'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' फेम अपरा मेहता ने बताया कि एक इवेंट में फैंस ने उन्हें बुरी तरह घेर लिया था। किसी ने डायमंड रिंग खींची तो किसी की सिगरेट से उनका हाथ जल गया।
टीवी का सुपरहिट शो 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' आज भी दर्शकों के दिलों में खास जगह रखता है। इस शो के कलाकारों को उस दौर में ऐसी लोकप्रियता मिली थी, जिसकी मिसाल आज भी दी जाती है। शो में सविता विरानी का यादगार किरदार निभाने वाली अभिनेत्री अपरा मेहता ने हाल ही में एक इंटरव्यू में अपनी स्टारडम के दिनों का ऐसा किस्सा सुनाया, जिसे जानकर हर कोई हैरान रह गया।
कोलकाता में फैंस की भीड़ हुई बेकाबू
अपरा मेहता ने Hauterrfly को दिए इंटरव्यू में बताया कि उस समय 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' लोकप्रियता के शिखर पर था। इसी दौरान वह कोलकाता में अपने गुजराती नाटक के लिए गई थीं। कला मंदिर में उनके लगातार पांच शो हुए और सभी हाउसफुल रहे। उन्होंने बताया कि जैसे ही वह कार्यक्रम स्थल पर पहुंचीं, हजारों फैंस उन्हें देखने के लिए उत्साहित हो गए। देखते ही देखते भीड़ इतनी बढ़ गई कि हालात संभालना मुश्किल हो गया।
किसी ने खींची डायमंड रिंग, किसी ने सिगरेट से जला दिया हाथ
अपरा ने बताया कि फैंस उन्हें खींचकर स्टेज पर ले गए। लोग उनसे हाथ मिलाने और छूने की कोशिश कर रहे थे। इसी अफरा-तफरी में किसी ने उनकी उंगली से डायमंड रिंग निकालने की कोशिश की, जबकि किसी की जलती हुई सिगरेट उनके हाथ से लग गई, जिससे वह जल गईं। उन्होंने कहा कि पूरा मंच हिलने लगा था और स्थिति इतनी खतरनाक हो गई कि आयोजकों को तुरंत उन्हें वहां से हटाना पड़ा।
'लोग मुझे हर जगह छू रहे थे'
अभिनेत्री ने बताया कि सुरक्षा के लिए लोगों ने उनके चारों ओर घेरा बना लिया था, लेकिन इसके बावजूद भीड़ उन्हें हर तरफ से छूने की कोशिश कर रही थी। अपरा ने मुस्कुराते हुए कहा, "मैंने उनसे कहा, ठीक है छू लो... लेकिन इससे तुम्हें क्या मिलेगा?"
और पढ़ें: 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2' में ये हसीना बनी विलेन, जानें पहले एपिसोड में क्या-क्या हुआ खास
सविता विरानी बनकर मिली थी घर-घर पहचान
अपरा मेहता ने 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' में मिहिर विरानी की मां और तुलसी की सास सविता विरानी का किरदार निभाया था। उनकी दमदार अदाकारी ने इस किरदार को भारतीय टेलीविजन के सबसे यादगार किरदारों में शामिल कर दिया।
आज भी कायम है शो की लोकप्रियता
एकता कपूर के प्रोडक्शन में बना यह शो करीब आठ साल तक टीवी पर छाया रहा। हाल ही में इस आइकॉनिक फैमिली ड्रामा का रीबूट भी दर्शकों के सामने आया, जिसमें स्मृति ईरानी और अमर उपाध्याय एक बार फिर अपने मशहूर किरदारों में नजर आए। अपरा मेहता का यह खुलासा एक बार फिर उस दौर की जबरदस्त स्टारडम और फैंस की दीवानगी की याद दिलाता है।
और पढ़ें: 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2' के इस सीन पर भड़क रहे लोग, एकता कपूर पर लगाए गंभीर आरोप