12:08 PM, 08-Aug-2026
खरगे रैली से पहले हल्द्वानी में हंगामा
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रैली से पहले माहौल गर्मा गया है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, यशपाल आर्य, करन मेहरा रैली से दो घंटे पहले पुलिस बहुउद्देशीय भवन पहुंचे और धरना दिया। उनका आरोप था कि पुलिस सत्ता के दबाव में कार्यकर्ताओं के वाहनों को रोक रही है। इस बीच एसपी जगदीश चंद्र के आश्वासन के बाद कांग्रेसी नेता वहां से रामलीला मैदान कार्यक्रम स्थल लौट गए। करीब आधा घंटा हंगामा चलता रहा।
12:02 PM, 08-Aug-2026
खरगे रैली का पंडाल 75% भरा
हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की जनसभा को लेकर अब रौनक बढ़ने लगी है। पंडाल की करीब 75 फीसदी सीटें कार्यकर्ताओं से भर चुकी हैं। धीरे-धीरे भीड़ उमड़ रही है और कार्यकर्ताओं में उत्साह है। रैली स्थल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
विज्ञापन
11:52 AM, 08-Aug-2026
खरगे की रैली में गाड़ियां रोकने पर भड़के नेता
खरगे की रैली में गाड़ियां रोकने पर भड़के नेता - फोटो : अमर उजाला
हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रैली को लेकर तनाव बढ़ गया है। पुलिस की ओर से रैली में आने वाली वाहनों को रोके जाने के विरोध में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, करण मेहरा और अन्य वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने धरना शुरू कर दिया है। नेताओं ने पुलिस पर कार्यकर्ताओं को जानबूझकर रोकने का आरोप लगाया है। हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं।
11:44 AM, 08-Aug-2026
खरगे की रैली में शुरुआती उत्साह फीका, 11 बजे तक कुर्सियां खाली
खरगे रैली में 11 बजे तक सन्नाटा - फोटो : अमर उजाला
हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की आज होने वाली जनसभा में दोपहर 11 बजे तक कार्यकर्ताओं की संख्या बेहद कम है। मैदान में लगी ज्यादातर कुर्सियां अभी खाली हैं। मंच पर तैयारियां जारी हैं, लेकिन भीड़ अभी उमड़ने का नाम नहीं ले रही। हालांकि, पार्टी पदाधिकारियों को उम्मीद है कि दोपहर बाद कार्यकर्ता बड़ी संख्या में पहुंचेंगे। रैली स्थल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
10:44 AM, 08-Aug-2026
खरगे रैली से पहले पुलिस ने कसी कमर, बेलबाबा पर वाहनों की सघन चेकिंग
बेलबाबा पर वाहनों की सघन चेकिंग - फोटो : अमर उजाला
हल्द्वानी में आज कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की जनसभा को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। बेलबाबा क्षेत्र में पुलिस वाहनों की सघन चेकिंग कर रही है। शहर में प्रवेश करने वाले हर वाहन की जांच की जा रही है और चालकों की पूरी जानकारी दर्ज करने के बाद ही उन्हें आगे बढ़ने दिया जा रहा है। रैली को लेकर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।
10:31 AM, 08-Aug-2026
रामलीला मैदान में चार गेटों से होगी एंट्री, खरगे मुख्य गेट से प्रवेश करेंगे
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के शहर में प्रस्तावित रैली के लिए पुलिस ने तैयारियां पूरी कर ली है। डायवर्जन प्लान जारी करने के साथ ही रैली स्थल पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। रामलीला मैदान में प्रवेश के लिए चार गेट बनाए गए हैं। इनमें से मुख्य गेट से केवल राष्ट्रीय अध्यक्ष खरगे के काफिले को प्रवेश दिया जाएगा। नेता और कार्यकर्ता अन्य गेटों से प्रवेश करेंगे। पुलिस की ओर से देर शाम कार्यक्रम स्थल पर तैनात फोर्स के बाबत जानकारी साझा की गई है। तीन राजपत्रित अधिकारियों के साथ ही चार इंस्पेक्टर, 65 एसआई और एएसआई समेत 300 कर्मचारी और दो प्लाटून पीएसी तैनात की गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन
10:19 AM, 08-Aug-2026
खरगे को परोसा जाएगा रायता
राष्ट्रीय अध्यक्ष शनिवार को हल्द्वानी पहुंचने के बाद स्थानीय स्वाद से भरपूर सादा और पारंपरिक भोजन करेंगे। विधायक सुमित हृदयेश ने बताया कि इस समय सावन का महीना चल रहा है। ऐसे में राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए दाल, रोटी, मिक्स वेज, पहाड़ी रायता, पनीर की सब्जी और चावल परोसे जाएंगे। उन्होंने कहा कि भोजन में उत्तराखंड के पारंपरिक स्वाद की भी झलक देखने को मिलेगी।
09:51 AM, 08-Aug-2026
Mallikarjun Kharge Haldwani Rally Live: खरगे रैली से पहले हल्द्वानी में हंगामा, पुलिस भवन पहुंचे कांग्रेस नेता
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे आज (शनिवार) हल्द्वानी के रामलीला मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे। खरगे का यह पहला हल्द्वानी दौरा है, जिसके साथ ही पार्टी ने उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के लिए अपने अभियान की शुरुआत कर दी है। पार्टी का दावा है कि यह रैली नैनीताल और ऊधमसिंह नगर तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि पूरे कुमाऊं क्षेत्र में एक नए राजनीतिक अध्याय की शुरुआत करेगी।
रैली को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और विधायक सुमित हृदयेश ने शुक्रवार शाम को रैली स्थल का निरीक्षण किया।