July 24, 2026

Meerut News: मेरठ में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आई जगन्नाथ रथ यात्रा, एक श्रद्धालु की मौत; 9 झुलसे

Meerut News: मेरठ में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आई जगन्नाथ रथ यात्रा, एक श्रद्धालु की मौत; 9 झुलसे

मेरठ में भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा के दौरान हादसा.

Meerut News: मेरठ के परीक्षितगढ़ थाना क्षेत्र में शुक्रवार को भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा के दौरान बड़ा हादसा हो गया. यात्रा के दौरान रथ हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया, जिससे रथ और उसके आसपास मौजूद श्रद्धालुओं में करंट फैल गया. इस हादसे में एक श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि नौ अन्य लोग झुलस गए. सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है. डॉक्टरों के मुताबिक सभी घायलों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है.

कैसे हुआ हादसा?

जानकारी के अनुसार, रथ यात्रा अपने तय मार्ग से गुजर रही थी. इसी दौरान रथ पर लगा ऊंचा ध्वज ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गया. बताया जा रहा कि बारिश के कारण बिजली के तारों में भी तकनीकी दिक्कत थी. ध्वज के लाइन से छूते ही पूरे रथ में करंट फैल गया और आसपास चल रहे श्रद्धालु इसकी चपेट में आ गए. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई.

ये भी पढ़ें- नहीं कटवाए बाल तो स्कूल से कट गया नाम डीएम से बोला परिवार- कटवा लेंगे, एडमिशन करवा दीजिए

एक श्रद्धालु की मौत, 9 घायल

हादसे में सचिन नाम के एक श्रद्धालु की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं करंट लगने से नौ अन्य श्रद्धालु झुलस गए. स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया. डॉक्टरों ने बताया कि सभी घायलों का इलाज जारी है और उनकी हालत स्थिर बनी हुई है.

5 साल से निकल रही रथ यात्रा

स्थानीय लोगों के अनुसार, भगवान जगन्नाथ की यह रथ यात्रा पिछले पांच वर्षों से लगातार निकाली जा रही है. इस बार भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु यात्रा में शामिल हुए थे. हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है. एहतियात के तौर पर रथ यात्रा को बीच में ही रोक दिया गया.

मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी

घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी अविनाश पांडे और एसपी देहात अभिजीत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, घायलों का हाल जाना और राहत-बचाव कार्य का जायजा लिया. पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में हादसे की वजह हाईटेंशन लाइन की चपेट में रथ का आना सामने आया है.

अनमोल शर्मा

अनमोल शर्मा

मैं अनमोल शर्मा पिछले 8 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हूं और ग्राउंड रिपोर्टिंग का व्यापक अनुभव रखता हूं. वर्ष 2019 से TV9 समूह से जुड़कर ब्रेकिंग और एक्सक्लूसिव खबरों में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा हूं. राजनीति, क्राइम, जन आंदोलन, महामारी और संवेदनशील मुद्दों की निष्पक्ष व तथ्यपरक रिपोर्टिंग मेरी पहचान रही है. डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए लगातार ट्रेंडिंग खबरें उपलब्ध कराकर चैनल की ऑनलाइन व्यूअरशिप बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई है. मेहनत, निर्भीकता और निष्पक्षता के बल पर दर्शकों के बीच एक भरोसेमंद पत्रकार के रूप में पहचान बनाई है. मेरठ की कर्मभूमि है.

Read More

google button