September 11, 2026

Mirzapur The Movie BO: सिनेमाघरों में 'मिर्जापुर' का भौकाल, ₹200 करोड़ के पार, 'आवारापन 2' को दी मात - Haribhoomi

‘मिर्जापुर: द मूवी’ का बॉक्स ऑफिस पर जलवा बरकरार है। पंकज त्रिपाठी और अली फज़ल की इस फिल्म ने सातवें दिन दुनियाभर में ₹200 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है।

Mirzapur The Movie Box Office Collection

‘मिर्जापुर: द मूवी’ बॉक्स ऑफिस कलेक्शन

  • Published: 11 Sep 2026, 12:15 PM IST
  • Last Updated: 11 Sep 2026, 12:15 PM IST

Mirzapur Movie Worldwide Box Office Collection Day 7: पंकज त्रिपाठी और अली फजल की फिल्म ‘मिर्जापुर: द मूवी’ को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त क्रेज है, जिसका सीधा असर बॉक्स ऑफिस पर नजर आ रहा है। रिलीज के सातवें दिन फिल्म ने वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर मजबूत पकड़ बनाते हुए ₹200 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया।

पहले वीकेंड में ही पार किया था ₹100 करोड़ का आंकड़ा
‘मिर्जापुर: द मूवी’ ने सिनेमाघरों में अच्छी शुरुआत की थी। फिल्म ने ओपनिंग वीकेंड खत्म होने तक दुनियाभर में ₹100 करोड़ से ज्यादा का कारोबार कर लिया था। खास बात यह रही कि सोमवार को फिल्म की कमाई में उम्मीद के मुताबिक बड़ी गिरावट नहीं आई।

  • इसके बाद वीकडेज में भी फिल्म ने अपनी रफ्तार काफी हद तक कायम रखी। रिलीज के सातवें दिन यानी गुरुवार को भी फिल्म ने भारत में ₹10 करोड़ से ज्यादा का नेट कलेक्शन किया।
  • पहले दिन फिल्म की कमाई करीब ₹25 करोड़ रही थी। सात दिनों में इसका घरेलू नेट कलेक्शन लगभग ₹148 करोड़, जबकि ग्रॉस कलेक्शन करीब ₹177 करोड़ पहुंच गया है।
  • गुरुवार की कमाई के साथ ‘मिर्जापुर: द मूवी’ ने 2026 की सबसे सफल हिंदी फिल्मों की टॉप-5 लिस्ट में एंट्री कर ली है। फिल्म का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन अब करीब ₹213 करोड़ हो चुका है।

🔥 #MIRZAPURTHEMOVIE WEEK 1 BOX OFFICE

💰 Over ₹148 Cr India Net
🏆 3rd Highest Opening Week of 2026
⚡ ₹50 Cr Net in 2 Days
🚀 ₹100 Cr Net in 4 Days
🎟️ Over 29 Lakh BookMyShow Tickets Sold
🍿 Over 25 Lakh Tickets Sold Across PVR, INOX & Cinepolis

The Mirzapur fanbase has…

— Sacnilk Entertainment (@SacnilkEntmt) September 11, 2026

यूपी-बिहार के छोटे शहरों में सबसे ज्यादा डिमांड
फिल्म को उत्तर भारत में खासतौर पर छोटे शहरों के दर्शकों से जबरदस्त समर्थन मिल रहा है। उत्तर प्रदेश और बिहार के कई मास सेंटर्स में फिल्म की पकड़ मजबूत बनी हुई है। टियर-2 शहरों के कई सिंगल स्क्रीन सिनेमाघरों में दोपहर के शो तक हाउसफुल जाने की खबरें हैं। 

आवारापन 2 को पछाड़कर टॉप-5 में बनाई जगह
इस आंकड़े के साथ फिल्म ने इमरान हाशमी की ‘आवारापन 2’ को पीछे छोड़ दिया है, जिसने अब तक करीब ₹212 करोड़ की कमाई की है। ‘आवारापन 2’ की कमाई की रफ्तार फिलहाल काफी धीमी बताई जा रही है, इसलिए उसके दोबारा ‘मिर्जापुर: द मूवी’ से आगे निकलने की संभावना कम है।

बड़े पर्दे पर फिर लौटी ‘मिर्जापुर’ की दुनिया
गुरमीत सिंह के निर्देशन में बनी ‘मिर्जापुर: द मूवी’ को पुनीत कृष्णा ने लिखा है। यह फिल्म लोकप्रिय ‘मिर्जापुर’ फ्रेंचाइजी को ओटीटी से सिनेमाघरों तक लेकर आई है।

फिल्म की कहानी को सीरीज के पहले सीजन से पहले की घटनाओं से जोड़कर देखा जा रहा है। इसमें फ्रेंचाइजी के कई लोकप्रिय किरदारों की कहानी को बड़े पर्दे पर आगे बढ़ाया गया है।

पंकज त्रिपाठी एक बार फिर कालीन भैया के किरदार में नजर आ रहे हैं। वहीं अली फज़ल ने गुड्डू पंडित और दिव्येंदु ने मुन्ना त्रिपाठी के रूप में वापसी की है। इनके अलावा रसिका दुग्गल, श्वेता त्रिपाठी शर्मा, श्रिया पिलगांवकर और जितेंद्र कुमार भी फिल्म का हिस्सा हैं। फिल्म में रवि किशन, अभिषेक बनर्जी, सोनल चौहान, मोहित मलिक और सुशांत सिंह जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में दिखाई दे रहे हैं।