August 5, 2026

Kia Sorento भारत में 4 सितंबर को होगी लॉन्च, हाइब्रिड इंजन और प्रीमियम फीचर्स के साथ लेगी एंट्री

Image

Kia Sorento कब होने जा रही है भारत में लॉन्च

किआ इंडिया अपनी नई फ्लैगशिप एसयूवी Kia Sorento को 4 सितंबर, 2026 को भारतीय बाजार में लॉन्च करने जा रही है। यह कंपनी की पहली हाइब्रिड एसयूवी होगी, जिसे भारतीय ग्राहकों के लिए पेश किया जाएगा। कंपनी ने हाल ही में Sorento की आधिकारिक बुकिंग भी शुरू कर दी है, जिससे साफ है कि लॉन्च से पहले ही इस एसयूवी को लेकर ग्राहकों में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है।

कितनी होगी Kia Sorento की कीमत?

माना जा रहा है कि Kia Sorento को भारत में लोकली असेंबल किया जाएगा। इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत करीब 40 लाख रुपये के आसपास रखी जा सकती है। इस कीमत पर इसका मुकाबला Volkswagen Tayron, MG Majestor, Skoda Kodiaq, Toyota Fortuner और Jeep Meridian जैसी प्रीमियम तीन-रो एसयूवी से होगा।

हाइब्रिड और डीजल इंजन का मिलेगा विकल्प

किआ भारत में Sorento को दो इंजन विकल्पों के साथ लॉन्च कर सकती है। पहला 1.6-लीटर, 4-सिलेंडर टर्बो-पेट्रोल हाइब्रिड इंजन होगा, जो 238 hp की पावर और 380 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। वहीं दूसरा विकल्प 2.2-लीटर डीजल इंजन होगा, जो 202 hp की पावर और 441 Nm का टॉर्क देता है। यही डीजल इंजन Kia Carnival में भी इस्तेमाल किया जाता है।

दोनों इंजन विकल्पों के साथ ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन मिलने की संभावना है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में Sorento फ्रंट-व्हील ड्राइव (FWD) और ऑल-व्हील ड्राइव (AWD) दोनों विकल्पों में उपलब्ध है। हालांकि, भारत में AWD वेरिएंट लॉन्च किया जाएगा या नहीं, इस पर अभी कंपनी ने कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है।

दमदार और प्रीमियम एक्सटीरियर

नई Kia Sorento का डिजाइन काफी आकर्षक और आधुनिक है। इसमें वर्टिकली डिजाइन किए गए LED हेडलैंप और टेललैंप, T-शेप एम्बर कलर DRLs, बड़ा Tiger Nose ग्रिल, ड्यूल-टोन अलॉय व्हील्स, मस्कुलर बंपर और हल्के फ्लेयर्ड व्हील आर्च दिए गए हैं, जो इसे मजबूत रोड प्रेजेंस देते हैं। अगर अंतरराष्ट्रीय मॉडल के समान डाइमेंशन भारत में भी बरकरार रहती है, तो Sorento की लंबाई 4,815 मिमी, चौड़ाई 1,900 मिमी और ऊंचाई 1,700 मिमी होगी। इसका व्हीलबेस 2,815 मिमी है, जो इसे अपने कई प्रतिद्वंद्वियों से बड़ा बनाता है।

6 और 7 सीटर का मिलेगा विकल्प

किआ Sorento को भारत में 6-सीटर और 7-सीटर दोनों लेआउट में पेश कर सकती है। तीनों सीटें इस्तेमाल में होने पर इसमें 179 लीटर का बूट स्पेस मिलेगा, जिसे पीछे की सीटों को फोल्ड करने पर बढ़ाकर 1,996 लीटर तक किया जा सकता है।

फीचर्स की होगी लंबी लिस्ट

नई Sorento का इंटीरियर बेहद प्रीमियम होगा। इसमें डुअल 12.3-इंच डिस्प्ले, नया चार-स्पोक स्टीयरिंग व्हील, टच-कैपेसिटिव कंट्रोल पैनल, बड़े वर्टिकल एसी वेंट्स और रोटरी ड्राइव सेलेक्टर जैसे आधुनिक डिजाइन एलिमेंट्स देखने को मिलेंगे।

फीचर्स की बात करें तो इसमें वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स, डुअल-जोन क्लाइमेट कंट्रोल, वायरलेस Apple CarPlay और Android Auto, पावर्ड ड्राइवर सीट, पैनोरमिक सनरूफ, वायरलेस फोन चार्जर, एम्बिएंट लाइटिंग, इलेक्ट्रॉनिक पार्किंग ब्रेक, हेड-अप डिस्प्ले और Level-2 ADAS जैसे एडवांस सेफ्टी फीचर्स मिलने की उम्मीद है।

Shivani Kotnala

शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें

  • Hindi News
  • Auto

End of Article