October 21, 2026

Jio IPO को मिला जबरदस्त रिस्पॉन्स, खुलते ही 100 मिनट में फुल सब्सक्राइब हुआ इश्यू - India TV Hindi

शेयर बाजार में जियो प्लेटफॉर्म्स के आईपीओ ने पहले ही दिन धमाल मचा दिया है। कंपनी का पब्लिक इश्यू खुलने के महज 100 मिनट के भीतर ही पूरी तरह सब्सक्राइब हो गया। निवेशकों के इस जबरदस्त रिस्पॉन्स ने इसे भारत के सबसे तेजी से पूरी तरह सब्सक्राइब होने वाले आईपीओ में शामिल कर दिया है। करीब 30,213 करोड़ रुपये के इस इश्यू पर संस्थागत निवेशकों ने शुरुआत से ही जमकर दांव लगाया।

100 मिनट में पूरा भरा जियो का आईपीओ

जियो प्लेटफॉर्म्स का आईपीओ बुधवार को खुला। कंपनी ने इसके लिए प्रति शेयर 1,065 रुपये से 1,119 रुपये का प्राइस बैंड तय किया है। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) की वेबसाइट पर उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, इश्यू खुलने के शुरुआती 10 मिनट में ही क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए आरक्षित हिस्सा पूरी तरह सब्सक्राइब हो गया। 30 मिनट से भी कम समय में इस कैटेगरी में करीब दोगुनी मांग आ गई। इसके बाद QIB कैटेगरी में सब्सक्रिप्शन 2.86 गुना तक पहुंच गया। शुरुआत में पूरे आईपीओ को मिलाकर सब्सक्रिप्शन 0.83 गुना था, लेकिन इश्यू खुलने के 100 मिनट के भीतर ही कुल सब्सक्रिप्शन एक गुना से ऊपर निकल गया।

हुंडई मोटर्स इंडिया का रिकॉर्ड टूटने की उम्मीद

जियो प्लेटफॉर्म्स का यह आईपीओ करीब 30,213 करोड़ रुपये का है। इसके साथ ही कंपनी भारत के सबसे बड़े IPO का रिकॉर्ड अपने नाम कर सकती है। फिलहाल यह रिकॉर्ड हुंडई मोटर्स इंडिया के पास है, जिसने 2024 में 27,870 करोड़ रुपये का आईपीओ पेश किया था। बता दें कि जियो के शेयर का ऊपरी प्राइस बैंड 1,119 रुपये है। इस कीमत के आधार पर कंपनी का वैल्यूएशन करीब 108 अरब डॉलर बैठता है। आईपीओ के तहत कंपनी 27 करोड़ तक नए शेयर जारी कर रही है। इसमें ऑफर फॉर सेल (OFS) शामिल नहीं है, यानी मौजूदा शेयरधारक इस इश्यू के जरिए अपने शेयर नहीं बेच रहे हैं।

एंकर निवेशकों ने भी दिखाई मजबूत दिलचस्पी

पब्लिक इश्यू खुलने से पहले सोमवार को कंपनी ने 212 एंकर निवेशकों को 1,119 रुपये प्रति शेयर की दर से करीब 8,110 करोड़ रुपये के शेयर आवंटित किए थे। रिपोर्ट के मुताबिक, एंकर निवेशकों की ओर से 2.5 लाख करोड़ रुपये से अधिक की बोलियां मिलीं, जो उपलब्ध शेयरों के मुकाबले 30 गुना से ज्यादा मांग को दर्शाती हैं।

टेलीकॉम से आगे बढ़ने की तैयारी में जियो

जियो प्लेटफॉर्म्स अब सिर्फ टेलीकॉम कंपनी बनकर नहीं रहना चाहती। कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर आकाश अंबानी के मुताबिक, जियो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), क्लाउड और डिजिटल सेवाओं के क्षेत्र में अपना कारोबार बढ़ाने पर ध्यान दे रही है। बता दें कि कंपनी के पास 53.33 करोड़ ग्राहक हैं। जियो का लक्ष्य अपने विशाल ग्राहक आधार के साथ डिजिटल सेवाओं और एंटरप्राइज टेक्नोलॉजी से कमाई बढ़ाना है।

Disclaimer: यह न्यूज सिर्फ जानकारी के लिए है। निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से सलाह जरूर लें।

यह भी पढ़ें- क्या निवेशकों के लिए कमाई का बड़ा मौका है Jio का IPO? अप्लाई करने से पहले जान लें बड़ी वजहें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। IPO से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा।