8 Lakshmi Names in Hindi: अक्सर लोग माता लक्ष्मी को केवल धन और वैभव की देवी मानते हैं, लेकिन हिंदू धर्म में उनके कई दिव्य स्वरूपों का वर्णन मिलता है. मान्यता है कि माता लक्ष्मी के अलग-अलग रूप जीवन की विभिन्न जरूरतों और मनोकामनाओं से जुड़े हैं. कहीं वे धन और संपत्ति प्रदान करने वाली देवी हैं, तो कहीं अन्न, संतान, ज्ञान, साहस और विजय का आशीर्वाद देने वाली. माता लक्ष्मी के इन आठ प्रमुख स्वरूपों को अष्टलक्ष्मी कहा जाता है.
अष्टलक्ष्मी में आदि लक्ष्मी, धन लक्ष्मी, धान्य लक्ष्मी, गज लक्ष्मी, संतान लक्ष्मी, वीर लक्ष्मी या धैर्य लक्ष्मी, विजय लक्ष्मी और विद्या लक्ष्मी शामिल हैं. इन सभी स्वरूपों का अपना अलग महत्व बताया गया है. आइए जानते हैं माता लक्ष्मी के इन आठ रूपों की विशेषताएं और किस स्वरूप की पूजा से किस तरह के आशीर्वाद की मान्यता है.
अष्टलक्ष्मी (माता लक्ष्मी के 8 स्वरूप)
- आदि लक्ष्मी: माता का प्रथम और मूल स्वरूप.
- धन लक्ष्मी: धन और स्वर्ण की देवी.
- धान्य लक्ष्मी: अन्न और कृषि की देवी.
- गज लक्ष्मी: पशुधन (जैसे हाथी और गाय) तथा बल की देवी.
- संतान लक्ष्मी: संतान और वंश वृद्धि प्रदान करने वाली.
- वीर लक्ष्मी (धैर्य लक्ष्मी): वीरता, साहस और बल देने वाली.
- विजय लक्ष्मी: शत्रुओं पर विजय और सफलता दिलाने वाली.
- विद्या लक्ष्मी: ज्ञान और बुद्धि प्रदान करने वाली
आदि लक्ष्मी
आदि लक्ष्मी को माता लक्ष्मी का मूल और प्रथम स्वरूप माना जाता है. इन्हें महालक्ष्मी के नाम से भी जाना जाता है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, आदि लक्ष्मी की आराधना से आध्यात्मिक शांति, सुख और समृद्धि का आशीर्वाद प्राप्त होता है. इनकी पूजा जीवन में स्थिरता और संतोष से जोड़कर देखी जाती है.
धन लक्ष्मी
धन लक्ष्मी माता का वह स्वरूप हैं, जिन्हें धन, सोना और भौतिक संपत्ति की देवी माना जाता है. मान्यता है कि इनकी कृपा से आर्थिक परेशानियां दूर होती हैं और जीवन में धन-वैभव बढ़ता है. सुख-सुविधाओं और आर्थिक समृद्धि की कामना करने वाले भक्त धन लक्ष्मी की पूजा करते हैं.
धान्य लक्ष्मी
धान्य लक्ष्मी को अन्न, अनाज और कृषि की देवी माना जाता है. इनकी कृपा से घर में अन्न का भंडार भरा रहने और भोजन की कमी न होने की मान्यता है. धान्य लक्ष्मी का स्वरूप जीवन में खाद्य सुरक्षा, खुशहाली और समृद्धि का प्रतीक माना जाता है.
गज लक्ष्मी
गज लक्ष्मी माता लक्ष्मी का एक प्रमुख स्वरूप हैं. इस रूप में माता कमल पर विराजमान होती हैं और उनके दोनों ओर हाथी दिखाई देते हैं, जो उनका जलाभिषेक करते हैं. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, गज लक्ष्मी की पूजा से पशुधन, शक्ति, प्रतिष्ठा और राजसी सुख की प्राप्ति का आशीर्वाद मिलता है.
