बक्सर-पटना एनएच-922 पर सोमवार सुबह प्रतापसागर के पास सड़क हादसा हुआ। बालू लदे एक ट्रेलर ने सड़क पर खड़े दूसरे ट्रेलर को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे चालक और खलासी की मौत हो गई।
.
टक्कर इतनी तेज थी कि बालू लदे ट्रेलर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। केबिन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार दोनों लोग अंदर ही फंस गए। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
केबिन बुरी तरह दबने से शवों को बाहर निकालना मुश्किल था। जेसीबी की मदद से क्षतिग्रस्त केबिन हटाकर दोनों शवों को बाहर निकाला गया।
मृतकों की पहचान उत्तर प्रदेश के महराजगंज निवासी चालक रामानंद यादव (25) और खलासी इंद्रजीत भारती (22) के रूप में हुई।
घटना से जुड़ी तस्वीरें देखिए….

हादसे में केबिन के परखच्चे उड़ गए।

चालक और खलासी की मौत हो गई।

मौके पर भीड़ जुट गई।

उत्तर प्रदेश के महराजगंज के रहने वाले थे दोनों मृतक।

जेसीबी से केबिन काटकर दोनो के शव बाहर निकाला।
परिजनों को दी गई हादसे की सूचना
शवों को पोस्टमार्टम के लिए पुराने सदर अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। नया भोजपुर थाने के एसआई शंभू कुमार ने बताया कि सड़क पर पहले से एक ट्रेलर खड़ा था।
इसी दौरान पीछे से आ रहे बालू लदे दूसरे ट्रेलर ने उसमें टक्कर मार दी। दुर्घटना में चालक और खलासी की मौके पर ही मौत हो गई।
दोनों उत्तर प्रदेश के महराजगंज के रहने वाले थे। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है।

स्थानीय प्रत्यक्षदर्शी सुदीप यादव ने बताया कि, ‘घटना सुबह पांच बजे की है। कोइलवर की तरफ से बालू लेकर ट्रक गोरखपुर जा रहा था। तभी प्रताप सागर के पास पहले से आगे खड़ी यहां ट्रक में जोरदार टक्कर मार दिया, ट्रक के चालक और खलासी की केबिन में फंसकर मौत हो गई। जेसीबी से केबिन काटकर दोनो के शव को बाहर निकाला गया।’


सड़क किनारे खड़े भारी वाहन बन रहे खतरा
प्रतापसागर में हुए इस हादसे ने एनएच-922 पर सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों की निगरानी को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सड़क पर खड़े भारी वाहनों से पीछे से आने वाले वाहनों के टकराने का खतरा बना रहता है। खासकर तेज रफ्तार और कम दृश्यता की स्थिति में ऐसे वाहन गंभीर दुर्घटनाओं का कारण बन सकते हैं।
प्रतापसागर की घटना में दो लोगों की जान चली गई। लोगों ने संबंधित विभाग से सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों की स्थिति, नियमित निगरानी और दुर्घटना रोकने के इंतजामों की समीक्षा करने की मांग की है, ताकि एनएच-922 पर सफर करने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।