Published: Saturday, September 5, 2026, 16:46 [IST]
Miss World 2026: दुनियाभर की निगाहें आज यानी 5 सितंबर 2026 को वियतनाम पर टिकी हैं, जहां मिस वर्ल्ड 2026 का ग्रैंड फिनाले आयोजित किया जा रहा है। इस प्रतिष्ठित इंटरनेशनल ब्यूटी पेजेंट में दुनिया के अलग-अलग देशों से आईं सुंदरियां मिस वर्ल्ड के ताज के लिए मुकाबला करेंगी। इस बार भारत की ओर से निकिता पोरवाल मैदान में हैं। ऐसे में हर किसी की नजर इस बात पर है कि क्या वह भारत के लिए एक बार फिर यह प्रतिष्ठित खिताब जीतने में कामयाब हो पाएंगी।
कौन हैं निकिता पोरवाल?
निकिता पोरवाल मध्य प्रदेश से ताल्लुक रखती हैं और उन्होंने साल 2024 में फेमिना मिस इंडिया वर्ल्ड का खिताब अपने नाम किया था। इसी उपलब्धि के बाद उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई और अब वह इंटरनेशनल मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व कर रही हैं।
हालांकि मॉडलिंग और ब्यूटी पेजेंट की दुनिया में कदम रखने से पहले निकिता ने अपनी पढ़ाई पूरी की। उन्होंने महाराजा सयाजीराव यूनिवर्सिटी ऑफ बड़ौदा से ग्रेजुएशन किया है। पढ़ाई के साथ-साथ उन्हें कला और परफॉर्मिंग आर्ट्स में भी दिलचस्पी रही है।
टीवी एंकरिंग से शुरू किया करियर, थिएटर में भी किया काम
निकिता पोरवाल ने अपने प्रोफेशनल सफर की शुरुआत बतौर टेलीविजन एंकर की थी। इसके बाद उन्होंने थिएटर की दुनिया में भी कदम रखा और मंच पर अपनी एक्टिंग का हुनर दिखाया। यही वजह है कि उनका व्यक्तित्व सिर्फ मॉडलिंग तक सीमित नहीं रहा बल्कि उन्होंने परफॉर्मिंग आर्ट्स में भी अनुभव हासिल किया है।
फिल्मों में काम करना चाहती हैं निकिता
ब्यूटी पेजेंट के अलावा निकिता की दिलचस्पी फिल्मों में भी है। वह एक्टिंग की दुनिया में अपना करियर बनाने की इच्छा रखती हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक निकिता मशहूर फिल्ममेकर संजय लीला भंसाली के साथ काम करने का सपना देखती हैं। हालांकि फिलहाल उनका पूरा फोकस मिस वर्ल्ड के प्रतिष्ठित ताज पर है।
कब और कहां होगा Miss World 2026 का फिनाले?
'मिस वर्ल्ड 2026' का ग्रैंड फिनाले आज 5 सितंबर 2026 को वियतनाम में आयोजित किया जा रहा है। इस बार कुल 111 प्रतिभागी प्रतिष्ठित मिस वर्ल्ड क्राउन के लिए मुकाबला कर रही हैं। भारत में दर्शक इस इवेंट को शाम 5:30 बजे से ओटीटी प्लेटफॉर्म जियोहॉटस्टार पर लाइव देख सकते हैं।
कौन पहनाएगा नई मिस वर्ल्ड को ताज?
मिस वर्ल्ड 2025 का खिताब थाईलैंड की सुचाता चुआंगसरी ने जीता था। ऐसे में इस साल वह अपनी उत्तराधिकारी को मिस वर्ल्ड का ताज पहनाएंगी। अब सभी की नजरें फिनाले के उस खास पल पर हैं, जब नई विश्व सुंदरी के नाम का ऐलान किया जाएगा।
मिस वर्ल्ड का 73वां एडिशन
मिस वर्ल्ड 2026 इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का 73वां संस्करण है। मिस वर्ल्ड ऑर्गनाइजेशन ने 25 मार्च 2026 को ऐलान किया था कि इस साल का आयोजन वियतनाम में किया जाएगा। भारत की बात करें तो देश को आखिरी बार 2017 में मिस वर्ल्ड का खिताब मिला था, जब मानुषी छिल्लर ने ये प्रतिष्ठित ताज अपने नाम किया था। अब करीब नौ साल बाद भारतीय फैंस को निकिता पोरवाल से एक बार फिर इतिहास दोहराने की उम्मीद है।
वियतनाम पहुंचकर निकिता पोरवाल ने की खास तैयारी
मिस वर्ल्ड 2026 के लिए निकिता इस महीने की शुरुआत में ही वियतनाम पहुंच गई थीं। वहां उन्होंने प्रतियोगिता से जुड़े कई कार्यक्रमों और इवेंट्स में हिस्सा लेकर अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व किया। 'डांसेज ऑफ द वर्ल्ड' इवेंट के दौरान निकिता का लुक भी काफी चर्चा में रहा। उन्होंने काले और सुनहरे रंग का शाही आउटफिट पहनकर अपनी खूबसूरती और भारतीय अंदाज का शानदार प्रदर्शन किया, जिसकी सोशल मीडिया पर खूब तारीफ हुई।
क्या भारत आएगा मिस वर्ल्ड का ताज?
निकिता पोरवाल ने मिस वर्ल्ड 2026 के सफर में अब तक अपनी मौजूदगी दर्ज करा दी है और भारतीय फैंस को उनसे काफी उम्मीदें हैं। हालांकि अंतिम फैसला फिनाले में ही होगा। अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या निकिता अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का परचम लहराकर मिस वर्ल्ड 2026 का ताज अपने नाम कर पाती हैं या नहीं।