August 10, 2026

Jharkhand Students Protest: ‘छात्रों के खिलाफ बल का इस्तेमाल सही नहीं’, प्रदर्शनकारियों पर आंसू गैस के गोले छोड़ने पर राहुल गांधी नाराज

देश

  • Edited by: पीयूष कुमार
  • Updated Aug 10, 2026, 06:25 PM IST

Jharkhand Students Protest: झारखंड की राजधानी रांची में JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों को लेकर छात्रों का आंदोलन जारी है। सरकार के साथ कई दौर की बातचीत बेनतीजा रहने के बाद प्रदर्शनकारी छात्रों ने विधानसभा घेराव का ऐलान किया। इस दौरान छात्रों और पुलिस के बीच झड़प हुई, जिसके बाद पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े।

Image

JPSC-JSSC छात्रों के प्रदर्शन पर बवाल, पुलिस कार्रवाई पर राहुल गांधी ने जताई नाराजगी। ANI

Photo :

ANI

Jharkhand Students Protest: झारखंड की राजधानी रांची में JPSC और JSSC परीक्षाओं में गड़बड़ियों को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्र आज विधानसभा का घेराव कर रहे हैं। राज्य सरकार के साथ कई दौर की वार्ता फेल होने के बाद छात्रों ने अपना आंदोलन जारी रखने का फैसला लिया है। इसी दौरान प्रदर्शनकारी और पुलिस की भिड़ंत हो गई है और इस दौरान पुलिस ने भीड़ पर आंसू गैस के गोले छोड़ दिए हैं।

इस झड़प को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने चिंता जाहिर की है। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि झारखंड में विरोध-प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ बल का इस्तेमाल सही नहीं है। उन्होंने कहा कि छात्रों को शांतिपूर्ण तरीके से विरोध करने का अधिकार है और किसी भी समस्या का समाधान बातचीत के जरिए ही निकाला जा सकता है।

‘छात्रों की बात सुने सरकार’

राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में झारखंड सरकार से छात्रों की मांगों और समस्याओं को गंभीरता से सुनने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार को छात्रों के साथ संवाद बनाए रखना चाहिए और उनकी समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाना चाहिए। कांग्रेस नेता ने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन लोकतांत्रिक अधिकार है और छात्रों के मुद्दों को बल प्रयोग के बजाय बातचीत के जरिए सुलझाने की कोशिश होनी चाहिए।

वहीं, मीडिया से बातचीत करते हुए राहुल गांधी ने कहा," झारखंड के छात्रों के लिए मेरा संदेश स्पष्ट है। हम शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ किसी भी प्रकार की हिंसा की निंदा करते हैं, चाहे वह कहीं भी हो। हम इसकी निंदा करते हैं; हम इसके खिलाफ हैं; हम इसका समर्थन नहीं करते। इस मामले में हम बिल्कुल स्पष्ट हैं, हमारे मन में कोई संदेह नहीं है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन पर हिंसा करना गलत है।"

कई प्रदर्शनकारी घायल

बता दें कि पुलिस के साथ झड़प के दौरान कई प्रदर्शनकारी घायल हो गए। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन करने के बावजूद पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज किया।

एक प्रदर्शनकारी, पीयूष कुमार सोनी ने लाठीचार्ज को "बर्बर" बताया। एक अन्य प्रदर्शनकारी, विक्रम कुमार ने दावा किया कि कई महिला छात्राएं भी घायल हुईं और प्रदर्शनकारियों के सिर, हाथ और चेहरे पर चोटें आईं। पुलिस कार्रवाई के दौरान कथित तौर पर घायल हुए एक व्यक्ति को स्ट्रेचर पर एम्बुलेंस में ले जाते हुए भी देखा गया।

झारखंड में छात्रों का प्रदर्शन जारी

झारखंड में बड़ी संख्या में छात्र और नौकरी के अभ्यर्थी अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान पुलिस की भारी तैनाती की गई है। रांची में विधायकों के आवासीय परिसर के आसपास भी छात्रों की भीड़ जुटी थी, जिसके बाद इलाके में तनाव की स्थिति बनी। प्रदर्शन के दौरान पुलिस की ओर से लाठीचार्ज किए जाने की बात भी सामने आई है। इस दौरान एक व्यक्ति के घायल होने और उसे स्ट्रेचर पर एंबुलेंस तक ले जाए जाने की तस्वीरें सामने आई थीं।

छात्रों के प्रदर्शन और पुलिस कार्रवाई के बीच अब राहुल गांधी के बयान से यह मुद्दा राजनीतिक रूप से भी गरमा सकता है। कांग्रेस नेता ने स्पष्ट किया है कि सरकार को छात्रों की मांगों पर बातचीत करनी चाहिए और बिना देरी किए समाधान की दिशा में कदम उठाना चाहिए।

Piyush Kumar

पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें

  • Hindi News
  • India

End of Article