विधायक अमित सिंह रानू के घर रेड: सीतामढ़ी के बेलसंड से लोजपा (रा.) विधायक अमित कुमार रानू के मुजफ्फरपुर स्थित आवास पर रविवार सुबह पुलिस ने छापेमारी की. पुलिस टीम घर की तलाशी ले रही है. बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई दो दिन पहले हुए जमीन विवाद और बाउंड्री तोड़े जाने के मामले से जुड़ी है. बेलसंड विधानसभा सीट से अमित कुमार लोजपा (रा.) के टिकट पर 2025 में निर्वाचित हुए थे.

जमीन विवाद के बाद दर्ज हुआ था केस
जानकारी के अनुसार, जमीन विवाद में बाउंड्री तोड़े जाने की घटना सामने आयी थी. पीड़ित पक्ष की ओर से पुलिस को आवेदन दिया गया, जिसके आधार पर मामला दर्ज किया गया. पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि कुछ अन्य लोगों के खिलाफ भी केस दर्ज होने की बात सामने आयी है.
विधायक के भाई पर लगा दबंगई का आरोप
पुलिस को दिये आवेदन में विधायक अमित कुमार रानू के भाई पर जमीन कारोबार में दबंगई करने का आरोप लगाया गया है. शिकायत के मुताबिक, विधायक के भाई कुछ अज्ञात युवकों के साथ लोजपा (रा.) का झंडा लगी गाड़ी से मौके पर पहुंचे थे. आरोप है कि इसके बाद जमीन की बाउंड्री तोड़ी गयी.

पीड़ित पक्ष ने पूरी घटना का वीडियो बनाए जाने का भी दावा किया है. हालांकि, आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और मामले में पुलिस की जांच जारी है.
कोर्ट के सर्च वारंट के बाद पहुंची पुलिस

बताया जा रहा है कि लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करने के बाद कोर्ट से सर्च वारंट लिया. इसी वारंट के आधार पर रविवार सुबह पुलिस टीम विधायक के मुजफ्फरपुर स्थित आवास पर पहुंची और तलाशी शुरू की.
फिलहाल पुलिस की तलाशी में क्या-क्या बरामद हुआ है, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आयी है. पुलिस की जांच के बाद ही मामले में आगे की स्थिति स्पष्ट होगी.
विधायक के भाई की भूमिका की जांच
जमीन विवाद से जुड़े इस मामले में पुलिस विधायक के भाई समेत अन्य आरोपितों की भूमिका की जांच कर रही है. पुलिस घटना से जुड़े वीडियो, शिकायत और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की पड़ताल में जुटी है. तलाशी और जांच के निष्कर्ष के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

SSP बोले- जमीन विवाद में भाई शामिल, MLA की भी भूमिका; बाउंड्री तोड़ने, लोगों को धमकाने के 13 केस दर्ज
एसएसपी ने बताया कि 20 अगस्त को अहियापुर थाना क्षेत्र के झपहां में असमाजिक तत्वों ने बाउंड्री और लोगों के घरों को महिंद्रा थार तथा जेसीबी की मदद से क्षतिग्रस्त कर दिया था. इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पहले ही दो आरोपियों (सुमित श्रीवास्तव और सन्नी) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. पीड़ितों की ओर से मिले नए आवेदनों के आधार पर कुल 13 मामले दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई गई है.
विधायक आवास पर छापेमारी में मिले अहम दस्तावेज
जांच के दौरान विधायक के भाई सोनू सिंह और स्वयं स्थानीय विधायक की संलिप्तता उजागर हुई है. अदालत से सर्च वारंट हासिल कर अहियापुर थाना क्षेत्र स्थित ठिकाने पर तलाशी ली गई. छापेमारी के दौरान पुलिस ने जमीन व पार्टनरशिप से जुड़े एग्रीमेंट, बैंक खातों के विवरण, वाहनों के कागजात और 2017 का हस्ताक्षरित ब्लैंक स्टांप पेपर बरामद किया है. पुलिस अब फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और संपत्ति जब्ती की तैयारी कर रही है.
यह भी पढ़ें:
मुजफ्फरपुर में भू-माफियाओं का तांडव, 50 उपद्रवियों के साथ जेसीबी व गाड़ियां लेकर जमीन पर बोला धावा, 24 घंटे में दो दबोचे गए