July 31, 2026

भोपाल में फर्जी पुलिस:  LLB छात्र वाहन चालकों से कर रहे थे वसूली, पब्लिक ने घेरा, पुलिस ने दबोचा, नकली पिस्टल बरामद

Bhopal Fake Policemen Arrested: राजधानी भोपाल में वाहन चालकों से जबरन वसूली कर रहे दो फर्जी पुलिसवालों को पुलिस ने दबोच लिया। उनके पास से एक नकली पिस्टल भी बरामद की गई है। गुरुवार रात पकड़े गए दोनों युवक लॉ के स्टूडेंट बताए जा रहे हैं।
ये दोनों युवक शाहपुरा क्षेत्र में चौराहे के बगल से खड़े होकर वाहन चालकों को रोक रहे थे, इसी बीच कुछ वाहन चालकों ने उनका हुलिया देख उनसे आईडी कार्ड मांग लिया, फिर क्या था मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। जब तक वे भागते असली पुलिस ने आ उन्हें दबोच लिया।

भोपाल: हेलमेट चेकिंग के नाम पर फर्जी पुलिस की वसूली, राहगीरों ने धर दबोचा

भोपाल के शाहपुरा थाना क्षेत्र में फर्जी पुलिस बनकर अवैध वसूली करने वाले दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। अशोका गार्डन निवासी आरोपी अमन और कार्तिक नकली पिस्टल दिखाकर राहगीरों को हेलमेट चेकिंग के नाम… pic.twitter.com/oYlT8FVDpg

— Bansal News Official (@BansalNews_) July 31, 2026

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों छात्र सिविल ड्रेस में चौराहे पर वाहन चालकों को रोककर खुद को पुलिसकर्मी बता रहे थे और हेलमेट और अन्य नियमों का हवाला देकर रिश्वत मांग रहे थे। 

लोगों की सूचना पर पुलिस ने दबोचा

शाहपुरा थाना प्रभारी संतोष मकराम ने बताया कि गुरुवार रात करीब 9:30 बजे शाहपुरा चौराहे से सूचना मिली थी कि दो युवक पुलिसकर्मी बनकर वाहनों की जांच कर रहे हैं और लोगों से वसूली कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को पकड़ लिया।

एक लॉ का छात्र, दूसरा IT कंपनी में HR

पकड़े जाने के बाद शुरुआत में दोनों ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। उन्होंने खुद को कोहेफिजा थाने में पदस्थ पुलिसकर्मी बताया, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उनकी असलियत सामने आ गई। आरोपियों की पहचान अमान खान और कार्तिक मिश्रा के रूप में हुई। पूछताछ में अमान खान ने बताया कि वह एमपी नगर स्थित एक आईटी कंपनी में एचआर  है। वहीं कार्तिक मिश्रा एलएलबी का छात्र है। तलाशी लेने पर अमान के पास से एक नकली पिस्टल बरामद हुई, जिसे जब्त कर लिया गया है।

राहगीरों ने बनाए वीडियो

घटना के दौरान मौजूद लोगों ने दोनों युवकों के वीडियो भी बनाए। वीडियो में कुछ लोग उनसे पूछते सुनाई दे रहे हैं कि "कौन से थाने से हो? आईडी कार्ड दिखाओ?" वहीं कुछ लोग यह भी कहते सुनाई दे रहे हैं कि खुद बिना हेलमेट बाइक चला रहे हैं और दूसरों को हेलमेट के नाम पर रोक रहे हैं। वीडियो में मौजूद लोग दोनों युवकों से यह भी पूछते हैं कि उन्हें सड़क पर वाहन चेकिंग करने की अनुमति किसने दी है? इसी दौरान कुछ लोग पुलिस बुलाने की बात भी कहते हैं।

Bhopal Fake Policemen Arrested
फर्जी ट्रैफिक पुलिसवाले बन कर लोगों से वसूली करने वाले अमान खान और कार्तिक मिश्रा।

हेलमेट के नाम पर रोकते थे वाहन

शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी सिविल ड्रेस में ही वाहन चालकों को रोकते थे। हेलमेट नहीं पहनने या अन्य यातायात नियमों का हवाला देकर पुलिस कार्रवाई का डर दिखाते और मौके पर ही रुपए मांगते थे। बताते हैं अब तक  किसी का वैधानिक चालान नहीं काटा गया।

सीडीआर निकलवा कर जांच 

पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे पहली बार ऐसा कर रहे थे, लेकिन पुलिस इस दावे पर भरोसा नहीं कर रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों की सीडीआर (कॉल डिटेल रिकॉर्ड) निकलवाई जा रही है और उनकी गतिविधियों की जांच की जा रही है, जिससे यह पता लगाया जा सके कि वे पहले भी इस तरह की वारदातों में शामिल रहे हैं या नहीं।

दोनों का आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाल रही पुलिस

पुलिस ने बताया कि अमान खान के खिलाफ पहले से मारपीट का एक मामला दर्ज है। वहीं कार्तिक मिश्रा का आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है। जांच का फोकस इस बात पर भी है कि दोनों ने अब तक कितने लोगों को फर्जी पुलिस बनकर ठगा और उनसे कितनी रकम वसूली। 

ये खबर भी पढ़ें:उज्जैन में महामंडलेश्वर पर रेप का आरोप: वॉट्सएप चैट वायरल, आपके बलात्कार का पाप मैं पाल रही हूं, बाबा बोले-ये तो खुश खबर...बुढ़ापे का सहारा मिला गया

सबसे ज्यादा पढ़ी जाने वाली खबर:MP Govt Employees CPCT: सरकारी कर्मचारियों को तीन महीने में पास करनी होगी सीपीसीटी, 40 साल से अधिक की उम्र के कर्मचारियों को भी छूट नहीं, कटेगा वेतन