
श्याम बेनेगल की फिल्मों में भी अनंत नाग
Dadasaheb Phalke Award Anant Nag: अनंत नाग वैसे तो कन्नड़ सिनेमा के दिग्गज अभिनेता के तौर पर विख्यात हैं लेकिन हिंदी फिल्मों, थिएटर और टीवी धारावाहिकों से भी उनका खास नाता रहा है. अनंत नाग को साल 2024 के लिए दादा साहेब फाल्के पुरस्कार देने का ऐलान किया गया है. उन्हें भारतीय फिल्म जगत के तमाम कलाकारों की तरफ से शुभकामनाएं मिल रही हैं. अनंत नाग को यह सम्मान 22 सितंबर को केवाड़िया, एकता नगर, गुजरात में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों दिया जाएगा.
उनका पूरा नाम अनंत नागरकट्टे है लेकिन अनंत नाग नाम से प्रसिद्ध हैं. अनंत नाग ने अपने करियर में करीब तीन सौ फिल्मों में अभिनय किया है. कन्नड़ सिनेमा को ऊंचाई पर पहुंचाने और राष्ट्रीय पहचान दिलाने में उनका अहम योगदान माना जाता है.
समानांतर सिनेमा आंदोलन में भी सक्रियता
कन्नड़ सिनेमा के साथ-साथ सत्तर-अस्सी के दशक में समानांतर सिनेमा आंदोलन में भी अनंत नाग का सक्रिय योगदान माना जाता है. श्याम बेनेगल जैसे दिग्गज फिल्मकार के साथ उनकी खासी नजदीकी थी. श्याम बेनेगल ने जब फिल्में बनानी शुरू की, तभी से अनंत नाग को अपने साथ लेकर चलना चाहा. अनंत नाग की अभिनय प्रतिभा से वह बहुत प्रभावित थे.
शबाना आजमी की ‘अंकुर’ में नाग बने ‘सूर्या’
श्याम बेनेगल ने अनंत नाग को सबसे पहले साल 1974 की फिल्म अंकुर में अहम रोल दिया था. अंकुर में शबाना आजमी ने लक्ष्मी की भूमिका निभाई थी. इस फिल्म में अनंत नाग ने सूर्या का रोल निभाया था. वह काफी चर्चित रहा, श्याम बेनेगल की यह पहली हिंदी फिल्म थी. इससे श्याम बेनेगल के साथ ही इसके सभी कलाकारों को हिंदी के समानांतर फिल्म जगत से परिचय हुआ. समानांतर सिनेमा यहां से प्रारंभ होता है.
हिंदी दर्शकों से श्याम बेनेगल ने ही परिचय कराया
बतौर डायरेक्टर श्याम बेनेगल की सबसे खास विशेषता यह थी कि उन्हें जिस कलाकार के अभिनय में दिल को छूने वाली संवेदना महसूस होती, उसे वो अपनी अगली फिल्मों में भी जरूर साथ लेते. यही वजह रही है कि अंकुर के बाद जब उन्होंने सन् 1975 में निशांत बनाई, तो उसमें भी अनंत नाग और शबाना आजमी के अलावा नसीरुद्दीन शाह, गिरीश कर्नाड, कुलभूषण खरबंदा और अमरीश पुरी जैसे कलाकार नजर आए. हम कह सकते हैं कि हिदी दर्शकों से श्याम बेनेगल ने ही अनंत नाग का परिचय कराया.
श्याम बेनेगल और अनंत नाग की जोड़ी आगे भी जारी रही. मंथन, भूमिका, कलयुग और कोंडुरा (हिंदी, तेलुगू) में अनंत नजर आए. खास बात ये कि सामाजिक मु्द्दों पर आधारित ये फिल्में तब भी उतनी ही चर्चित रहीं जितनी कि आज मूल्यवान समझी जाती हैं. हिंदी में समानांतर सिनेमा की जब-जब बात होती है, उसके कलाकारों में अनंत नाग का भी जिक्र प्रमुखता से आता है.
अनंत नाग की कुछ और प्रमुख फिल्में
इनके अलावा अनंत नाग ने हिंदी की कुछ और फिल्मों में अभिनय किया है, मसलन 1980 की गहराई, 1981 की मंगलसूत्र, 1983 की सूखा, 1991 की क्रांति शांति, 2001 की माया और 2004 की युवा आदि. यहां तक कि लोकप्रिय हिंदी टीवी धारावाहिक मालगुड़ी डेज और टीपू सुल्तान में भी अनंत नाग अभिनय कर चुके हैं.
कन्नड़ सिनेमा में आज भी लगातार सक्रिय
वैसे ये सच है कि जैसे बाद के दौर में लोग समानांतर सिनेमा को भूल गए उसी तरह से इस दौर की कला फिल्मों में निभाए अनंत नाग की भूमिका को भी भूल गए. लेकिन इसके बरअक्स कन्नड़ सिनेमा में उनकी सक्रियता लगातार बनी रही. अनोखी बात ये है कि हिंदी और कन्नड़ दोनों ही फिल्मों में उनका सफर एक साथ शुरू हुआ, साल 1974 से. यह रजनीकांत की शुरुआत का भी दौर माना जाता है. लेकिन बाद में रजनीकांत जिस तरह से पैन इंडिया पहचान कायम रखने में आगे बढ़े, उसके मुकाबले अनंत नाग ने कन्नड़ में ही ज्यादा बड़ी पहचान बनाई. कन्नड़ फिल्मों मे अनंत नाग आज भी लगातार सक्रिय हैं.
यह भी पढें: कालीन भैया की भाषा का अलग ही भौकाल है, डॉन का डायलॉग है या बाबा का प्रवचन

संजीव श्रीवास्तव
संजीव श्रीवास्तव का पैतृक गांव-घर बिहार के सीतामढ़ी में है लेकिन पिछले करीब ढाई दशक से दिल्ली से लेकर मुंबई तक मीडिया की मुख्यधारा में सक्रिय हैं. ब्रेकिंग न्यूज़ से लेकर क्रिएटिव राइटिंग तक का हुनर रखते हैं, देश-विदेश की राजनीति, फिल्म, लिटरेचर, क्राइम जैसे विषयों पर बेबाकी से लिखते हैं. आसानी से समझ आने वाली और सोचने-विचारने वाली भाषा लिखना पसंद है. सिनेमा प्रिय विषय है- लिहाजा फिल्मों पर अब तक तीन किताबें, दो उपन्यास और कुछ पटकथा-संवाद भी लिख चुके हैं. कुछेक प्रिंट मीडिया में सब एडिटरी के बाद साल 2000 से टीवी न्यूज़ की दुनिया में प्रवेश. सबसे पहले जैन टीवी फिर सहारा समय में करीब 14 साल गुजारा, जहां प्राइम टाइम स्पेशल शोज/प्रोग्राम बनाने से लेकर मुंबई की एंटरटेंमेंट फील्ड में रिपोर्टिंग तक की. उसके बाद सूर्या समाचार, एबीपी न्यूज़ और न्यूज़ इंडिया के आउटपुट होते हुए अब डिजिटल मीडिया में TV9 से सम्बद्ध.
Read More