Aug 18, 2026 11:50 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान
मुख्य बातें
- सरकार ने देश में घरेलू PNG कनेक्शन बढ़ाने के लिए एक नई प्रोत्साहन योजना शुरू करने का ऐलान किया है
- इससे लोग एलपीजी सिलेंडर की बजाए PNG कनेक्शन को प्राथमिकता दे सकेंगे

पीएनजी को बूस्ट देने की तैयारी
केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार एलपीजी गैस की बजाए अब पाइप से गैस पहुंचाने यानी PNG कनेक्शन पर जोर दे रही है। इसके लिए सरकार ने कई बड़े कदम उठाए हैं। इसी कड़ी में अब सरकार ने देश में घरेलू PNG कनेक्शन बढ़ाने के लिए एक नई प्रोत्साहन योजना शुरू करने का ऐलान किया है। इसके अलावा, एक पोर्टल भी लॉन्च किया जाएगा। सरकार की इस योजना से PNG कनेक्शन को बूस्ट मिलेगा। इससे लोग एलपीजी सिलेंडर की बजाए PNG कनेक्शन को प्राथमिकता दे सकेंगे।
नए PNG कनेक्शन पर गैस कंपनियों को मिलेगा फायदा
सरकार की ओर से जारी आधिकारिक बयान के मुताबिक, 'एपीएम/एनएपीएम प्रोत्साहन योजना' के तहत पात्र शहरी गैस वितरण (सीजीडी) कंपनियों को संबंधित भौगोलिक क्षेत्र के लिए तय सीमा से अधिक प्रत्येक नए बिल वाले घरेलू PNG कनेक्शन पर 200 मानक घन मीटर (एससीएम) घरेलू स्तर पर उत्पादित कम कीमत वाली एपीएम गैस का अतिरिक्त आवंटन किया जाएगा।
आसान भाषा में समझें तो जो कंपनियां अपने तय लक्ष्य से ज्यादा नए घरेलू PNG कनेक्शन देंगी, उन्हें हर नए बिल वाले कनेक्शन पर 200 SCM तक घरेलू स्तर पर उत्पादित कम कीमत वाली APM गैस का अतिरिक्त आवंटन मिलेगा। यह प्रोत्साहन योजना दो चरणों में लागू होगी और हर चरण छह महीने का होगा। सरकार का मानना है कि सस्ती गैस मिलने से कंपनियों की लागत कम होगी और उन्हें नए कनेक्शन देने के लिए ज्यादा प्रोत्साहन मिलेगा।
सरकार को होने वाली बचत से घरेलू पीएनजी विस्तार की आर्थिक व्यवहार्यता में सुधार होने की उम्मीद है। घरेलू पीएनजी कनेक्शन के लिए पूंजीगत व्यय की भरपाई की अवधि करीब 10 साल से घटकर लगभग तीन साल रह सकती है। इससे सीजीडी कंपनियों को गैस नेटवर्क और घरेलू कनेक्शन तेजी से बढ़ाने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।
PNG कनेक्शन के लिए आवेदन करना भी होगा आसान
नए PNG कनेक्शन के लिए आवेदन की प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए एक नया एकीकृत PNG पंजीकरण पोर्टल भी विकसित किया जा रहा है। यह पोर्टल एक तरह के सिंगल विंडो सिस्टम की तरह काम करेगा। यानी लोगों को आवेदन के लिए अलग-अलग जगह भटकने की जरूरत कम होगी। आवेदन करने के बाद उपभोक्ता ऑनलाइन ही अपने कनेक्शन की स्थिति भी देख सकेंगे।
सरकार ने कहा कि ये कदम घरों तक पाइप के जरिये खाना पकाने की गैस की पहुंच बढ़ाने और स्वच्छ, सुरक्षित तथा अधिक किफायती ईंधन की ओर तेजी से बदलाव को प्रोत्साहित करने के व्यापक प्रयास का हिस्सा हैं। बता दें कि मिडिल ईस्ट तनाव के बाद एलपीजी सप्लाई प्रभावित हुआ और इससे घरेलू स्तर पर एलपीजी सिलेंडर का संकट बढ़ा। इसी के बाद सरकार ने पीएनजी को बढ़ावा पर जोर दिया है।
