पंजाब के मानसा में नशा विरोधी एक्टिविस्ट परविंदर झोटा की हत्या के केस में अब केंद्र सरकार की एंट्री हो गई है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने हत्या पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि झोटा की दिनदहाड़े हत्या हुई। उनके पिता ने AAP सरकार और विधायक पर गं
.
इससे पहले भी दिड़बा में गुलजार सिंह ने दबाव में जहर खाकर सुसाइड किया। केंद्रीय गृहमंत्रालय दोनों घटनाओं को लेकर पंजाब सरकार से जवाब मांगेगा। शाह ने पूछा कि पंजाब की जनता की सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन निभाएगा। जनता को प्रचार और घोषणाएं नहीं बल्कि रिजल्ट चाहिए। पंजाब में कई तरह के खतरे पैदा हो गए हैं।

अमित शाह की 3 अहम बातें
- पंजाब में नशे का कारोबार फल-फूल रहा: शाह ने सोशल मीडिया (X) पर पोस्ट में लिखा- पंजाब आज नशे, गैंगस्टरवाद व संगठित अपराध के बढ़ते खतरे से जूझ रहा है। भगवंत मान सरकार के सामने सबसे बड़ा सवाल है कि आखिर पंजाब की जनता की सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन निभाएगा?। पंजाब में नशे का कारोबार फल-फूल रहा है, संगठित अपराध का खतरा बढ़ रहा है और नशे के खिलाफ आवाज उठाने वालों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
- जहर खाना, हत्या करना, कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल: शाह ने लिखा- दिड़बा में एक पिता का दबाव में जहर खा लेना और मानसा में नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले परविंदर सिंह झोटा की दिनदहाड़े हत्या ने पंजाब की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। परविंदर के पिता ने AAP सरकार और उनके विधायक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। गृह मंत्रालय भी इन दोनों घटनाओं पर पंजाब सरकार से जवाब मांगेगा।
- भाजपा कठोर कार्रवाई करेगी: शाह ने लिखा- मैं आज पंजाब की जनता के सामने अपना संकल्प दोहराता हूँ कि पंजाब में हमारी सरकार बनने पर हम नशामुक्त, गैंगस्टरमुक्त और सुरक्षित पंजाब बनाने के लिए पूरी ताकत से काम करेंगे। हमारा लक्ष्य स्पष्ट है - नशे के कारोबार पर प्रहार, युवाओं के भविष्य की रक्षा, अपराधियों पर कठोर कार्रवाई और कानून का ऐसा राज, जिसमें कोई भी नागरिक भय के साये में जीने को मजबूर न हो।
शाह ने पंजाबी में भी ट्वीट किया

अब जानिए, वह 2 मामले, जिनका जिक्र शाह ने किया

13 अक्टूबर को मानसा में परविंदर झोटा की केमिस्ट ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।
1. नशे के विरोध पर झोटा की हत्या की
मानसा में 13 अक्टूबर को नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले परविंदर सिंह उर्फ झोटा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। रिपोर्टों के मुताबिक, मेडिकल स्टोर पर नशीली दवाओं की कथित बिक्री को लेकर दुकानदार अश्विनी कुमार से उनका विवाद हुआ। इसी दौरान गोलीबारी में झोटा को पेट में दो और जांघ में एक गोली लगी। अस्पताल में उनकी मौत हो गई, जबकि उनके चार साथी घायल हुए।
14 अक्टूबर को पुलिस ने मुख्य आरोपी अश्विनी कुमार को राजस्थान के सालासर से गिरफ्तार किया। घटना के बाद मानसा में लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया और गुस्साए लोगों ने आरोपी की दुकान में आग लगा दी। प्रशासन ने उसके घर के एक हिस्से को भी गिराया। 15 अक्टूबर को झोटा को न्याय दिलाने के लिए पंजाब बंद का आह्वान किया गया और मामले की CBI जांच की माँग को लेकर हाईकोर्ट में याचिका दायर हुई।
इस बीच, मानसा सिटी-2 थाने की SHO बेअंत कौर को सस्पेंड कर दिया गया। रिपोर्टों के अनुसार, आरोपी अश्वनी कुमार और विपिन कुमार को 22 अक्टूबर तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया। झोटा के परिवार ने न्याय और CBI जाँच की माँग जारी रखी।

गुलजार सिंह ने जहर खाने के बाद एक वीडियो में वित्तमंत्री हरपाल चीमा का नाम भी लिया था। वहीं उनके अंतिम संस्कार पर पुलिस ने पूरी घेराबंदी कर रखी थी।
2. मंत्री से सवाल पूछने के बाद सुसाइड किया
संगरूर जिले के तूरबंजारा गांव के 50 साल गुलजार सिंह ने 6 सितंबर 2026 को पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा के सामने अपने इलाके में चिट्टे (नशे) की कथित खुलेआम बिक्री और अपने बेटे की नशे की लत का मुद्दा उठाया था। परिवार का आरोप है कि इसके बाद गांव के सरपंच और कुछ अन्य लोगों ने उन पर माफी मांगने का दबाव बनाया और जातिसूचक अपशब्द कहे।
7 सितंबर को गुलजार सिंह ने जहर खा लिया और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मौत से पहले सामने आए कथित वीडियो में उन्होंने कुछ लोगों पर आरोप लगाए थे। 8 सितंबर को पुलिस ने सरपंच समेत पांच लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया तथा विशेष जांच टीम (SIT) गठित की। राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग ने भी पंजाब सरकार से रिपोर्ट मांगी।
परिवार ने अंतिम संस्कार को लेकर प्रशासन पर दबाव बनाने के आरोप भी लगाए। सितंबर में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने जांच की स्थिति पर सरकार से रिपोर्ट मांगी।
***************
ये खबर भी पढ़ें…
झोटा की हत्या का नया VIDEO सामने आया:केमिस्ट गुस्से में पिस्टल लेकर मेडिकल स्टोर से निकला; सरेबाजार परविंदर को गोली मार दी

पंजाब के मानसा में कत्ल किए गए नशा विरोधी एक्टिविस्ट परविंदर झोटा के कत्ल का नया VIDEO सामने आया है। इसमें आरोपी केमिस्ट हाथ में पिस्टल लिए दुकान से निकलता है और बाहर खड़े झोटा को पीछे से गोली मार देता है। इस दौरान वहां लोग खड़े रहते हैं लेकिन केमिस्ट अश्विनी कुमार के हाथ में पिस्टल देखकर कोई उसे रोकने या पकड़ने की हिम्मत नहीं जुटा पाता (पढ़ें पूरी खबर)