October 7, 2026

'वो बहुत आगे तक जाएंगे..' ईशान किशन ने की नमन धीर की जमकर तारीफ, जानिए MI में गुजारे पुराने दिनों को याद कर क्या कहा?

Ishan Kishan : ईशान किशन ने लखनऊ में इंडिया और वेस्ट इंडीज के बीच खेले गए पहले T20 में शानदार प्रदर्शन के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर और नमन धीर की जमकर तारीफ की है.

Ishan Kishan : ईशान किशन ने लखनऊ में इंडिया और वेस्ट इंडीज के बीच खेले गए पहले T20 में शानदार प्रदर्शन के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर और नमन धीर की जमकर तारीफ की है.

author-image

New Update

Ishan Kishan

Ishan Kishan Photograph: (x)

Ishan Kishan : भारत के स्टार बल्लेबाज ईशान किशन इन दिनों बल्ले के साथ लगातार तबाही मचा रहे हैं. ईशान इन दिनों वेस्टइंडीज के खिलाफ खेली जा रही पांच मैचों की टी20 सीरीज का हिस्सा हैं. वो श्रेयस अय्यर की कप्तानी में आज कल टीम के प्रमुख बल्लेबाज के तौर पर खेलते हुए नजर आ रहे हैं. उन्होंने इस सीरीज के पहले टी20 मैच में लखनऊ में 37 रनों की नाबाद पारी खेली. इस पारी की बदौलत उन्होंने टीम इंडिया को जीत दिलाई. टीम के लिए कप्तान श्रेयस अय्यर ने 102 रनों की शतकीय पारी खेली. तो वहीं नमन धीर ने 3 विकेट हासिल किए.

इन दोनों खिलाड़ियों के वेस्टइंडीज के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करने के बाद इंडियन क्रिकेट टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन ने जमकर इनकी तारीफ की है. उन्होंने कप्तान श्रेयस अय्यर और नमन धीर को लेकर बड़ा बयान दिया है, ईशान ने जियोहॉटस्टार के साथ बात करते हुए इनके बारे में क्या कहा है, आइए जानते हैं.  

— BCCI (@BCCI) October 6, 2026

ईशान किशन ने की श्रेयस अय्यर की जमकर तारीफ 

ईशान किशन ने कहा कि, 'एक बल्लेबाज के तौर पर जब मैं बहुत अच्छे टच में नहीं दिख रहा होता और दूसरी तरफ का बल्लेबाज शानदार फॉर्म में दिख रहा होता है और गेंद को अच्छी तरह से कनेक्ट कर रहा होता है, तो मुझे सहयोगी की भूमिका निभाने में कोई दिक्कत नहीं होती. अय्यर हमारी साझेदारी में ज्यादातर रन बना रहे थे. अगर वह शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं, तो मेरा काम है कि उन्हें विरोधी गेंदबाजों को सजा देने दूं'.

किशन ने आगे कहा कि, 'अय्यर ने वह काम बहुत अच्छे से किया और आखिर में हमने रन चेज को सफलतापूर्वक पूरा किया. योजना आसान थी. हमारे मन में एक लक्ष्य था और हमने उसे छोटे-छोटे हिस्सों में बांट दिया. जब भी गेंदबाज मेरे जोन में गेंदबाजी करता, मैं स्कोर करने की कोशिश करता. दूसरी तरफ श्रेयस पूरे फ्लो में थे, इसलिए हमने बस स्कोरबोर्ड को आगे बढ़ाया. कोई पैनिक नहीं था क्योंकि हम जानते थे कि एक अच्छा ओवर गेम बदल देगा. ऐसा ही हुआ और हम जीत गए'.

— BCCI (@BCCI) October 7, 2026

ईशान ने नमन धीर को बताया टीम इंडिया का फ्यूचर

ईशान किशन ने कहा कि, 'मैंने अपने मुंबई इंडियंस के दिनों में नमन को गेंदबाजी करते देखा है. उस समय मैं कहूंगा कि वह एक पार्ट-टाइम गेंदबाज ज्यादा थे. इस मैच में जिस तरह से वह गेंदबाजी कर रहा था और डेब्यू मैच में छक्का लगने के बाद उसमें जो आत्मविश्वास था, उसे देखते हुए, आप ज्यादा रक्षात्मक हो जाते हैं लेकिन नमन ने ऐसा नहीं किया और विरोधी बल्लेबाजों को एक्स्ट्रा फ्लाइट देते रहे, जिससे उन्हें अपने डेब्यू गेम में कुछ विकेट लेने में मदद मिली'.

किशन ने कहा कि, 'उसका रक्षात्मक न होकर बैट्समैन पर अटैक करना कुछ ऐसा है, जिससे आपको पता चलता है कि इस खिलाड़ी ने असल में अपनी गेंदबाजी, अपनी स्किल पर बहुत मेहनत की है. इससे पता चलता है कि उसकी मानसिकता विकेट लेने की है. अगर वह इसी तरह गेंदबाजी करता रहा, तो वह बहुत आगे जाएगा'. नमन धीर ने अपने डेब्यू टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में 4 ओवर में 33 रन देकर 3 विकेट हासिल किए. 

— BCCI (@BCCI) October 7, 2026

भारत-वेस्टइंडीज पहले टी20 मैच का हाल 

भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेले गए पहले टी20 मुकाबले में वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 171 रन बनाए थे. भारत ने 14.4 ओवर में 2 विकेट पर 172 रन बनाकर मैच 8 विकेट से जीत लिया था. टीम के लिए नमन धीर ने 3 विकेट, अक्षर पटेल और कुलदीप यादव ने 2-2 विकेट लिए हासिल किए. वहीं अर्शदीप सिंह और मयंक यादव को 1-1 विकेट मिला. बल्लेबाजी में टीम के लिए कप्तान श्रेयस अय्यर ने 43 गेंदों पर नाबाद 102 रन बनाए. ईशान किशन 27 गेंदों पर 37 रनों की नाबाद पारी खेली. 

ये भी पढ़ें :नेपियर का वो आखिरी मैच और 4 साल का इंतजार... जानें 'स्विंग के किंग' भुवनेश्वर कुमार के आखिरी मुकाबले का रोमांच