August 8, 2026

दिल्ली के नरेला में मर्सिडीज-वैगनआर की आपस में टक्कर, 70 साल की महिला की मौत, पुलिस हिरासत में SI का बेटा - Haribhoomi

Mercedes Car Accident: दिल्ली के नरेला में मर्सिडीज-वैगनआर की आपस में टक्कर, 70 साल की महिला की मौत, पुलिस हिरासत में SI का बेटा

Mercedes Car Accident: दिल्ली के नरेला में मर्सिडीज और वैगनआर की टक्कर हो गई। इस हादसे में 70 साल की महिला की मौत हो गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Mercedes Car Accident

दिल्ली के नरेला में मर्सिडीज कार ने महिला को रौंदा।

  • Published: 08 Aug 2026, 03:53 PM IST
  • Last Updated: 08 Aug 2026, 03:58 PM IST

Mercedes Car Accident: दिल्ली के नरेला में आज 8 अगस्त को आज शनिवार को सुबह तेज रफ्तार मर्सिडीज और  वैगनआर की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में 70 साल की महिला की दर्दनाक मौत हो गई।

मामले के बारे में पता लगने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई, जिसके बाद शव को कब्जे ले लिया गया। पुलिस ने इस मामले में एक युवक को हिरासत में लिया है, जिसे हरियाणा पुलिस में तैनात एक SI का बेटा बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। 

सुबह सैर पर निकली थी मृतका

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हादसा आज सुबह करीब 8 बजे नरेला थाना क्षेत्र के मामूरपुर स्थित हिमालय अपार्टमेंट के सामने हुआ था। मृतका की पहचान  70 साल की उर्मिला के तौर पर हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि महिला सुबह घूमने के लिए निकली थी,उसी दौरान तेज रफ्तार में आ रही  मर्सिडीज और  वैगनआर की चपेट में आने से उर्मिला की मौत हो गई।

शुभम ने दोस्त से ली थी गाड़ी 

शुरुआती जांच में सामने आया है कि हादसे के समय Mercedes कार शुभम नाम का युवक चला रहा था। पुलिस ने उसे मौके से ही हिरासत में ले लिया है। जांच में पता लगा है कि शुभम हरियाणा पुलिस में तैनात एक सब इंस्पेक्टर का बेटा है।

पुलिस का कहना है कि   Mercedes शुभम की खुद की नहीं थी। यह गाड़ी उसके दोस्त की बताई जा रही है। शुभम ने एक दिन पहले कहीं जाने के लिए गाड़ी अपने दोस्त से मांगी थी। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।  

शुभम की होगी मेडिकल जांच

पुलिस की शुरुआती जांच में संभावना जताई है कि  Mercedes चालक शुभम नशे की हालत में हो सकता है। लेकिन पुलिस का कहना है कि इसकी पुष्टि मेडिकल जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस अधिकारी चालक की मेडिकल जांच कराने में जुटे हुए हैं। हर पहलू से मामलेकी जांच की जा रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि  Mercedes की रफ्तार कितनी थी और दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई। 

पुलिस जांच में जुटी

पुलिस के मुताबिक Mercedes और WagonR की टक्कर के बाद WagonR पीछे खड़ी एक लोडिंग थ्री-व्हीलर से जा भिड़ी। इस दौरान वहां मौजूद उर्मिला इसकी चपेट में आ गईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं वैगनआर चालक को मामूली चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया जा रहा है।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। वहीं पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी सबूत जुटाए गए हैं। वहीं सीसीटीवी फुटेज समेत दूसरे पहलुओं की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने इस मामले में फेटल एक्सीडेंट केस दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।