लखनऊ के मड़ियांव इलाके में दोस्त ने पिता के साथ मिलकर युवक के पेट में रॉड घोंपकर हत्या कर दी। दोस्त की मां की पायल बिकवाने और घर पर बताने की बात कहने पर इस वारदात को अंजाम दिया गया।
लखनऊ में युवक के पेट में रॉड घोंपकर निर्मम हत्या
- Published: 09 Aug 2026, 05:06 PM IST
- Last Updated: 09 Aug 2026, 05:06 PM IST
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के मड़ियांव थाना क्षेत्र के मामा कॉलोनी फैजुल्लागंज में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां 26 साल के एक युवक के पेट में लोहे की रॉड घोंपकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान शुभम सोनी के रूप में हुई है, जिसका शव रविवार सुबह उसके घर के बाहर पड़ा मिला। इस सनसनीखेज वारदात का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसने सबको झकझोर कर रख दिया है।
मां की पायल बेचने के विवाद में रची साजिश
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी सुमित ने कुछ दिन पहले अपनी मां की पायल बेची थी, जिसे शुभम ने ही बिकवाने में मदद की थी। हालांकि, बाद में जब शुभम को पता चला कि वह पायल सुमित की मां की थी, तो उसने सुमित से कहा कि वह इस बारे में उसके घर पर बता देगा। इसी बात से गुस्सा होकर सुमित ने शुभम से बदला लेने की ठान ली। शनिवार शाम सुमित शुभम को घूमने के बहाने घर से बुलाकर ले गया। रात करीब 10 बजे सुमित ने अपने पिता मथुरा के साथ मिलकर इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम दिया।
सीसीटीवी में कैद हुई खौफनाक वारदात
घटना से जुड़ा जो सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, उसमें शुभम सोनी एक गली से बाहर जाते और फिर दौड़ते हुए अंदर आते दिखाई दे रहा है। इसी दौरान दो लोग उस पर हमला कर देते हैं और शुभम के पेट में रॉड घोंप देते हैं। गंभीर रूप से घायल शुभम लड़खड़ाते हुए आगे बढ़ता है और दीवार का सहारा लेने की कोशिश करता है, लेकिन अधिक खून बहने के कारण वह जमीन पर मुंह के बल गिर जाता है। आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद वहां से फरार हो जाते हैं।
मां का आरोप शराब पिलाकर की हत्या
मृतक की मां मालती सोनी ने रोते हुए बताया कि उनके स्वस्थ बेटे को शनिवार शाम 7 बजे ये लोग घर से बुलाकर ले गए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले आरोपियों ने उसे शराब पिलाई, फिर ईंट-पत्थरों से मारा और अंत में उसके पेट में लोहे की रॉड घुसेड़ दी। शुभम चारपहिया वाहन चलाने का काम करता था। सुबह उसका शव घर के बाहर लाकर फेंक दिया गया।
पुलिस कार्रवाई और गिरफ्तारी
इस मामले में शुभम के भाई शिवम की शिकायत पर पुलिस ने मुख्य आरोपी सुमित और उसके पिता मथुरा के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।