August 17, 2026

Ladli Behna Yojana: 39वीं किस्त का इंतजार, CM मोहन यादव ने दिया बड़ा संकेत, जानें किन महिलाओं को नहीं मिलेगा पैसा - Haribhoomi

मध्य प्रदेश की लाड़ली बहना योजना की 39वीं किस्त का करीब 1.25 करोड़ महिलाओं को इंतजार है। योजना के तहत हर महीने 1,500 रुपये मिलते हैं। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने 10 अगस्त को राशि जल्द भेजने का संकेत दिया था।

CM Mohan Yadav

CM मोहन यादव ने दिया बड़ा संकेत

  • Published: 17 Aug 2026, 10:23 AM IST
  • Last Updated: 17 Aug 2026, 10:23 AM IST

भोपाल: मध्य प्रदेश की करीब 1.25 करोड़ लाड़ली बहनों को मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की 39वीं किस्त का इंतजार है। योजना के तहत पात्र महिलाओं के बैंक खातों में हर महीने 1,500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। रक्षाबंधन के पहले किस्त आने की उम्मीद लगाए बैठी महिलाओं के बीच अब मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के बयान से उम्मीद बढ़ी है।

15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने लाड़ली बहना योजना की तारीफ करते हुए कहा कि यह योजना 1 करोड़ 25 लाख से अधिक महिलाओं के सशक्तिकरण का माध्यम बनी है। उन्होंने लाड़ली लक्ष्मी योजना का भी जिक्र किया और बताया कि इसके तहत 53 लाख 55 हजार से अधिक बेटियां लाभान्वित हो रही हैं।

39वीं किस्त को लेकर CM ने क्या कहा?
इससे पहले 10 अगस्त 2026 को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राजगढ़ में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव को भोपाल से वर्चुअली संबोधित किया था। इस दौरान उन्होंने संकेत दिया था कि लाड़ली बहनों के बैंक खातों में योजना की राशि जल्द भेजी जाएगी।
हालांकि, उपलब्ध जानकारी के मुताबिक 39वीं किस्त की पक्की तारीख की आधिकारिक घोषणा अभी स्पष्ट नहीं है। ऐसे में महिलाओं को अंतिम तारीख के आधिकारिक ऐलान का इंतजार करना होगा।

‘मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना’ 1 करोड़ 25 लाख से अधिक बहनों की सशक्तिकरण का माध्यम बनी है। इसके साथ ही ‘लाड़ली लक्ष्मी योजना’ के तहत 53 लाख 55 हज़ार से अधिक बेटियां लाभान्वित हो रही हैं : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव @DrMohanYadav51 #MadhyaPradesh #IndependenceDay2026 pic.twitter.com/d6OhwSuIZE

— Women & Child Development Department, MP (@mp_wcdmp) August 15, 2026

इन महिलाओं के खाते में अटक सकती है किस्त
योजना की राशि पाने के लिए पात्रता के साथ कुछ जरूरी शर्तें पूरी होना भी जरूरी है।

e-KYC जरूरी: समग्र पोर्टल पर आधार e-KYC पूरी नहीं होने पर भुगतान में परेशानी आ सकती है।

DBT सक्रिय होना चाहिए: बैंक खाते में आधार लिंक और डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर यानी DBT सुविधा सक्रिय होना जरूरी है।

खाता चालू होना चाहिए: बंद, फ्रीज या निष्क्रिय बैंक खाते में किस्त ट्रांसफर नहीं होगी। योजना के लिए महिला का व्यक्तिगत बैंक खाता जरूरी है।

60 वर्ष से अधिक उम्र: 60 वर्ष की आयु पूरी होने के बाद महिला योजना की पात्रता से बाहर हो सकती है। ऐसी महिलाओं को सामाजिक सुरक्षा पेंशन का लाभ मिल सकता है।

अविवाहित महिलाओं को लाभ नहीं: योजना में विवाहित, विधवा, तलाकशुदा और परित्यक्ता महिलाएं पात्र हैं। अविवाहित महिलाएं सामान्यतः इस योजना के दायरे में नहीं आतीं।

महिलाओं को किस्त का इंतजार
39वीं किस्त को लेकर फिलहाल सबसे बड़ा सवाल भुगतान की तारीख का है। मुख्यमंत्री के जल्द राशि भेजने के संकेत के बाद लाभार्थी महिलाओं की नजर अब सरकार की आधिकारिक घोषणा पर है।