Best Day to Buy Land: घर या जमीन खरीदना जीवन के सबसे बड़े फैसलों में से एक माना जाता है. वास्तु और ज्योतिष शास्त्र में संपत्ति खरीदने के लिए सिर्फ सही जगह और बजट ही नहीं, बल्कि दिन, तिथि और नक्षत्र को भी महत्वपूर्ण माना गया है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, शुभ समय में खरीदी गई जमीन सुख-समृद्धि और स्थिरता लेकर आती है, जबकि कुछ तिथियों और समय में भूमि खरीदने से बचने की सलाह दी जाती है.
ज्योतिष और वास्तु से जुड़ी मान्यताओं के अनुसार, जमीन खरीदने से पहले वार, नक्षत्र, तिथि और राहुकाल का ध्यान रखना चाहिए. ऐसे में अगर आप भी साल 2026 में जमीन खरीदने या प्रॉपर्टी की डील करने का प्लान बना रहे हैं, तो पहले जान लें कि कौन से दिन शुभ माने गए हैं और किन दिनों में जमीन का सौदा करने से बचना चाहिए.
जमीन किस दिन खरीदनी चाहिए?
ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार, जमीन और संपत्ति खरीदने के लिए गुरुवार और शुक्रवार का दिन विशेष रूप से शुभ माना जाता है.
- गुरुवार:- इस दिन संपत्ति खरीदना स्थिर और लाभकारी माना जाता है.
- शुक्रवार:- ये दिन सुख, समृद्धि और वैभव का प्रतीक माना जाता है. इस दिन किया गया निवेश शुभ फल देने वाला माना जाता है.
- सोमवार और बुधवार:- भूमि की खरीद-बिक्री, टोकन या प्रॉपर्टी से जुड़ी शुरुआती प्रक्रिया के लिए इन दिनों को भी शुभ माना जाता है.
जमीन खरीदने के लिए कौन से नक्षत्र शुभ हैं?
जमीन या संपत्ति खरीदते समय शुभ नक्षत्रों का भी ध्यान रखा जाता है. ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार इन नक्षत्रों में भूमि खरीदना शुभ माना जाता है-
- रोहिणी नक्षत्र
- मृगशिरा नक्षत्र
- पुष्य नक्षत्र
- उत्तर फाल्गुनी नक्षत्र
- रेवती नक्षत्र
किन तिथियों में जमीन खरीदने से बचना चाहिए?
धार्मिक और ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार, कुछ तिथियों में जमीन या संपत्ति की खरीदारी करने से बचने की सलाह दी जाती है. इनमें शामिल हैं-
- चतुर्थी तिथि
- अष्टमी तिथि
- नवमी तिथि
- चतुर्दशी तिथि
- अमावस्या
जमीन किस दिन नहीं खरीदनी चाहिए?
मंगलवार:- मंगलवार को भूमिपुत्र मंगल का दिन माना जाता है. ऐसी मान्यता है कि इस दिन जमीन का सौदा, बयाना या प्रॉपर्टी से जुड़ी खरीदारी करने से बचना चाहिए. कुछ मान्यताओं के अनुसार, इस दिन भूमि का सौदा करने से मंगल देव अप्रसन्न हो सकते हैं.
शनिवार:- शनिवार को लेकर भी अलग-अलग मान्यताएं हैं. इस दिन को निर्माण कार्य या लोहे से जुड़े कामों के लिए अनुकूल माना जाता है, लेकिन कई ज्योतिषीय मान्यताओं में शनिवार को भूमि की खरीद-बिक्री के लिए शुभ नहीं माना गया है.
राहुकाल में न करें रजिस्ट्री:- किसी भी दिन जमीन खरीदते समय प्रतिदिन पड़ने वाले राहुकाल का भी ध्यान रखना चाहिए. मान्यता है कि जमीन की रजिस्ट्री, बयाना, टोकन या अन्य महत्वपूर्ण कागजी कार्रवाई राहुकाल के दौरान नहीं करनी चाहिए.
अधिक मास में खरीदारी से बचें:- हिंदू पंचांग के अनुसार अधिक मास, जिसे मलमास भी कहा जाता है, में शुभ और मांगलिक कार्यों से बचने की परंपरा है. इसी वजह से धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दौरान जमीन या प्रॉपर्टी की खरीदारी भी नहीं करनी चाहिए.
जमीन खरीदने के शुभ दिन 2026
अगर आप सितंबर 2026 में जमीन खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो ज्योतिषीय गणना के अनुसार ये तारीखें अनुकूल मानी गई हैं-
- 11 सितंबर 2026, शुक्रवार – पूर्वा फाल्गुनी नक्षत्र
- 17 सितंबर 2026, गुरुवार – अनुराधा नक्षत्र
- 18 सितंबर 2026, शुक्रवार – मूल नक्षत्र
- 25 सितंबर 2026, शुक्रवार – पूर्वा भाद्रपद नक्षत्र
Disclaimer: इस खबर में दी गई जानकारी धार्मिक मान्यताओं और सामान्य जानकारियों पर आधारित है. टीवी9 भारतवर्ष इसकी पुष्टि नहीं करता है.

सना चौधरी
सना यूपी के गाजियाबाद की रहने वाली हैं. सना ने हाईटेक इंस्टीट्यूट से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है. पढ़ाई के साथ-साथ कंटेंट ऑप्टिमाईजेशन और वीडियो एडिटिंग भी सीखा है. जिसके बाद सना ने अलग-अलग जगहों पर डिजिटल कॉन्टेंट राइटर और वीडियो एडिटर के तौर पर काम किया. इससे पहले सना Zee मीडिया में बतौर वीडियो और कंटेंट एडिटर काम कर चुकी हैं. उन्होंने जी न्यूज में सोशल मीडिया पेज मैनेज किया है. Zee के बाद सना ने टीवी9 भारतवर्ष की वेबसाइट TV9hindi.com में बतौर ट्रेनी ज्वाइन किया. सना को न्यूज़ एंकरिंग का भी शौक है.
Read More