August 5, 2026

Kal Ka Mausam: देश के 17 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, दिल्ली-NCR से पहाड़ों तक बरसेंगे बादल

Kal Ka Mausam 6 August: देशभर में मॉनसून पूरी तरह सक्रिय है.  राजधानी दिल्ली से लेकर उत्तर भारत के कई राज्यों में पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश हो रही है. बारिश के कारण लोगों को उमस और भीषण गर्मी से राहत मिली है, लेकिन कई इलाकों में लगातार बरसात अब परेशानी का कारण भी बन रही है. 

पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश के चलते नदियां और नाले उफान पर हैं, वहीं केरल और असम समेत कई राज्यों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं. इस बीच भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 6 अगस्त के लिए मौसम का ताजा पूर्वानुमान जारी किया है. मौसम विभाग के अनुसार, देश के 17 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है.

दिल्ली-NCR में बारिश का येलो अलर्ट

राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में मौसम सुहावना बना हुआ है. सप्ताह की शुरुआत से ही दिल्ली-NCR में रुक-रुककर बारिश हो रही है, जिससे तापमान में गिरावट आई है.

मौसम विभाग के मुताबिक, 6 अगस्त को भी दिल्ली-NCR में बादल छाए रहेंगे और मध्यम बारिश होने की संभावना है. इस दौरान अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. बारिश के चलते मौसम में ठंडक बनी रहेगी, हालांकि जलभराव और ट्रैफिक जैसी समस्याओं से लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है.

उत्तराखंड में भारी बारिश का खतरा, ऑरेंज अलर्ट जारी

उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को प्रभावित किया है. कई इलाकों में नदियों और बरसाती नालों का जलस्तर बढ़ गया है। पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा भी बढ़ गया है.

मौसम विभाग ने राज्य में अगले दिन भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. देहरादून समेत कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है. 

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बरसेंगे बादल

उत्तर प्रदेश में भी मॉनसून सक्रिय बना हुआ है. मौसम विभाग के अनुसार, 6 और 7 अगस्त को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना है. पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है, जबकि पश्चिमी यूपी के कई जिलों में भी बारिश का अनुमान जताया गया है. किसानों के लिए यह बारिश राहत लेकर आई है, लेकिन अत्यधिक बारिश वाले इलाकों में जलभराव की समस्या बढ़ सकती है.

बिहार में भी बारिश का सिलसिला जारी

बिहार में पिछले कई दिनों से बारिश का दौर जारी है. मौसम विभाग के अनुसार, 6 से 8 अगस्त के बीच राज्य के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है. लगातार बारिश के कारण निचले इलाकों में पानी भरने की संभावना बनी हुई है. प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं.

इन राज्यों में भी भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने उत्तराखंड, कोंकण और गोवा में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है. वहीं हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल और माहे में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.

इसके अलावा हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, ओडिशा, झारखंड, असम, मेघालय, महाराष्ट्र, कर्नाटक और लक्षद्वीप में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है.

लोगों को सतर्क रहने की सलाह

मौसम विभाग ने भारी बारिश वाले क्षेत्रों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. खासकर पहाड़ी इलाकों में यात्रा करने वाले लोगों को मौसम की स्थिति देखकर ही आगे बढ़ने की अपील की गई है.

मॉनसून की सक्रियता से जहां किसानों और आम लोगों को राहत मिली है, वहीं लगातार बारिश वाले क्षेत्रों में प्रशासन और लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है.

यह भी पढ़ें - Aaj Ka Mausam: 22 राज्यों के लिए अगले 12 घंटे बहुत भारी, IMD ने मूसलाधार बारिश का जारी किया अलर्ट