लिपस्टिक को लंबे समय तक टिकाए रखने और स्मज-फ्री लुक पाने के लिए सही तकनीक बेहद जरूरी है। टिश्यू पाउडर ट्रिक, सही लाइनिंग और कंसीलर की मदद से आप आसानी से दिनभर चलने वाला परफेक्ट फिनिश पा सकती हैं।
Lipstick Hacks : मेकअप चाहे कितना भी हल्का क्यों न हो, एक सही लिपस्टिक शेड पूरे चेहरे का लुक बदल देता है। परेशानी तब होती है जब कुछ ही घंटों में या कुछ खाते-पीते ही लिपस्टिक छूटने लगती है, किनारों से फैल जाती है या दांतों पर लग जाती है।
अगर आप भी बार-बार वॉशरूम जाकर टचअप करने से बचना चाहती हैं, तो कुछ बहुत आसान ट्रिक्स आपके काम आ सकती हैं। इसके लिए किसी महंगे प्रोडक्ट की नहीं, बल्कि सही तरीके की जरूरत होती है।
टिश्यू और लूज पाउडर से करें सेट
लिपस्टिक लगाने के बाद एक पतला टिश्यू पेपर होंठों पर हल्के से रखें। अब एक ब्रश की मदद से टिश्यू के ऊपर हल्का ट्रांसलूसेंट पाउडर या कॉम्पैक्ट पाउडर लगाएं।
यह ट्रिक लिपस्टिक से अतिरिक्त तेल सोख लेती है और उसे ट्रांसफर-प्रूफ बनाकर लंबे समय तक टिकाए रखती है।
क्रीमी लिपस्टिक को ऐसे दें मैट लुक
अगर आपके पास कोई क्रीमी या ग्लॉसी लिपस्टिक है जो बहुत जल्दी फैल जाती है, तो उसे आसानी से मैट बनाया जा सकता है।
लिपस्टिक लगाने के बाद उंगली पर जरा सा बेबी पाउडर या कॉर्नस्टार्च लें और होंठों पर हल्के हाथ से थपथपाएं। इससे लिपस्टिक तुरंत सेट हो जाती है और स्मज नहीं होती।
शार्प और क्लीन फिनिश के लिए कंसीलर
कई बार लिपस्टिक किनारों से हल्की फैल जाती है, जिससे पूरा लुक बिगड़ जाता है।
इससे बचने के लिए एक पतले फ्लैट ब्रश पर अपनी स्किन टोन का कंसीलर लें और लिप्स के बाहरी किनारों पर एक साफ लाइन खींचते हुए ब्लेंड करें। इससे लिपस्टिक को एक परफेक्ट आउटलाइन मिलती है।
पतले होंठों को दिखाएं नैचुरली फुलर
अगर आप होंठों को थोड़ा भरा हुआ और डिफाइन दिखाना चाहती हैं, तो लिप लाइनर को नेचुरल लिप लाइन के बिल्कुल ऊपर चलाएं, बहुत ज्यादा बाहर नहीं।
इसके बाद किनारों पर हल्का सा कंसीलर ब्लेंड कर लें। इससे होंठों को एक उभरा हुआ और खूबसूरत शेप मिलता है।
दांतों पर लिपस्टिक लगने से कैसे रोकें?
लिपस्टिक लगाने के बाद अपनी एक साफ उंगली मुंह के अंदर रखें, होंठों को हल्का बंद करें और उंगली धीरे से बाहर खींच लें।
ऐसा करने से होंठों के अंदरूनी हिस्से में लगी अतिरिक्त लिपस्टिक उंगली पर आ जाएगी और बात करते या मुस्कुराते समय दांतों पर नहीं लगेगी।
लिपस्टिक लगाने से पहले होंठों को स्क्रब करके हल्का मॉइस्चराइजर जरूर लगाएं, ताकि होंठ फटे न दिखें और रंग एकसार बैठे।