Luxury SUV: हुंडई ने अपनी फ्लैगशिप एसयूवी पैलिसेड के 2027 मॉडल को अपडेट के साथ बाजार में उतारा है। नई पैलिसेड में पहली बार हाई रूफ वेरिएंट शामिल हुआ है।
हुंडई पैलिसेड हाई-रूफ वेरिएंट के साथ अपडेट
- Published: 26 Aug 2026, 07:59 PM IST
- Last Updated: 26 Aug 2026, 07:59 PM IST
Luxury SUV: हुंडई ने दक्षिण कोरियाई बाजार में अपनी फ्लैगशिप ICE एसयूवी पैलिसेड के 2027 मॉडल को कई बदलावों के साथ पेश किया है। नई लाइन-अप में सबसे ज्यादा चर्चा इसके हाई रूफ वेरिएंट की हो रही है, जिसे पहली बार पेश किया गया है। यह वेरिएंट पैलिसेड रेंज का सबसे लग्जरी मॉडल है। 2027 पैलिसेड की कीमत दक्षिण कोरिया में KRW 44.78 मिलियन (करीब 30.86 लाख रुपये) से शुरू होती है, जबकि हाई रूफ वेरिएंट की शुरुआती कीमत KRW 81.59 मिलियन (करीब 56.25 लाख रुपये) है।
पहली बार आया हाई रूफ वेरिएंट
नई पैलिसेड हाई रूफ की सबसे बड़ी खासियत इसकी ऊंची रूफ है। इससे केबिन में यात्रियों को 240mm ज्यादा हेडरूम मिलता है। हालांकि, ऊंचाई बढ़ाने के बावजूद ह्यूंदै ने इसे इस तरह डिजाइन किया है कि अंडरग्राउंड पार्किंग जैसी जगहों पर ऊंचाई से जुड़ी पाबंदियों को ध्यान में रखा जा सके। SUV की कुल ऊंचाई 2,005mm रखी गई है।
बाहरी डिजाइन की बात करें तो हाई-रूफ स्ट्रक्चर को बॉडी कलर में रखा गया है और इसमें मेटैलिक हाइलाइट्स दिए गए हैं। इसके अलावा ब्लैक विंडो सराउंड और 21-इंच अलॉय व्हील्स इसके प्रीमियम लुक को और बेहतर बनाते हैं।
इंटीरियर में लग्जरी का खास ध्यान
हाई रूफ के केबिन को ज्यादा प्रीमियम और आरामदायक बनाने पर खास ध्यान दिया गया है। बढ़ी हुई रूफ में पॉप-आउट LED रीडिंग लाइट्स, क्लाइमेट कंट्रोल पैनल और AC वेंट जैसे फीचर्स मिलते हैं। इसके अलावा रूफ पर स्टार-स्टडेड पैटर्न दिया गया है, जो लग्जरी कारों की याद दिलाता है।
एसयूवी में स्टैंडर्ड तौर पर 21.4-इंच स्क्रीन वाला रियर-सीट एंटरटेनमेंट सिस्टम भी दिया गया है। वहीं वीआईपी पैकेज 2 के साथ दूसरी रो के लिए मल्टी-फंक्शन कंसोल मिलता है। इसमें एयर प्यूरीफायर और दो वायरलेस चार्जिंग पैड जैसे फीचर्स शामिल हैं।
ब्लैक इंक और एक्सआरटी ट्रिम भी हुए शामिल
दक्षिण कोरियाई बाजार में ह्यूंदै ने पैलिसेड के साथ ब्लैक इंक ट्रिम भी पेश किया है। यह ट्रिम कैलिग्राफी वेरिएंट पर आधारित है, लेकिन इसमें ज्यादा स्टील्थ और ब्लैक थीम दी गई है।
इसके अलावा एक्सआरटी ट्रिम भी लाइन-अप का हिस्सा है, जो एसयूवी को अलग और ज्यादा रग्ड लुक देता है। हालांकि, अमेरिका में उपलब्ध एक्सआरटी प्रो वेरिएंट को दक्षिण कोरियाई बाजार में पेश नहीं किया गया है। इन बदलावों के बावजूद पैलिसेड का मूल डिजाइन और ओवरऑल लुक पहले के मॉडल के काफी करीब है।
दो पावरट्रेन का विकल्प
2027 ह्यूंदै पैलिसेड को दक्षिण कोरिया में दो पावरट्रेन विकल्पों के साथ पेश किया गया है। पहला 2.5-लीटर टर्बो-पेट्रोल इंजन है, जो 281 PS की पावर जनरेट करता है। इसे 8-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के साथ जोड़ा गया है।
दूसरा विकल्प स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड पावरट्रेन है, जिसका कुल आउटपुट 334 PS है। इसमें 6-स्पीड ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन दिया गया है। दोनों पावरट्रेन के साथ ग्राहक FWD और AWD ड्राइवट्रेन में से विकल्प चुन सकते हैं।
नई पैलिसेड में हाई-रूफ वेरिएंट के जरिए ह्यूंदै नेएसयूवी के लग्जरी और कम्फर्ट पहलू को और मजबूत किया है, जबकि नए ट्रिम और पावरट्रेन विकल्प इसे ज्यादा प्रीमियम और बहुमुखी बनाने की कोशिश करते हैं।
(मंजू कुमारी)