July 17, 2026

Jharkhand Weather : रांची समेत 14 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, 50 किमी प्रति घंटे तक चलेंगी हवाएं

Ranchi :  झारखंड में मौसम में उतार-चढ़ाव जारी है. कभी बारिश तो कभी कड़ी धूप निकली रही है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के रांची मौसम केंद्र की मानें तो राज्य में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदला-बदला रहेगा. 

IMD ने 17 से 21 जुलाई तक राज्य के कई जिलों में भारी बारिश, मेघ गर्जन, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है. मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है.

इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

17 जुलाई को रांची, लोहरदगा, गुमला, खूंटी पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, हजारीबाग और रामगढ़ में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है. इस दौरान मेघ गर्जन, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी. 

18 जुलाई को भी रांची, लोहरदगा, गुमला, खूंटी, पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, हजारीबाग और रामगढ़ में भारी बारिश की संभावना है. जबकि 19 और 20 जुलाई को दक्षिण-पश्चिमी और मध्य झारखंड के कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है.

21 जुलाई को भारी बारिश का अलर्ट नहीं है. लेकिन राज्य के कई हिस्सों में वज्रपात और तेज हवाएं चलने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार, मौसम बदलने से अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है.

मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े न हों. वज्रपात और तेज हवा के समय सुरक्षित स्थान पर रहें और मौसम विभाग की सलाह का पालन करें

बालूमाथ में सबसे अधिक 100 मिमी हुई बारिश

बता दें कि झारखंड में लगातार बारिश हो रही है. इसके बावजूद अब तक सामान्य से 40 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है. 1 जून से 17 जुलाई तक राज्य में सामान्य 359.8 मिमी बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन अब तक केवल 216.8 मिमी बारिश हुई है. गढ़वा, चतरा और कोडरमा जिले में सबसे कम बारिश हुई है.

वहीं पिछले 24 घंटे में लातेहार जिले के बालूमाथ में सबसे अधिक 100 मिमी बारिश दर्ज की गई. इसके अलावा सिमडेगा में 78.4 मिमी, कुरडेग में 67.4 मिमी और चंदवा में 64.4 मिमी बारिश हुई. बोकारो थर्मल में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. जबकि लातेहार में सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस रहा.

कोडरमा और गिरिडीह में रेयर अर्थ के आकलन को मिलेगी रफ्तार
वोटर लिस्ट में नाम नहीं होने से नागरिकता अपने आप खत्म नहीं हो जाती,  पश्चिम बंगाल SIR पर सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें