September 7, 2026

फर्रुखाबाद में बिजली चोरी की जांच करने पहुंची टीम पर हमला, JE का हाथ टूटा; Video वायरल

फर्रुखाबाद में बिजली चोरी की जांच करने पहुंची टीम पर हमला, JE का हाथ टूटा; Video वायरल

बिजली विभाग के जेई के साथ मारपीट करते लोग.

Farrukhabad News: उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में बिजली चोरी की जांच करने पहुंची बिजली विभाग की टीम पर हमला करने का मामला सामने आया है. फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र में एक उपभोक्ता के यहां जांच के दौरान विवाद हो गया. देखते ही देखते कुछ लोगों ने बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर (JE) के साथ मारपीट शुरू कर दी. इस घटना में JE का हाथ टूट गया है. मामले में पुलिस को तहरीर दी गई है. JE के साथ मारपीट का वीडियो भी वायरल हो रहा है.

बिजली मित्र की शिकायत पर पहुंची थी टीम

जानकारी के मुताबिक, बिजली मित्र की शिकायत के बाद बिजली विभाग की टीम बिजली चोरी की जांच करने के लिए एक उपभोक्ता के घर पहुंची थी. टीम में SDO अजय, JE मुख्तार हुसैन और विभाग के अन्य कर्मचारी शामिल थे. टीम जांच कर रही थी, तभी वहां विवाद की स्थिति पैदा हो गई. आरोप है कि कुछ लोगों ने JE मुख्तार हुसैन पर हमला कर दिया.

ये भी पढ़ें- दूल्हा बना शूटर! शादी में 5 सेकंड में 17 राउंड फायरिंग का VIDEO वायरल, पुलिस जांच में जुटी

सड़क पर गिर पड़े JE

बताया जा रहा कि मारपीट के दौरान JE मुख्तार हुसैन सड़क पर गिर पड़े. घटना के दौरान कुछ लोग उनके साथ मारपीट करते दिखाई दिए, जबकि कुछ अन्य लोग बीच-बचाव करने की कोशिश कर रहे थे. मारपीट में JE को गंभीर चोटें आईं. विभागीय अधिकारियों के अनुसार, उनका हाथ टूट गया है.

SDO ने दी जानकारी

SDO अजय ने बताया कि बिजली चोरी की जांच के दौरान JE मुख्तार हुसैन के साथ मारपीट की गई. उन्होंने कहा कि घटना में JE का हाथ टूट गया है और मामले की शिकायत पुलिस से की गई है. घटना के बाद बिजली विभाग की ओर से पुलिस को लिखित तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है.

मेडिकल जांच के लिए भेजा गया JE

पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद घायल JE को मेडिकल जांच के लिए भेज दिया है. पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि जांच के दौरान विवाद कैसे शुरू हुआ और मारपीट में कौन-कौन लोग शामिल थे. फिलहाल पुलिस तहरीर और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रही है. घटना के बाद बिजली विभाग के कर्मचारियों में भी नाराजगी देखने को मिल रही है.

(रिपोर्ट- शिव कुमार मिश्रा/फर्रुखाबाद)

आशीष कुमार मिश्रा

आशीष कुमार मिश्रा

आशीष कुमार मिश्रा की 6 साल से जर्नलिज्म की Journey जारी है. दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र को बनाने में अहम योगदान भारत के राज्यों का है. इन राज्यों से जुड़ी हर खटपट, चाहे राजनीतिक हो या सामाजिक, वो आप तक पहुंचाने में जुटा हुआ हूं. उत्तर प्रदेश समेत देश के तमाम बड़े राज्यों की सियासत को समझता हूं और बेबाकी से उसे लिखता हूं. जर्नलिज्म की Journey 2017 में न्यूज चैनल समाचार टुडे से स्टार्ट हुई, फिर नेशनल वॉइस के साथ भी काम करने का मौका मिला. दो न्यूज चैनलों में काम करने के बाद डिजिटल की तरफ में रुख किया. 2018 में पहली बार हैदराबाद में ईटीवी भारत की डिजिटल विंग टीम से जुड़ा. यहां साढ़े 3 साल का समय बिताने के बाद 2021 में दैनिक भास्कर (लखनऊ) की टीम से जुड़ा. अब यह सफर 2022 से टीवी9 भारतवर्ष के साथ चल रहा है. पत्रकारिता का मैंने ककहरा दैनिक जागरण इंस्टीट्यूट से सीखा. यहीं से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की.

Read More

google button