा का पटका पहनाया। रेनु बाला भी क्रॉस वोटिंग में नाम आने के बाद से कांग्रेस से निलंबित की जा चुकी हैं।