September 1, 2026

KMP एक्सप्रेस-वे पर दर्दनाक हादसा : खड़े ट्रक में घुसी श्रद्धालुओं से भरी पिकअप, 6 की मौत; 14 घायल

पलवल (उत्तम हिन्दू न्यूज) : हरियाणा के पलवल जिले में कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार तड़के भीषण सड़क हादसा हो गया। श्रद्धालुओं से भरी एक पिकअप गाड़ी सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना में छह श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 14 अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मृतकों में तीन महिलाएं शामिल हैं। सभी घायलों को पलवल के जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद राहगीरों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी और बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस के पहुंचने के बाद घायलों को क्षतिग्रस्त पिकअप से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने छह लोगों को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार, उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के किशनपुर मुरैया, मकोया, चांदा और आसपास के गांवों के करीब 21 लोग रक्षाबंधन के अवसर पर धार्मिक यात्रा पर निकले थे। वे शुक्रवार को टाटा पिकअप से विभिन्न धार्मिक स्थलों के दर्शन के लिए रवाना हुए थे।

सोमवार शाम श्रद्धालुओं ने राजस्थान के खाटू श्याम और सालासर बालाजी मंदिर में दर्शन किए। इसके बाद सभी मथुरा के वृंदावन जाने के लिए पिकअप से रवाना हुए थे। इसी दौरान मंगलवार तड़के पलवल जिले में केएमपी एक्सप्रेस-वे पर यह हादसा हो गया।

पुलिस के मुताबिक, श्रद्धालुओं को ले जा रही टाटा पिकअप में लोहे के सरिए और जाल लगाकर डबल डेकर जैसा ढांचा बनाया गया था। इससे वाहन की ऊंचाई भी काफी बढ़ गई थी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक से टक्कर के बाद पिकअप का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। नीचे वाले हिस्से में बैठे यात्री एक-दूसरे के ऊपर जा गिरे, जबकि ऊपर बने हिस्से में बैठे लोग नीचे आ गिरे। इससे कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे में विजय सिंह, राजकुमार, रेशमा देवी, कमला देवी, सुधा और महेश की मौत हुई है। वहीं सुनील, श्वेता यादव, बीरेश, उमेद, विनोद कुमार, सरला, रूबी, रामसेवक, रवि, वाणी, वीनू, तन्नू, रेखा और गोरा देवी समेत 14 लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों का पलवल के जिला नागरिक अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

हादसे के तुरंत बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। वहीं, पिकअप चालक सुधीर के भी फरार होने की बात सामने आई है। पुलिस ने दोनों चालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस की शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि लगातार सफर करने के कारण पिकअप चालक को नींद की झपकी आ गई होगी। इसी वजह से पिकअप सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस मृतकों के परिजनों के पहुंचने का इंतजार कर रही है। हादसे के बाद पुलिस ने घटनास्थल और क्षतिग्रस्त वाहनों की जांच शुरू कर दी है।

You Might Be Interested In

  • नेपाल में मलबे में दबे एक ही घर से निकले 23 शव, बच्ची को सीने से लगाए मिली मां; अब तक 960 से ज्यादा मौतें
  • ईरान से जंग के बीच अमेरिका को झटका, US आर्मी के सेक्रेटरी ने दिया इस्तीफा; रक्षा मंत्री से तनाव की खबर
  • लियोनेल मेस्सी ने इंटरनेशनल फुटबॉल को कहा अलविदा, भावुक पोस्ट लिख फैंस को दिया बड़ा झटका
  • शिक्षक की बर्बरता ने ली छात्रा की जान, शिकायत करने पर मरोड़ा था हाथ; इलाज के दौरान मौत
  • अमेरिका के ग्रैंड कैन्यन नेशनल पार्क में अचानक आई बाढ़, 2 शव मिले, कई अब भी लापता
  • 267 लोगों से भरी फेरी समुद्र में डूबी, आठ यात्र‍ियों की मौत, 18 लापता; कप्तान समेत 8 हिरासत में