संतान लक्ष्मी
संतान लक्ष्मी को संतान सुख और वंश वृद्धि से जुड़ा स्वरूप माना जाता है. मान्यता है कि इनकी आराधना से संतान की रक्षा, उसके सुखी जीवन और परिवार की खुशहाली का आशीर्वाद मिलता है. संतान के कल्याण और परिवार की उन्नति की कामना से इस स्वरूप की पूजा की जाती है.
वीर लक्ष्मी या धैर्य लक्ष्मी
वीर लक्ष्मी को धैर्य लक्ष्मी भी कहा जाता है. माता का यह स्वरूप साहस, पराक्रम और आत्मबल का प्रतीक माना जाता है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इनकी कृपा से व्यक्ति को जीवन की कठिनाइयों का सामना करने और विपरीत परिस्थितियों में धैर्य बनाए रखने की शक्ति मिलती है.
विजय लक्ष्मी
विजय लक्ष्मी को जया लक्ष्मी के नाम से भी जाना जाता है. इन्हें सफलता और विजय प्रदान करने वाली देवी माना जाता है. मान्यता है कि इनकी पूजा से कार्यक्षेत्र, प्रतियोगिता और जीवन की चुनौतियों में सफलता प्राप्त करने का आशीर्वाद मिलता है. अपने प्रयासों में विजय और आगे बढ़ने की कामना करने वाले भक्त इस स्वरूप की आराधना करते हैं.
विद्या लक्ष्मी
विद्या लक्ष्मी माता लक्ष्मी का वह स्वरूप हैं, जिन्हें ज्ञान, शिक्षा और कला से जोड़कर देखा जाता है. मान्यता है कि इनकी कृपा से बुद्धि, ज्ञान और सीखने की क्षमता में वृद्धि होती है. शिक्षा, कला और बौद्धिक विकास की कामना करने वाले भक्त विद्या लक्ष्मी की पूजा करते हैं.
भगवान विष्णु के अवतारों के साथ माता लक्ष्मी के रूप
अष्टलक्ष्मी के आठ स्वरूपों के अलावा, धार्मिक ग्रंथों और परंपराओं में माता लक्ष्मी के भगवान विष्णु के विभिन्न अवतारों के साथ प्रकट होने का भी वर्णन मिलता है. मान्यता के अनुसार, भगवान विष्णु के राम अवतार के समय माता लक्ष्मी ने सीता के रूप में अवतार लिया. वहीं, कृष्ण अवतार से जुड़ी परंपराओं में रुक्मिणी और सत्यभामा को भगवान कृष्ण की प्रमुख पत्नियों के रूप में वर्णित किया गया है.
Disclaimer: इस खबर में दी गई जानकारी धार्मिक मान्यताओं और सामान्य जानकारियों पर आधारित है. टीवी9 भारतवर्ष इसकी पुष्टि नहीं करता है.

सना चौधरी
सना यूपी के गाजियाबाद की रहने वाली हैं. सना ने हाईटेक इंस्टीट्यूट से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है. पढ़ाई के साथ-साथ कंटेंट ऑप्टिमाईजेशन और वीडियो एडिटिंग भी सीखा है. जिसके बाद सना ने अलग-अलग जगहों पर डिजिटल कॉन्टेंट राइटर और वीडियो एडिटर के तौर पर काम किया. इससे पहले सना Zee मीडिया में बतौर वीडियो और कंटेंट एडिटर काम कर चुकी हैं. उन्होंने जी न्यूज में सोशल मीडिया पेज मैनेज किया है. Zee के बाद सना ने टीवी9 भारतवर्ष की वेबसाइट TV9hindi.com में बतौर ट्रेनी ज्वाइन किया. सना को न्यूज़ एंकरिंग का भी शौक है.
Read More