
बुजुर्ग महिला की पीट-पीटकर हत्या
Jharkhand Crime News: झारखंड की उपराजधानी दुमका जिले में भीड़ ने एक लगभग 84 वर्षीय वृद्ध महिला पर डायन बिसाही होने का आरोप लगाते हुए उनकी बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी. मृतक महिला की पहचान ढेंगी हांसदा के रूप में की गई है. ये मामला दुमका के जरमुंडी प्रखंड के तालझारी थाना क्षेत्र का है. इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तालझारी थाना पुलिस ने 10 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है. छह महिलाओं को इस मामले में गिरफ्तार किया है.
एक किशोरी को भी हिरासत में लिया गया है, जबकि तीन अन्य पुरुष अभी फरार हैं. फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है. जानकारी के मुताबिक, तालझारी थाना क्षेत्र के नेमारीपाथर गांव में दो दिन पहले बीमारी से एक वृद्ध महिला की मौत हो गई थी. उस महिला की मौत के बाद से ही उसके घर वालों को पड़ोस में रहने वाली ढेंगी हांसदा पर शक था.
मृतक महिला की बेटी ने कराई FIR
ढेंगी हांसदा पर मृतक महिला के घरवालों को ये शक था कि उन्होंने डायन बिसाही, काला जादू कर महिला को बीमार करके मार दिया. इसी शक के आधार पर लगभग 8 से 10 लोगों की भीड़ ने वृद्ध महिला ढेंगी हांसदा की लाठी-डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी. मृतक वृद्ध महिला की बेटी सूरजमुनि ने तालझारी थाने में अंधविश्वास और डायन बिसाही का आरोप लगाकर मां की हत्या को लेकर प्राथमिकी दर्ज कराई.
थाना में दिए गए आवेदन में मृतक महिला कि बेटी ने बताया कि घटना के दिन वो और मां घर में साथ बैठी थीं. उसी वक्त गांव की छितामुनि हांसदा, मकोदी किस्कू कुछ महिलाओं के साथ हमारे घर पहुंच गईं. वो सब उनकी मां को डायन बोलकर गाली-गलौज करने लगीं. इतने में मकोदी और छितामुनि घर में घुस गईं. छितामुनि ने मां से कहा कि तुम मेरी मां को खा गई हो.
डायन कहकर मां को बेरहमी से मार डाला
यह बोलकर उन दोनों ने मेरी मां का बाल पकड़कर उनको घर के अंदर से बाहर निकाला. फिर अपने घर की ओर खींचकर ले जाने लगीं. उनके घर के बाहर पहले से मौजूद अन्य लोगों ने उनकी मां को डायन कहा और लाठी-डंडों से पीट पीटकर बेरहमी से मार डाला. इस मामले में मृतक महिला की बेटी सूरजमुनि की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज करते हुए पुलिस ने छह महिलाओं की गिरफ्तारी की है.
गिरफ्तार महिलाओं का नाम मकोदी किस्कू, रनिया हांसदा, छितामुनि हांसदा, शांति मुर्मू, फुलमुनी सोरेन और लोगाई हांसदा है. एक किशोरी को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है. हत्याकांड में शामिल तीन अन्य पुरुष सदस्य जो फिलहाल फरार है उनकी गिरफ्तारी के लिए ताबड़तोड़ छापेमारी की जा रही है. साथ ही पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त लाठी-डंडे भी जब्त किए हैं.
ये भी पढ़ें: 1989 में राजनीति में एंट्री दो बार हार के बाद MLA से कैबिनेट मंत्री तक का सफर कौन थे JMM के चाणक्य और सीएम सोरेन के करीबी सुदिव्य कुमार सोनू ?

अशोक कुमार
अशोक कुमार को पत्रकारिता के क्षेत्र में 7 वर्षों से अधिक का अनुभव है. राजनीति, क्राइम और ऑफबीट खबरों में दिलचस्पी रखने के कारण इन क्षेत्रों की खबरों पर बेहतरीन पकड़ है. नई जगहों को एक्सप्लोर करने के साथ पढ़ने-लिखने का शौक रखते हैं. झारखंड की स्थानीय न्यूज़ चैनल में विभिन्न पदों पर काम करने के साथ-साथ, इन्होंने एपीएन न्यूज़ में बतौर ब्यूरो चीफ के रूप में भी काम किया है. अशोक कुमार ने झारखंड में पिछले 7 वर्षों के दौरान हुई छोटी-बड़ी राजनीतिक हलचलों को रिपोर्ट किया है. वर्तमान में वो टीवी9 डिजिटल से जुड़े हैं.
Read More