जापान में रविवार तड़के भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए. जिससे लोगों में दहशत फैल गई. रिक्टर स्केल पर भूकंप की प्रारंभिक तीव्रता 5.9 मापी गई है. भूकंप का असर पूर्वी जापान के कई इलाकों के साथ राजधानी टोक्यो में भी महसूस हुआ. अधिकारियों के मुताबिक, भूकंप में 23 लोग घायल हुए हैं, हालांकि इनमें ज्यादातर लोगों को मामूली चोटें आई हैं. राहत की बात यह है कि भूकंप के बाद सुनामी का कोई खतरा नहीं बताया गया.
जापान मौसम विज्ञान एजेंसी के मुताबिक, भूकंप दक्षिणी इबाराकी प्रांत में आया. इसका केंद्र जमीन से करीब 70 किलोमीटर नीचे था. यह इलाका जापान के उन क्षेत्रों में शामिल है, जहां अक्सर भूकंप आते रहते हैं. अमेरिकी भूगर्भ सर्वेक्षण ने भूकंप की प्रारंभिक तीव्रता 5.8 बताई है.
23 लोग जख्मी
अधिकारियों के अनुसार, चार प्रांतों में कुल 23 लोगों के घायल होने की सूचना है. इनमें सैतामा में 9, कानागावा में 9, चिबा में 4 और इबाराकी में एक शख्स जख्मी हुआ है. जिस समय भूकंप आया उस समय सभी लोग सो रहे थे. अचानक तेज झटके आने से लोग गिर गए या फर्नीचर और दरवाजों से टकरा गए. रिपोर्ट के मुताबिक कानागावा के योकोहामा में 80 साल से अधिक उम्र की एक महिला बिस्तर से गिर गईं, उनके कूल्हे में गंभीर चोट आई है.
ट्रेनों की रफ्तार पर असर
इधर भूकंप की वजह से टोक्यो और नारिता एयरपोर्ट के बीच चलने वाली एक्सप्रेस ट्रेनों के संचालन में देरी हुई. वहीं पूर्वोत्तर इलाकों की कुछ लोकल ट्रेनें भी प्रभावित हुईं. हालांकि, ईस्ट जापान रेलवे के मुताबिक, शिंकानसेन बुलेट ट्रेन सेवाएं सामान्य रूप से चलती रहीं. यहां किसी तरह की कोई रुकावट नहीं आई.
प्रधानमंत्री ने बनाई टास्क फोर्स
वहीं जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया है, जिसमें उन्होंने बताया कि सरकार ने संभावित नुकसान का आकलन करने के लिए एक टास्क फोर्स का गठन किया है. भूकंप के झटकों के बाद मोबाइल फोन पर आपातकालीन चेतावनी भी जारी की गई.
टोक्यो में बिजली गुल
भूकंप के तेज झटकों से टोक्यो बुरी तरह हिल गया. टोक्यो के कोटो इलाके में भूमिगत पानी की पाइपलाइन फट गई, जिससे सड़क पर पानी भर गया. बाद में कर्मचारियों ने पाइप की मरम्मत कर रिसाव रोक दिया. भूकंप के कारण टोक्यो में करीब 460 घरों की बिजली भी चली गई थी, जिसे रविवार सुबह तक बहाल कर दिया गया.परमाणु नियामक प्राधिकरण ने कहा कि उसे लगभग एक दर्जन परमाणु ऊर्जा संयंत्रों और परमाणु सामग्री को संभालने वाली अन्य सुविधाओं से किसी भी प्रकार की अनियमितता की रिपोर्ट नहीं मिली है.
पिछले महीने भी आया था भूकंप
जापान में पिछले महीने क्यूशू द्वीप के कुमामोटो इलाके में 7.1 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया था. इस हादसे में 38 लोगों की मौत हुई थी, जबकि 364 लोग घायल हुए थे. भूकंप से 1,500 से अधिक इमारतें पूरी तरह नष्ट और करीब 20,000 इमारतें क्षतिग्रस्त हुई थीं.

जूही उरूषा खान
जूही उरूषा खान पिछले 12 साल से पत्रकारिता से जुड़ी हुई हैं. भोपाल के माखनलाल चतुर्वेदी विश्वविद्यालय से फिल्म जर्नलिज्म की पढ़ाई की. इसके बाद दिल्ली आकर BAG में एंटरटेनमेंट बीट पर इंटर्नशिप की. बाद में CNEB न्यूज चैनल में एंटरटेनमेंट बीट में बतौर ट्रेनी रिपोर्टर काम किया, साथ ही प्रोग्रामिंग को भी देखा.<p></p>CNEB के बाद VOICE OF INDIA में एंटरटेनमेंट बीट पर बतौर असिस्टेंट प्रोड्यूसर काम करना शुरू किया. यहां से फिर जनसंदेश न्यूज चैनल के साथ जुड़ीं और प्रोग्रामिंग में काम किया. इसके बाद 4 REAL NEWS चैनल में करीब चार साल न्यूज के साथ ही प्रोग्रामिंग और धार्मिक शोज पर काम किया.<p></p>यहां से राज्यसभा टीवी का रुख किया और प्रोग्रामिंग में काम किया. इसके साथ ही एंकरिंग करना भी शुरू की. इसके बाद सूर्या समाचार में प्रोग्रामिंग में एंटरटेनमेंट बीट पर बतौर प्रोड्यूसर काम किया.<p></p>जी बिहार झारखंड में भी काम करने का अनुभव है. फिलहाल टीवी9 भारतवर्ष से जुड़ी हुई हैं.
Read More