September 10, 2026

Mirzapur The Movie BO Collection Day 6: 'मिर्जापुर: द मूवी' की बॉक्स ऑफिस पर आंधी, 130 Cr के पार पहुंची कमाई

Time Published: Thursday, September 10, 2026, 12:24 [IST]

Mirzapur The Movie Box Office Collection Day 6: पंकज त्रिपाठी, अली फजल और दिव्येंदु शर्मा स्टारर 'मिर्जापुर: द मूवी' का बड़े पर्दे पर भौकाल जारी है। लंबे समय से इस यूनिवर्स से जुड़े दर्शकों ने फिल्म को हाथोंहाथ लिया है। पॉजिटिव रिस्पॉन्स के बीच फिल्म बॉक्स ऑफिस पर लगातार करोड़ों का कारोबार कर रही है। रिलीज के छठे दिन भी इसकी कमाई मजबूत बनी हुई है और फिल्म घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 130 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुकी है।

छठे दिन भी करोड़ों में हुई कमाई
सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक 'मिर्जापुर: द मूवी' ने छठे दिन करीब 7 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है। इस दिन फिल्म को देशभर में 9,077 शोज मिले और ऑक्यूपेंसी करीब 26 फीसदी रही थी। इन आंकड़ों को जोड़ने के बाद फिल्म का घरेलू नेट कलेक्शन 132.24 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। वहीं फिल्म की लगातार बनी कमाई को देखते हुए इसके जल्द ही 200 करोड़ क्लब की तरफ बढ़ने की उम्मीद की जा रही है।

Mirzapur The Movie Box Office

पहले दिन से अब तक ऐसा रहा कलेक्शन

-'मिर्जापुर: द मूवी' ने बॉक्स ऑफिस पर 25 करोड़ रुपये की ओपनिंग के साथ अपना सफर शुरू किया था। इसके बाद दूसरे दिन फिल्म की कमाई में बड़ा उछाल आया और इसने 32 करोड़ रुपये का कारोबार किया।

-तीसरे दिन फिल्म ने सबसे शानदार प्रदर्शन करते हुए 36 करोड़ रुपये कमाए। चौथे दिन कमाई घटकर 16 करोड़ रुपये रही जबकि 5वें दिन फिल्म ने 15.60 करोड़ रुपये का बिजनेस किया। अब छठे दिन भी फिल्म ने 7 करोड़ रुपए की कमाई कर ली है। फिल्म के हिंदी वर्जन ने अब तक 131.29 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है जबकि तेलुगू वर्जन से करीब 95 लाख रुपये की कमाई हुई है।

दुनियाभर में 176 करोड़ के पार पहुंची फिल्म

घरेलू बॉक्स ऑफिस के साथ-साथ 'मिर्जापुर: द मूवी' का जलवा विदेशों में भी देखने को मिल रहा है। शुरुआती 5 दिनों में फिल्म ने दुनियाभर में 176.67 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया है। फिल्म ने ओवरसीज मार्केट से करीब 27 करोड़ रुपये कमाए हैं। वहीं 5 दिनों में भारत में फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 149.67 करोड़ रुपये और नेट कलेक्शन 125.35 करोड़ रुपये बताया गया है। अब छठे दिन की कमाई जुड़ने के बाद ये आंकड़ा और ऊपर पहुंच गया है।

छठे दिन इन फिल्मों को छोड़ा पीछे

-'मिर्जापुर: द मूवी' की छठे दिन की कमाई की तुलना 2026 में रिलीज हुई कुछ फिल्मों से भी की जा रही है। फिल्म ने अक्षय कुमार की 'भूत बंगला' और 'वेलकम टू द जंगल' को पीछे छोड़ दिया है। दोनों फिल्मों ने अपने छठे दिन 6.15 करोड़ रुपये कमाए थे।

-वहीं शाहिद कपूर की 'कॉकटेल 2' ने छठे दिन 5.25 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। दूसरी तरफ इमरान हाशमी की 'आवारापन 2' ने छठे दिन 6.75 करोड़ रुपये कमाए थे। ऐसे में 'मिर्जापुर: द मूवी' का 7 करोड़ रुपये का आंकड़ा इन फिल्मों से आगे निकल गया है।

कालीन भैया से लेकर गुड्डू भैया तक, फिर दिखा पुराना भौकाल

-फिल्म में एक बार फिर 'मिर्जापुर' यूनिवर्स के सबसे पसंदीदा किरदार बड़े पर्दे पर लौटे हैं। पंकज त्रिपाठी कालीन भैया के रोल में नजर आ रहे हैं जबकि दिव्येंदु शर्मा ने मुन्ना भैया का किरदार निभाया है। अली फजल एक बार फिर गुड्डू भैया के अंदाज में दर्शकों के सामने हैं।

-इस बार 'मिर्जापुर' की दुनिया में रवि किशन और जीतेंद्र की भी एंट्री हुई है। रसिका दुग्गल, श्वेता त्रिपाठी और श्रिया पिलगांवकर भी फिल्म का हिस्सा हैं। इन पुराने और नए चेहरों ने फिल्म को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी और बढ़ा दी है।

तीन सीजन की कामयाबी के बाद बड़े पर्दे पर आया 'मिर्जापुर'

-'मिर्जापुर: द मूवी' की जड़ें इसी नाम की लोकप्रिय वेब सीरीज से जुड़ी हैं। अब तक सीरीज के तीन सीजन रिलीज हो चुके हैं और हर सीजन को दर्शकों का जबरदस्त प्यार मिला है। कालीन भैया, मुन्ना भैया और गुड्डू भैया जैसे किरदारों ने अपनी अलग पहचान बनाई है।

-इसी मजबूत फैन फॉलोइंग का फायदा फिल्म को सिनेमाघरों में भी मिलता दिखाई दे रहा है। सीरीज की लोकप्रियता ने दर्शकों को फिल्म तक खींचा और अब बॉक्स ऑफिस के आंकड़े इसकी सफलता की कहानी बयां कर रहे हैं।