September 7, 2026

MBBS की भारी डिमांड, BDS की आधी सीटें खाली! महाराष्ट्र NEET UG काउंसलिंग का पहला राउंड पूरा

Time Published: Monday, September 7, 2026, 10:31 [IST]

Maharashtra NEET UG Counselling 2026: महाराष्ट्र में मेडिकल और डेंटल कॉलेजों में दाखिले के लिए चल रही NEET UG काउंसलिंग 2026 के पहले राउंड में MBBS सीटों की मांग काफी ज्यादा रही है। महाराष्ट्र स्टेट कॉमन एंट्रेंस टेस्ट सेल के 6 सितंबर को जारी आंकड़ों के मुताबिक, राज्य कोटे की कुल 10,646 MBBS और BDS सीटों में से 8,001 सीटों पर दाखिला हो चुका है। यानी पहले राउंड में करीब 75.15 फीसदी सीटें भर गईं।

हालांकि, MBBS और BDS के आंकड़ों को अलग-अलग देखें तो तस्वीर काफी अलग है। MBBS में जहां 84 फीसदी से ज्यादा सीटें भर गईं, वहीं BDS की आधे से भी कम सीटों पर दाखिला हुआ। पहले राउंड में सीट पाने वाले हजारों छात्रों ने बेहतर कॉलेज या सीट की उम्मीद में बेटरमेंट का विकल्प भी चुना है।

Maharashtra NEET UG Counselling 2026

8 हजार से ज्यादा सीटों पर दाखिला

पहले राउंड में अलॉट हुई सीटों में से 1,317 छात्रों ने अपनी सीट फ्रीज कर दी। वहीं 6,684 उम्मीदवारों ने बेटरमेंट का विकल्प चुना है। बेटरमेंट चुनने वाले छात्रों को काउंसलिंग के अगले राउंड में अपनी पसंद के कॉलेज या सीट को पाने का मौका मिलेगा। पहले राउंड के बाद राज्य में कुल 2,645 सीटें खाली रह गई हैं।

ये भी पढ़ें: NEET UG Round 2 Counselling के लिए 659 MBBS-BDS सीटें बढ़ीं, AIIMS-KGMU की भी लिस्ट जारी

MBBS में 84.58% सीटें भर गईं

महाराष्ट्र में MBBS की कुल 8,129 सीटें उपलब्ध थीं। पहले राउंड में इनमें से 6,876 सीटों पर दाखिला हुआ। इस तरह एमबीबीएस की 84.58 फीसदी सीटें भर चुकी हैं। अब राज्य में 1,253 एमबीबीएस सीटें खाली हैं।

सरकारी मेडिकल कॉलेजों में सबसे ज्यादा दाखिले

सरकारी मेडिकल कॉलेजों में MBBS सीटों को लेकर छात्रों का रुझान सबसे ज्यादा देखने को मिला। सरकारी मेडिकल कॉलेजों की कुल 4,980 एमबीबीएस सीटों में से 4,665 सीटें पहले राउंड में भर गईं। यानी यहां 93.67 फीसदी सीटों पर एडमिशन हो चुका है। इनमें 888 छात्रों ने सीट फ्रीज की, जबकि 3,677 छात्रों ने बेटरमेंट का विकल्प चुना। सरकारी मेडिकल कॉलेजों में अब 415 MBBS सीटें खाली हैं।

निजी मेडिकल कॉलेजों में 73.38% दाखिले

प्राइवेट मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस की कुल 3,149 सीटें थीं। इनमें से 2,311 सीटों पर दाखिला हुआ है। इस हिसाब से निजी मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस की 73.38 फीसदी सीटें भर गईं, जबकि 838 सीटें अभी खाली हैं। इनमें 249 छात्रों ने सीट फ्रीज की और 2,062 उम्मीदवारों ने बेटरमेंट का विकल्प चुना।

BDS में कम रहा छात्रों का रुझान

MBBS की तुलना में BDS सीटों को लेकर छात्रों की पसंद काफी कम रही। महाराष्ट्र में कुल 2,517 BDS सीटें उपलब्ध थीं। पहले राउंड में इनमें से सिर्फ 1,125 सीटों पर दाखिला हुआ। यानी BDS की 44.69 फीसदी सीटें भर पाईं, जबकि 1,392 सीटें खाली रह गईं।

सरकारी डेंटल कॉलेजों में 61.82% एडमिशन

सरकारी डेंटल कॉलेजों में बीडीएस की कुल 317 सीटें थीं। इनमें से 196 सीटों पर दाखिला हुआ। यहां एडमिशन की दर 61.82 फीसदी रही। इनमें 19 छात्रों ने सीट फ्रीज की, जबकि 177 उम्मीदवारों ने बेटरमेंट चुना। सरकारी डेंटल कॉलेजों में अब 121 बीडीएस सीटें खाली हैं।

प्राइवेट डेंटल कॉलेजों में 42.22% सीटें भरीं

निजी डेंटल कॉलेजों में बीडीएस की कुल 2,200 सीटें उपलब्ध थीं। पहले राउंड में इनमें से 929 सीटों पर दाखिला हुआ। इस तरह निजी डेंटल कॉलेजों में एडमिशन की दर 42.22 फीसदी रही और 1,271 सीटें खाली रह गईं। इनमें 161 छात्रों ने अपनी सीट फ्रीज की, जबकि 768 उम्मीदवारों ने बेटरमेंट का विकल्प चुना।

दूसरे राउंड की काउंसलिंग शुरू

महाराष्ट्र स्टेट कॉमन एंट्रेंस टेस्ट सेल ने MBBS और BDS दाखिले के दूसरे राउंड का शेड्यूल भी जारी कर दिया है। दूसरे राउंड में उपलब्ध सीटों की जानकारी 7 सितंबर को जारी की जाएगी। इसके बाद उम्मीदवार 8 से 10 सितंबर तक अपनी पसंद और कॉलेज की प्राथमिकताएं भर सकेंगे। दूसरे राउंड के लिए सीट अलॉटमेंट का रिजल्ट 12 सितंबर 2026 को जारी किया जाएगा। दूसरे राउंड में बेटरमेंट का विकल्प चुनने वाले छात्रों के लिए कॉलेज और सीट बदलने का यह अहम मौका होगा।

ये भी पढ़ें: NEET UG 2026: बिहार में बढ़ीं 100 MBBS सीटें, छपरा और समस्तीपुर में इस सत्र से शुरू होंगा एडमिशन