LT Foods Share में सोमवार, 24 अगस्त को जबरदस्त उछाल आया. इंट्राडे ट्रेडिंग के दौरान ये ₹487 के 52 हफ्ते हाई पर पहुंच गए. सिर्फ सेशन के पहले हिस्से में ही 3.2 करोड़ से ज्यादा शेयरों का कारोबार हुआ. यह वॉल्यूम 10 दिन के औसत से लगभग 86 गुना ज्यादा था. इस तेजी के साथ, स्टॉक साल की दूसरी सबसे बड़ी एक-दिन की बढ़त दर्ज करने की राह पर था. इससे पहले, फरवरी में एक ही ट्रेडिंग सेशन में शेयर 14% तक चढ़े थे. साल 2026 में अब तक LT Foods के शेयर में 25% से ज्यादा की तेजी आ चुकी है, जबकि पिछले 12 महीनों में यह करीब 13% चढ़ा है.
यह भी पढ़ें- Tempsens Instruments IPO का आज आखिरी दिन, 60.58 गुना भरा इश्यू, अप्लाई करें या नहीं?
LT Foods के साथ KRBL और AWL Agri Business में भी बढ़त
LT Foods के शेयरों में तेजr के बीच, चावल बनाने वाली दूसरी कंपनियों के शेयरों में भी खरीदारी देखी गई. इंट्राडे ट्रेडिंग के दौरान, इसकी पीयर्स कंपनियों KRBL और AWL Agri Business के शेयरों में क्रमशः 6.39% और 1.63% की बढ़त हुई, जिससे पता चलता है कि सोमवार को चावल बनाने वाली कंपनियों के शेयरों में निवेशकों की दिलचस्पी बढ़ी है.
कंपनी में प्रमोटर्स की 51% से ज्यादा हिस्सेदारी
शेयरहोल्डिंग के लेटेस्ट आंकड़ों के अनुसार, LT Foods में प्रमोटरों की हिस्सेदारी 51% से ज्यादा है. जबकि पब्लिक शेयरहोल्डर्स के पास 29.95% हिस्सेदारी है. इसके अलावा, घरेलू संस्थागत निवेशकों (DIIs) के पास 10.84% और विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) के पास 8.21% हिस्सेदारी है.
जून तिमाही में मुनाफा करीब 90% बढ़ा
LT Foods के फाइनेंशियल परफॉर्मेंस की बात करें तो जून 2026 में खत्म हुई तिमाही के लिए कंपनी का रेवेन्यू 11.56% बढ़कर ₹1,172.08 करोड़ हो गया, जो एक साल पहले इसी अवधि में ₹1,050.56 करोड़ था. इस दौरान, कंपनी का नेट प्रॉफिट 89.67% बढ़कर ₹70.16 करोड़ हो गया. जबकि पिछले साल की इसी तिमाही में यह ₹36.99 करोड़ था. वहीं, कुल इनकम भी 10.77% बढ़कर ₹1,176.11 करोड़ हो गई, जो एक साल पहले ₹1,061.73 करोड़ थी.
85 देशों में कारोबार करती है LT Foods
गुरुग्राम स्थित LT Foods एक FMCG कंपनी है जो मुख्य रूप से चावल के कारोबार से जुड़ी है. कंपनी अपने प्रोडक्ट्स को US, UK और वेस्ट एशिया समेत 85 देशों में एक्सपोर्ट करती है. इसका मुख्य ब्रांड 'दावत राइस' (Daawat Rice) है. कंपनी ने पहले बताया था कि FY25 में वेस्ट एशिया को किए गए एक्सपोर्ट से उसकी कुल कमाई का लगभग 9% हिस्सा आया था.
West Asia में तनाव का शेयर पर पड़ा था असर
LT Foods के कारोबार में वेस्ट एशिया की अहम भूमिका है. यही वजह है कि इस साल की शुरुआत में वेस्ट एशिया में जियोपॉलिटिकल टेंशन के दौरान इस क्षेत्र में चावल एक्सपोर्ट्स पर असर पड़ा था. इसका दबाव LT Foods के शेयरों पर भी देखने को मिला था. अब शेयर में आई तेज रिकवरी के बीच निवेशकों की नजर कंपनी के एक्सपोर्ट बिजनेस और आगे के फाइनेंशियल परफॉर्मेंस पर बनी हुई है.
यह भी पढ़ें- अगस्त में शेयर बाजार ने बनाया फंडरेजिंग का नया रिकॉर्ड, 10 अरब डॉलर का इक्विटी इनफ्लो
डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए दी गई है और इसे निवेश की सलाह नहीं माना जाना चाहिए. किसी भी निवेश फैसले से पहले कृपया अपने फाइनेंशियल एडवाइजर से सलाह लें.