October 16, 2026

'...तो अपना काम जारी रखूंगा', JNU से बर्खास्तगी के खिलाफ कोर्ट जाएंगे कांग्रेस सांसद अकोइजाम

कांग्रेस सांसद अंगोमचा बिमोल अकोइजाम ने कहा है कि JNU से बर्खास्त किए जाने के फैसले को वह एक-दो दिन में कोर्ट में चुनौती देंगे. यौन उत्पीड़न के आरोपों के बाद JNU ने उन्हें प्रोफेसर के पद से बर्खास्त किया है.

X

कांग्रेस सांसद अकोइजाम ने कहा कि आरोप साबित नहीं हुए तो काम जारी रखूंगा.(Photo-ITG)

कांग्रेस सांसद अकोइजाम ने कहा कि आरोप साबित नहीं हुए तो काम जारी रखूंगा.(Photo-ITG)

कांग्रेस सांसद अंगोमचा बिमोल अकोइजाम ने कहा है कि जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी (JNU) से बर्खास्त किए जाने के फैसले को वह एक-दो दिन में कोर्ट में चुनौती देंगे. यौन उत्पीड़न के आरोपों के बाद JNU ने उन्हें प्रोफेसर के पद से बर्खास्त किया है. अकोइजाम ने कहा कि अगर आरोप साबित नहीं होते हैं तो वह अपना काम जारी रखेंगे.

दिल्ली पुलिस के सामने पेश होने के बाद शुक्रवार को इम्फाल लौटे अकोइजाम ने कहा कि उनके वकील यूनिवर्सिटी के फैसले के खिलाफ मामला दाखिल करने की तैयारी कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि वह चल रही जांच में सहयोग करेंगे और कानूनी रास्ता भी अपनाएंगे. साथ ही उन्होंने मणिपुर के लोगों से शांति और संयम बनाए रखने की अपील की.

अकोइजाम के इम्फाल पहुंचने पर बड़ी संख्या में उनके समर्थक इम्फाल इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उन्हें स्वागत करने पहुंचे. वह गुरुवार रात दिल्ली पुलिस के सामने इस मामले में पेश हुए थे.

मणिपुर पर ध्यान देने की अपील

अकोइजाम ने मीडिया से मणिपुर में मानवीय संकट पर ध्यान देने की अपील की. उन्होंने राहत शिविरों में रह रहे हजारों आंतरिक रूप से विस्थापित लोगों की स्थिति का मुद्दा उठाया. उन्होंने कानून-व्यवस्था, बफर जोन और छात्रों की शिक्षा बाधित होने को लेकर भी चिंता जताई. उन्होंने कहा कि इन लोगों का दर्द उनकी परेशानी से कहीं ज्यादा है. अकोइजाम ने आरोप लगाया कि उनके खिलाफ की गई कार्रवाई उनकी आवाज को दबाने की कोशिश है.

9 अक्टूबर को JNU ने अकोइजाम को यौन उत्पीड़न के आरोपों की जांच के बाद बर्खास्त कर दिया था. वह JNU के स्कूल ऑफ सोशल साइंसेज के सेंटर फॉर द स्टडी ऑफ सोशल सिस्टम्स में प्रोफेसर थे. कम से कम 11 छात्रों ने उनके खिलाफ आरोप लगाए थे. शिकायतकर्ताओं का आरोप था कि उन्होंने बैठकों या कार्यक्रमों के बहाने छात्रों को अपने कैंपस आवास पर बुलाया और उनके साथ कथित तौर पर उत्पीड़न की कोशिश की.

अकोइजाम ने सभी आरोपों से इनकार किया 

दिल्ली पुलिस ने JNU के मुख्य सुरक्षा अधिकारी की शिकायत के आधार पर अकोइजाम के खिलाफ FIR दर्ज की है. उन पर यौन उत्पीड़न और महिला की गरिमा का अपमान करने से संबंधित BNS की धाराओं समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है. हालांकि, अकोइजाम ने सभी आरोपों से इनकार किया है. उन्होंने JNU की इंटरनल कंप्लेंट्स कमेटी की जांच को 'खाप पंचायत' बताया और अपनी बर्खास्तगी को अनुचित कहा. उन्होंने यह भी दावा किया कि उनके खिलाफ की गई सभी शिकायतें राजनीतिक रूप से प्रेरित थीं.

---- समाप्त ----

ये भी देखें

Live TV

aaj tak epaper in hindi