मध्यप्रदेश सरकार का करीब 325 करोड़ रुपए का नया Challenger 3500 जेट 15 सितंबर तक भोपाल पहुंच सकता है। अक्टूबर से इसका इस्तेमाल मुख्यमंत्री और वीआईपी यात्राओं के लिए होगा। जेट के दो पायलट अमेरिका में ट्रेनिंग ले रहे हैं। यह कश्मीर से कन्याकुमारी तक नॉनस्टॉप उड़ान भरने में सक्षम है।
325 करोड़ का नया Challenger 3500 जेट(Social Media)
- Published: 29 Aug 2026, 02:00 PM IST
- Last Updated: 29 Aug 2026, 02:00 PM IST
भोपाल: मध्यप्रदेश सरकार का नया अत्याधुनिक Challenger 3500 जेट जल्द ही स्टेट हैंगर की शोभा बढ़ाने वाला है। करीब 325 करोड़ रुपए की कुल लागत वाला यह विमान 15 सितंबर तक भोपाल पहुंचने की संभावना है। तकनीकी जांच और ट्रायल पूरा होने के बाद अक्टूबर से इसका इस्तेमाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव समेत अन्य वीआईपी यात्राओं के लिए किया जा सकेगा।
सरकार ने यह विमान Bombardier कंपनी से खरीदा है। विमान की कीमत करीब 250 करोड़ रुपए बताई गई है। टैक्स और अन्य खर्च जोड़ने के बाद इसकी कुल लागत लगभग 325 करोड़ रुपए होगी। कंपनी विमान सौंपने से पहले इसकी तकनीकी जांच और ट्रायल पूरा करेगी।
अमेरिका में ट्रेनिंग ले रहे दो पायलट
नए जेट के संचालन के लिए मध्यप्रदेश सरकार के दो पायलट विश्वास राय और अरविंद मेहरा को अमेरिका में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। ट्रेनिंग पूरी होने के बाद दोनों पायलट विमान को उड़ाकर भोपाल लाएंगे।
विमान के साथ Bombardier करीब एक साल तक मेंटेनेंस सपोर्ट भी देगा। इस दौरान तकनीकी खराबियों को कंपनी की टीम ठीक करेगी। साथ ही प्रदेश सरकार के कर्मचारियों को विमान के संचालन और रखरखाव की ट्रेनिंग भी दी जाएगी।
सफेद रंग का होगा सरकारी जेट
नया Challenger 3500 सफेद रंग का होगा और उस पर नीले रंग की पट्टी होगी। विमान पर मध्यप्रदेश सरकार का बड़ा लोगो भी लगाया जाएगा। इसका वजन करीब 18 हजार किलो बताया गया है। यह सरकार के मौजूदा पुराने विमान की तुलना में बड़ा और अधिक क्षमता वाला होगा।
कश्मीर से कन्याकुमारी तक नॉनस्टॉप उड़ान
इस जेट की सबसे बड़ी खासियत इसकी लंबी दूरी तक उड़ान भरने की क्षमता है। यह कश्मीर से कन्याकुमारी तक बिना रुके उड़ान भर सकता है। इससे मुख्यमंत्री और अन्य वीआईपी यात्राओं में समय की बचत होगी। लंबी दूरी की यात्रा के दौरान बीच में रुकने या विमान बदलने की जरूरत भी कम होगी।
नवंबर में आएगा नया हेलीकॉप्टर
जेट के बाद प्रदेश सरकार को नया Airbus H160 हेलीकॉप्टर भी मिलने की संभावना है। यह हेलीकॉप्टर नवंबर तक प्रदेश में आ सकता है। इसे फ्रांस में तैयार किया जा रहा है और इसके संचालन के लिए दो सरकारी पायलटों को फ्रांस में ट्रेनिंग दी जा रही है। हेलीकॉप्टर की कीमत करीब 140 करोड़ रुपए है। टैक्स और अन्य खर्च जोड़ने के बाद इसकी कुल लागत लगभग 200 करोड़ रुपए बताई गई है।