कानपुर के महाराजपुर में अवैध संबंधों में बाधक बने 14 वर्षीय बेटे की मां ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात को छुपाने के लिए महिला ने पेट दर्द की झूठी कहानी गढ़ी, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच ने इस खौफनाक साजिश का पर्दाफाश कर दिया।
आपत्तिजनक हालत में देखने पर मां और प्रेमी ने की 14 वर्षीय बेटे की हत्या (प्रतीकात्मक तस्वीर)
- Published: 12 Sep 2026, 04:28 PM IST
- Last Updated: 12 Sep 2026, 04:28 PM IST
कानपुर : महाराजपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में रिश्तों को शर्मसार करने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक कलयुगी मां ने अपने प्रेमी के साथ आपत्तिजनक हालत में पकड़े जाने पर 14 वर्षीय बेटे की बेरहमी से गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात को छिपाने के लिए महिला ने ग्रामीणों के सामने बेटे की पेट दर्द से मौत होने का नाटक रचा, लेकिन शव पर चोट के निशान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पूरी सच्चाई उजागर कर दी।
कमरे में आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था बेटे ने
महिला का पति गुजरात की एक निजी फैक्ट्री में काम करता है, जबकि महिला अपने तीन बेटों के साथ गांव में रहती थी। गुरुवार रात करीब 9 बजे उसका प्रेमी घर आया हुआ था। इसी दौरान महिला का 14 वर्षीय बड़ा बेटा अपने 12 साल के छोटे भाई के साथ कमरे में पहुंच गया। उसने अपनी मां को प्रेमी के साथ आपत्तिजनक हालत में देख लिया और विरोध शुरू कर दिया।
पिटाई के बाद घोंटा गला, छोटे भाई को धमकाया
बेटे के शोर मचाने और विरोध करने पर दोनों ने पहले उसे बुरी तरह पीटा। छोटा भाई डरकर दूसरे कमरे में भाग गया। इसके बाद महिला और उसके प्रेमी ने किशोर का मुंह व गला दबाकर उसे मौत के घाट उतार दिया। वारदात के बाद प्रेमी अपने घर भाग गया, जहां उसने भी फंदा लगाने की कोशिश की लेकिन परिजनों ने उसे बचा लिया; बाद में वह फरार हो गया। सुबह महिला ने ग्रामीणों को बताया कि चक्की से आटा लाने के बाद बेटे के पेट में दर्द हुआ और उसकी मौत हो गई। महिला ने अपने छोटे बेटे को भी यही कहानी रटा दी थी।
पोस्टमार्टम से खुली पोल, पिता पहुंचा गांव
ग्रामीणों ने जब किशोर के गले और चेहरे पर खरोंच व चोटों के निशान देखे तो तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। केपीएम अस्पताल के डॉक्टर मनोज कुमार राव द्वारा किए गए पोस्टमार्टम में गला घोंटकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई और विसरा सुरक्षित रख लिया गया। पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने बताया कि पकड़े जाने के डर से दोनों ने मिलकर किशोर को मारा था। सूचना मिलते ही पिता गुजरात से फ्लाइट पकड़कर गांव पहुंच गया है। पुलिस तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर फरार प्रेमी की धरपकड़ में जुटी है।