October 4, 2026

Manglik Dosh Upay: मांगलिक दोष के कारण नहीं हो रही शादी? ये 10 आसान उपाय दिलाएंगे राहत!

Manglik Dosh ke Upay: वैदिक ज्योतिष में जन्म कुंडली में ग्रहों की स्थिति के आधार पर कई तरह के दोष और योग बताए गए हैं. इन्हीं में से एक मांगलिक दोष है, जिसे मंगल दोष या मंगली दोष भी कहा जाता है. ज्योतिष शास्त्र में मंगल को ऊर्जा, साहस और उग्र स्वभाव का कारक माना जाता है. ज्योतिष के अनुसार, जब जन्म कुंडली के पहले, चौथे, सातवें, आठवें या बारहवें भाव में मंगल स्थित होता है तो मांगलिक दोष बनता है. माना जाता है कि इसका प्रभाव व्यक्ति के स्वभाव और खासतौर पर वैवाहिक जीवन पर पड़ सकता है.

इसके कारण गुस्सा बढ़ना, पति-पत्नी के बीच मतभेद, आपसी तालमेल में कमी या विवाह में देरी जैसी परेशानियां आती हैं. कुछ ज्योतिषीय मान्यताओं में इसके प्रभाव को आर्थिक और पारिवारिक परेशानियों से भी जोड़ा जाता है. अगर आप भी कुंडली में मांगलिक दोष से परेशान हैं और इसके प्रभाव को कम करना चाहते हैं तो ज्योतिष में इसके लिए कुछ आसान उपाय बताए गए हैं. इन उपायों को करने से मंगल के नकारात्मक प्रभाव को कम हो सकते हैं. तो आइए जानते हैं मांगलिक दोष से राहत पाने के 10 उपाय.

मांगलिक दोष के 10 आसान उपाय

1. हनुमान मंदिर में चढ़ाएं गुड़-चना:- मंगल दोष के प्रभाव को कम करने के लिए मंगलवार के दिन हनुमान मंदिर जाकर भगवान को गुड़, चना और बूंदी का भोग लगाने की मान्यता है. इससे मंगल ग्रह की स्थिति को शांत करने में मदद मिलने की बात कही जाती है.

2. हनुमान चालीसा का पाठ करें:- मंगलवार और शनिवार को हनुमान चालीसा का पाठ करना शुभ माना जाता है. इस दौरान घी का दीपक जलाकर हनुमान जी की पूजा करने से भी मंगल से जुड़े दोषों का प्रभाव कम होने की मान्यता है.

3. गुरुवार को केले के पेड़ की पूजा करें:- अगर मांगलिक दोष के कारण विवाह में रुकावट या देरी हो रही है तो हर गुरुवार केले के पेड़ की पूजा करने का उपाय बताया गया है. मान्यता है कि इससे विवाह से जुड़ी बाधाएं कम हो सकती हैं.

4. कर्ज से मुक्ति के लिए करें ये उपाय:- मंगल दोष को कई बार कर्ज और आर्थिक परेशानियों से भी जोड़कर देखा जाता है. ऐसी स्थिति में कुछ जौ को लाल कपड़े में बांधकर रात को सोते समय अपने सिरहाने रखने और अगले दिन सुबह जरूरतमंद व्यक्ति को दान करना चाहिए.

5. पूर्णिमा पर करें हवन:- घर में सुख-शांति और सकारात्मक वातावरण बनाए रखने के लिए पूर्णिमा के दिन हवन करना शुभ माना जाता है. ज्योतिषीय मान्यता के अनुसार, इससे घर का नकारात्मक वातावरण कम करने में मदद मिल सकती है.

6. नारियल से करें मंगल दोष का उपाय:- मंगलवार के दिन एक नारियल को लाल कपड़े में बांधकर हनुमान मंदिर में अर्पित करने का उपाय बताया गया है. मान्यता है कि श्रद्धापूर्वक किया गया यह उपाय मांगलिक दोष के प्रभाव को कम करने में सहायक हो सकता है.

7. भगवान विष्णु को चढ़ाएं जौ:- अगर मेहनत करने के बाद भी बार-बार असफलता मिल रही है तो गुरुवार के दिन भगवान विष्णु की पूजा करें और उन्हें जौ अर्पित करें. इसे मंगल दोष से जुड़ी परेशानियों को कम करने वाले उपायों में गिना जाता है.

8. जौ से जुड़ा ये उपाय करें:- मांगलिक दोष के प्रभाव को कम करने के लिए सवा किलो जौ को दूध से धोकर कपड़े में बांधने का उपाय भी बताया गया है. इसके बाद इसे दक्षिण दिशा वाले कमरे में किसी भारी वस्तु के नीचे रखने की मान्यता है.

9. मंगलवार को गौ सेवा करें:- मंगलवार के दिन गाय की पूजा और सेवा करना शुभ माना जाता है. इस दिन गाय को भोजन कराना और उसकी सेवा करना मंगल ग्रह से जुड़ी परेशानियों को कम करने वाला उपाय माना गया है.

10. वानर को भोजन कराएं:- मंगलवार के दिन बंदर या वानर को खाने-पीने की चीजें खिलाने की भी धार्मिक मान्यता है. माना जाता है कि इससे मंगल दोष के कारण जीवन में आने वाली परेशानियों को कम करने में मदद मिल सकती है.

Disclaimer: इस खबर में दी गई जानकारी धार्मिक मान्यताओं और सामान्य जानकारियों पर आधारित है. टीवी9 भारतवर्ष इसकी पुष्टि नहीं करता है.

सना चौधरी

सना चौधरी

सना यूपी के गाजियाबाद की रहने वाली हैं. सना ने हाईटेक इंस्टीट्यूट से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है. पढ़ाई के साथ-साथ कंटेंट ऑप्टिमाईजेशन और वीडियो एडिटिंग भी सीखा है. जिसके बाद सना ने अलग-अलग जगहों पर डिजिटल कॉन्टेंट राइटर और वीडियो एडिटर के तौर पर काम किया.  इससे पहले सना Zee मीडिया में बतौर वीडियो और कंटेंट एडिटर काम कर चुकी हैं. उन्होंने जी न्यूज में सोशल मीडिया पेज मैनेज किया है. Zee के बाद सना ने टीवी9 भारतवर्ष की वेबसाइट TV9hindi.com में बतौर ट्रेनी ज्वाइन किया. सना को न्यूज़ एंकरिंग का भी शौक है.

Read More

google button